देश के 23 राज्यों में 9 जुलाई को मानसून का असर और तेज रहने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. खराब मौसम के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित होने और जलभराव जैसी समस्याएं पैदा होने की आशंका है.आईएमडी ने कहा है कि मुंबई में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भी बारिश और आंधी-तूफान का पूर्वानुमान जारी किया गया है. लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
भारतीय मौसम विभाग ने 9 जुलाई के लिए 23 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है. दिल्ली में भी 9 जुलाई को तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना है. बारिश के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है. राजधानी में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश के इन जिलों में होगी बारिश
वहीं, उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, अयोध्या, प्रयागराज, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में कुछ स्थानों पर 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान घर के अंदर रहने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है.
- 13 राज्यों में मौसम का डबल अटैक, भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी
- किसानों को राहत! PDP योजना को मिली मंजूरी, आम उत्पादकों को मिलेगा 1747 रुपये क्विंटल रेट
- 1.80 लाख किसानों का कर्ज माफ होगा, सरकार इस योजना के तहत भरेगी 1632.12 करोड़ रुपये
- बेबी कॉर्न से होगी बंपर कमाई, वैज्ञानिक भी दे रहे हैं खेती करने की सलाह.. 60 दिनों में फसल तैयार
बिहार में कैसा रहेगा मौसम का हाल
आईएमडी के अनुसार पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, कटिहार, भागलपुर और बेगूसराय समेत बिहार के कई जिलों में 9 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 60 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक की भी संभावना है. बारिश से उमस से राहत मिलेगी, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 जुलाई तक बिहार में कई दौर की भारी बारिश जारी रह सकती है. इससे कई जगह जलभराव, ट्रैफिक जाम और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो सकती है.
उत्तराखंड और हिमाचल में भी भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश की संभावना है. यहां 65 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, सोलन, चंबा और ऊना में भी भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 60 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में आने वाले पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि बारिश के कारण सड़कें प्रभावित हो सकती हैं.
जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में येलो अलर्ट
आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, उधमपुर, कठुआ, शोपियां, कुपवाड़ा और डोडा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में बारिश के साथ 60 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से मौसम में अचानक होने वाले बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है.