यूपी-बिहार से MP-झारखंड तक मॉनसून का कहर, 3 दिन के लिए भारी बारिश का IMD अलर्ट

Heavy Rainfall Alert: IMD ने यूपी, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पूर्वी और मध्य भारत में कुछ जगह बहुत भारी बारिश की संभावना है. दिल्ली-NCR में भी बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 25 Aug, 2026 | 04:29 PM

IMD Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र इस बारिश की मुख्य वजह है. इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

यूपी-बिहार में अगले तीन दिन बारिश

IMD के अनुसार, 25 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं बिहार और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में अच्छी बारिश हुई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के बाद यूपी में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आ सकती है.

MP, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी अलर्ट

मध्य भारत में भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25 से 27 अगस्त के दौरान भारी बारिश हो सकती है. वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 26 से 29 अगस्त तक बारिश का अनुमान है. झारखंड में 25 से 29 अगस्त के बीच कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. बिहार में 25 से 27 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है. ओडिशा में 28 से 30 अगस्त के दौरान बहुत भारी बारिश हो सकती है.

उत्तराखंड समेत पहाड़ी राज्यों में भी बारिश

उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भी मौसम सक्रिय रहेगा. उत्तराखंड में 25-26 अगस्त और फिर 30-31 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 25 से 31 अगस्त के दौरान कई जगह बारिश का अनुमान है. पूर्वी राजस्थान में 25-26 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है. 27 अगस्त को कुछ इलाकों में आंधी के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है.

दिल्ली-NCR में बारिश से तापमान गिरा

दिल्ली-NCR में पिछले 24 घंटे में हुई बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया है. अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. 25 अगस्त को दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. शाम से रात के दौरान कई जगह हल्की और कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 26 अगस्त को भी सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगह बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि, सप्ताह के अंत तक बारिश कम होने के साथ तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश

IMD ने पूर्वोत्तर भारत के लिए भी बारिश का अलर्ट जारी किया है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 25 से 31 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई दिनों तक बारिश का अनुमान है. 29-30 अगस्त को इन राज्यों में बहुत भारी बारिश हो सकती है.

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश?

पिछले 24 घंटे में झारखंड के पलामू में सबसे ज्यादा 19 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके बाद आजमगढ़ सदर में 18 सेमी, मेघालय के मावककरवाट में 18 सेमी, छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 17 सेमी और ओडिशा के बडकोट में 16 सेमी बारिश हुई. दिल्ली में दिल्ली विश्वविद्यालय और आया नगर में भी 10-10 सेमी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल देश में दो मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं. इनके असर से मध्य और पूर्वी भारत में बारिश का दौर जारी है. ऐसे में अगले कुछ दिनों तक लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट और IMD की चेतावनियों पर नजर रखनी चाहिए.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़