Rain Alert: देश के कई राज्यों में 14 जुलाई को मौसम बिगड़ने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश, आंधी, गरज-चमक और 55 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. पूर्वी, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में गर्मी और उमस बनी रहने का अनुमान है. IMD का कहना है कि भारी बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिना जरूरी काम के यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.
वहीं, दिल्ली-एनसीआर में 14 जुलाई को मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. IMD ने यहां हल्की बारिश, बादल छाए रहने और उमस का अनुमान जताया है, लेकिन भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. इसलिए दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद और अन्य एनसीआर शहरों में 14 जुलाई के लिए स्कूलों की छुट्टी की कोई घोषणा नहीं की गई है. फिलहाल स्कूल सामान्य रूप से खुलने की उम्मीद है. हालांकि, मौसम की स्थिति बदलने पर जिला प्रशासन नए निर्देश जारी कर सकता है.
दिल्ली में 36 डिग्री पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि, मौसम विभाग ने बिहार, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है. वहीं, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या छिटपुट बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
- 20 से अधिक राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं.. रहें सतर्क
- मौसम का दिखेगा तांडव! 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में फिर पसीना छुड़ाएगी गर्मी
- कपास की फसल पर सफेद मक्खी का हमला, कृषि वैज्ञानिकों ने जारी की एडवाइजरी.. तुरंत करें ये काम
- एक्सप्रेसवे पर फुर्ती, किसानों पर सुस्ती! प्याज उत्पादक संघ ने सरकार से की तुरंत आर्थिक सहायता देने की मांग
बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी
उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है. IMD ने राज्य के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है. रविवार को हुई लगातार बारिश के कारण राज्य में कई जगह भूस्खलन हुआ, जिससे 126 सड़कें, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं, बंद हो गए. देहरादून में एक दीवार गिरने से एक महिला घायल हो गई, जबकि सात परिवारों को अपने घर खाली करने पड़े. वहीं, स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन के कारण लगातार तीन दिन तक बंद रहे यमुनोत्री हाईवे को खोलने का काम जारी है.
ओडिशा में भी भारी बारिश का अनुमान
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 14 जुलाई को ओडिशा में भी भारी बारिश का अनुमान है और कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.