111 लाख हेक्टेयर के पार पहुंची सोयाबीन बुवाई, अच्छी बारिश से फसल मजबूत.. बेहतर पैदावार की उम्मीद

खरीफ 2026 में सोयाबीन की बुवाई 111 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में पहुंच गई है. SOPA के अनुसार अच्छी बारिश से अधिकांश राज्यों में फसल की बढ़वार बेहतर है. हालांकि, महाराष्ट्र और राजस्थान के कुछ इलाकों में कमजोर अंकुरण की समस्या सामने आई है. फिलहाल फसल स्वस्थ है और इस साल अच्छी पैदावार की उम्मीद जताई गई है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 22 Jul, 2026 | 08:36 AM

Soybean Sowing: खरीफ 2026 सीजन में सोयाबीन की फसल की शुरुआत अच्छी रही है. सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SOPA) ने कहा है कि देशभर में 111 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सोयाबीन की बुवाई हो चुकी है और मौजूदा मौसम को देखते हुए फसल की स्थिति संतोषजनक है. SOPA के कार्यकारी निदेशक डीएन पाठक ने कहा कि प्रमुख सोयाबीन उत्पादक राज्यों में अच्छी बारिश हुई है, जिससे फसल की बढ़वार बेहतर है. खासकर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में फसल की स्थिति अच्छी बताई गई है.

हालांकि, महाराष्ट्र और राजस्थान के कुछ इलाकों में कम या असमान बारिश की वजह से बीजों का अंकुरण  कमजोर रहा है या कुछ जगहों पर फसल नहीं उग पाई है. लेकिन इसका असर कुल फसल पर ज्यादा नहीं माना जा रहा है. SOPA ने हाल ही में खरीफ 2026 के लिए सोयाबीन बुवाई और फसल की स्थिति का त्वरित सर्वे किया था. सर्वे के मुताबिक, देश में करीब 111.08 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सोयाबीन की बुवाई हुई है. वहीं, कृषि मंत्रालय के अनुसार अब तक 108.48 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई दर्ज की गई है.

सोयाबीन का कुल रकबा आगे और बढ़ सकता है

बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, SOPA का कहना है कि अभी कई इलाकों से अंतिम आंकड़े आने बाकी हैं, इसलिए सोयाबीन का कुल  रकबा आगे और बढ़ सकता है. फिलहाल मौसम और फसल की स्थिति को देखते हुए इस साल अच्छी पैदावार की उम्मीद है. SOPA और सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में अब तक करीब 51.38 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सोयाबीन की बुवाई हो चुकी है. यह देश में सबसे अधिक है.

महाराष्ट्र में 42.45 लाख हेक्टेयर सोयाबीन का रकबा

वहीं महाराष्ट्र में SOPA ने सोयाबीन का रकबा 42.45 लाख हेक्टेयर बताया है, जबकि कृषि मंत्रालय के अनुसार 17 जुलाई तक यह 40.13 लाख हेक्टेयर है. यानी SOPA का अनुमान सरकारी आंकड़ों से थोड़ा ज्यादा है. राजस्थान में दोनों के अनुसार 8.45 लाख हेक्टेयर और तेलंगाना में 1.36 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सोयाबीन की बुवाई हुई है.

कर्नाटक में कितने लाख हेक्टेयर में हुई बुवाई

कर्नाटक में SOPA ने बुवाई का रकबा 3.56 लाख हेक्टेयर बताया है, जबकि सरकारी आंकड़ा 3.33 लाख हेक्टेयर है. वहीं गुजरात में दोनों के आंकड़े समान हैं और यहां 2.48 लाख हेक्टेयर में सोयाबीन की बुवाई हुई है. SOPA के कार्यकारी निदेशक डी.एन. पाठक ने कहा है कि अधिकांश सोयाबीन उत्पादक  इलाकों में फसल की बढ़वार अच्छी है. खेतों में खरपतवार नियंत्रण भी प्रभावी रहा है, जिससे ज्यादातर खेत साफ हैं. इसके अलावा अब तक निरीक्षण के दौरान फसल में किसी बड़े कीट या बीमारी का प्रकोप नहीं मिला है. इसलिए इस समय सोयाबीन की फसल अच्छी स्थिति में मानी जा रही है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 22 Jul, 2026 | 08:32 AM

लेटेस्ट न्यूज़