अभी नहीं मिलेगी तपिश से राहत, कई राज्यों में भीषण लू की संभावना.. अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में लू से लेकर भीषण लू चलने की चेतावनी दी है. राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 47 डिग्री तक पहुंच सकता है. हालांकि, 29 मई से तापमान में गिरावट और कुछ क्षेत्रों में बारिश से राहत मिलने की संभावना है.

नोएडा | Updated On: 27 May, 2026 | 07:12 AM

Weather Update: देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 4 से 5 दिनों तक लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं, पूर्वी भारत और उससे लगे प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में भी अगले 3 से 4 दिनों तक गर्मी का असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने कहा कि 29 मई से मध्य भारत, उत्तर-पश्चिम भारत, पूर्वी भारत और उत्तरी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में तापमान में धीरे-धीरे कमी आने और लू से राहत मिलने की संभावना है.

हालांकि, राजस्थान के कुछ इलाकों में गर्मी का असर जारी रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, बीकानेर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ इलाकों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि, सप्ताह के अंत तक लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी  और हल्की बारिश हो सकती है.

तापमान में आ सकती है गिरावट

मौसम गतिविधियां 30 मई से और तेज होने की संभावना है, जो जून के पहले सप्ताह तक जारी रह सकती हैं. अधिकारियों के मुताबिक, इन बदलावों के कारण 29 मई से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत मिलेगी. इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत में अगले 6 से 7 दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. वहीं, केरल और तमिलनाडु में भी अगले 2 से 3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, राजस्थान में भीषण गर्मी  का कहर जारी है.

श्रीगंगानगर सबसे अधिक गर्म रहा

मंगलवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद बीकानेर और फलोदी में 46-46 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं, जैसलमेर में 45.6 डिग्री और कोटा में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. राज्य की राजधानी जयपुर भी भीषण गर्मी की चपेट में रही, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा.  मंगलवार को राजस्थान के अधिकांश प्रमुख शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक राज्य में लू और गर्म रातों का दौर जारी रहने की संभावना है. इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है.

पंजाब-हरियाणा में मौसम का हाल

हरियाणा और पंजाब में भीषण गर्मी का दौर जारी है. मंगलवार को हरियाणा का सिरसा दोनों राज्यों में सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सिरसा में पिछले कई दिनों से लू का असर बना हुआ है. हरियाणा के रोहतक में 45.6 डिग्री और भिवानी में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं, अंबाला में 42.5 डिग्री, हिसार में 44.5 डिग्री, करनाल में 42.6 डिग्री और नारनौल में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. चंडीगढ़ में भी गर्मी का असर दिखा और अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा. पंजाब में बठिंडा सबसे गर्म शहरों  में शामिल रहा, जहां तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पटियाला में 43.4 डिग्री, लुधियाना में 42.5 डिग्री और अमृतसर में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा, पठानकोट में 40 डिग्री, फिरोजपुर में 40.3 डिग्री और मोहाली में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. लगातार बढ़ते तापमान और लू के कारण दोनों राज्यों के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.

Published: 27 May, 2026 | 07:07 AM

Topics: