दिल्ली- एनसीआर सहित इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिखेगा मौसम का कहर

IMD ने देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक मौसम में बड़ा बदलाव दिखेगा. कई राज्यों में भारी बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.

नोएडा | Published: 13 May, 2026 | 07:15 AM

Weather Update: भीषण गर्मी से जल्द ही राहत मिलने वाली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के कहा है कि 13 मई को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. साथ ही बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है और कभी-कभी यह बढ़कर 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इस दिन अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इसके बाद 18 मई तक मौसम अधिकतर साफ रहने की संभावना जताई गई है.

IMD का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 13 से 16 मई के बीच बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसी तरह का मौसम पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी 13 और 14 मई को देखने को मिल सकता है. वहीं, उत्तर प्रदेश के कई शहरों में बारिश और गरज-चमक  को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. इसमें आगरा, सहारनपुर, मेरठ, मथुरा, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, औरैया, सीतापुर, इटावा, महमाया नगर, फर्रुखाबाद, कानपुर, बिजनौर, हरदोई, मैनपुरी, ललितपुर और झांसी जैसे जिले शामिल हैं. इन इलाकों में अगले दिनों में मौसम खराब रह सकता है, जिससे बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है.

अरुणाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम

अरुणाचल प्रदेश में 13 से 18 मई के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना  है. इसी तरह असम में 13 से 18 मई तक अलग-अलग इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 14 से 17 मई के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने बिहार में 13 मई को तेज आंधी-तूफान (थंडरसक्वॉल) आने की संभावना जताई है, जिसमें हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक और झोंकों के साथ 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं झारखंड में 15 और 16 मई को इसी तरह तेज आंधी और तूफान चलने का अनुमान है.

14 और 15 मई को भारी बारिश की संभावना

आईएडी का कहना है कि तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14 और 15 मई को भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, केरल और माहे में 13 से 15 मई के बीच तेज बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 और 16 मई को बारिश का अनुमान है. इसके अलावा उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 14 और 15 मई को कुछ जगहों पर ओलावृष्टि (ओले गिरने) की संभावना है, वहीं दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 मई को भी ओले गिर सकते हैं.

समय से पहले पहुंचेगा मॉनसून

सबसे बड़ी बात यह है कि इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य समय से करीब 4 दिन पहले आ सकता है. आमतौर पर मॉनसून 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके 25 से 27 मई के बीच केरल तट पर पहुंचने की संभावना जताई गई है. IMD के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक मौसम प्रणाली बन रही है, जो अगले 48 घंटों में और मजबूत हो सकती है. इसके असर से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश बढ़ने की संभावना है. साथ ही यह सिस्टम मॉनसून को आगे बढ़ने में भी मदद करेगा, जिससे बारिश की प्रक्रिया तेज हो सकती है.

Topics: