लू के बाद अब बारिश की बारी, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी… चलेंगी तेज हवाएं
Today Weather: दक्षिण भारत में मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. हालांकि केरल में मानसून तय तारीख 26 मई तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाया, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है. अगले दो-तीन दिनों में इसके और आगे बढ़ने की संभावना है.
Today Weather: देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है. दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और लू का असर बना हुआ है. हालांकि अब मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले 20 घंटों के भीतर देश के करीब 15 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. कई जगहों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
इधर दक्षिण भारत में मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. हालांकि केरल में मानसून तय तारीख 26 मई तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाया, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है. अगले दो-तीन दिनों में इसके और आगे बढ़ने की संभावना है.
दिल्ली-NCR में गर्मी के बाद राहत के संकेत
दिल्ली-NCR में फिलहाल गर्मी का असर बना हुआ है. आज राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई से मौसम बदलना शुरू हो सकता है. अगले तीन दिनों में तापमान 6 से 8 डिग्री तक गिर सकता है.
28 और 29 मई को दिल्ली में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. 30 और 31 मई को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में तेज आंधी और ओलावृष्टि का खतरा
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, गोरखपुर और मेरठ समेत कई जिलों में मौसम बदलने वाला है. 28 से 31 मई के बीच बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है.
आज लखनऊ का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि गर्मी और उमस अभी बनी रह सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि 29 मई के बाद तापमान में कमी देखने को मिलेगी.
मौसम संबंधी चेतावनी
मुख्य बिंदु
(i) मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 2-3 दिनों के दौरान उष्ण लहर से लेकर भीषण उष्ण लहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है।
(ii) 29 मई से अधिकतम तापमान में कमी आने और उष्ण लहर की स्थिति में राहत मिलने की संभावना है।
(iii) उत्तर-पूर्व और उससे… pic.twitter.com/zwPikRBWvy
— India Meteorological Department (@Indiametdept) May 27, 2026
बिहार में बारिश से मिलेगी राहत
बिहार में भी अगले दो दिनों के दौरान मौसम बदल सकता है. पटना, गया, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 2-3 दिनों के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. पटना का अधिकतम तापमान आज करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हालांकि उमस लोगों को परेशान कर सकती है.
राजस्थान में अभी जारी रहेगा लू का कहर
राजस्थान में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं. श्रीगंगानगर में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. जयपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बीकानेर, चूरू, जैसलमेर और फलोदी जैसे इलाकों में भी पारा 46 डिग्री के पार बना हुआ है. हालांकि 28 मई से जयपुर, अजमेर और भरतपुर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. महीने के आखिर तक कुछ इलाकों में मौसम थोड़ा बदल सकता है.
महाराष्ट्र में भी बदलेगा मौसम
महाराष्ट्र के कई जिलों में गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं. मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. विदर्भ क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक तेज गर्मी बनी रह सकती है. वहीं 29 और 30 मई से विदर्भ के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई गई है. बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.
पहाड़ी राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम करवट ले सकता है. शिमला, कुल्लू, मंडी, देहरादून, चमोली और उत्तरकाशी समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है.
शिमला में आज अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि नैनीताल में तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है.
तेलंगाना और दक्षिण भारत में बारिश के आसार
तेलंगाना के हैदराबाद और आसपास के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. चेन्नई में आज अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं केरल और कर्नाटक में मानसून की गतिविधियां तेज होती दिख रही हैं.
जम्मू-कश्मीर में भी बदलेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, पुंछ और रामबन समेत कई इलाकों में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. कुछ पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. तेज हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है.
विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम का यह बदलाव जहां लोगों को गर्मी से राहत देगा, वहीं तेज आंधी और बिजली गिरने जैसी घटनाएं परेशानी भी बढ़ा सकती हैं. इसलिए लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और सतर्क रहने की जरूरत है.