Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 जुलाई को उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में तेज बारिश होने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक, उत्तराखंड में सबसे ज्यादा बारिश हो सकती है. राज्य के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
आईएमडी ने कहा कि यह बारिश ऐसे समय हो रही है, जब दक्षिण-पश्चिम मानसून 9 जुलाई को पूरे देश में पहुंच चुका है. सामान्य तौर पर मानसून 8 जुलाई तक पूरे भारत को कवर कर लेता है, लेकिन इस बार यह सिर्फ एक दिन की देरी से पूरे देश में सक्रिय हुआ है. दिल्ली-एनसीआर में 9 जुलाई की आधी रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक जारी रही. लगातार बारिश के कारण कई जगह जलभराव, पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आईं. मौसम विभाग ने शुक्रवार तक और बारिश होने की संभावना जताई है.
दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में होगी भारी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 10 जुलाई को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का अनुमान है. आईएमडी ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, झारखंड, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने को कहा गया है.
- 20 से अधिक राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं.. रहें सतर्क
- किसानों को राहत! PDP योजना को मिली मंजूरी, आम उत्पादकों को मिलेगा 1747 रुपये क्विंटल रेट
- 1.80 लाख किसानों का कर्ज माफ होगा, सरकार इस योजना के तहत भरेगी 1632.12 करोड़ रुपये
- बेबी कॉर्न से होगी बंपर कमाई, वैज्ञानिक भी दे रहे हैं खेती करने की सलाह.. 60 दिनों में फसल तैयार
उत्तर और पूर्वी भारत में बारिश का यह दौर अभी थमने वाला नहीं है
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और पूर्वी भारत में बारिश का यह दौर अभी थमने वाला नहीं है. कुछ पूर्वी राज्यों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना है. आईएमडी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) और उत्तर भारत में सक्रिय मानसूनी ट्रफ इस समय भारी बारिश की मुख्य वजह हैं. मौसम विभाग के अनुसार, यह मौसम प्रणाली अगले 24 घंटे में धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगी और कमजोर पड़ेगी. इसके बावजूद उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के कई हिस्सों में व्यापक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी का कहना है कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले कई दिनों तक हल्की से लेकर भारी बारिश होने की संभावना बनी रहेगी. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने और जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है. आईएमडी के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में सप्ताहांत (वीकेंड) तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. इससे उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना रहेगा. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखें.