कृषि की पढ़ाई करने पर हर महीने अब 5 हजार रुपये मिलेंगे, कृषक छात्रवृत्ति योजना का विस्तार

Mukhyamantri Krishak Scholarship Scheme : मुख्यमंत्री ने किसानों के बच्चों को पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद के लिए चलाई जा रही 'मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना' का दायरा बढ़ाने का निर्देश दिया है. इसके तहत हर महीने दी जाने वाली राशि में बढ़ोत्तरी कर दी गई है.

नोएडा | Updated On: 2 Aug, 2026 | 12:27 PM

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश सरकार ने कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए दो अहम फैसले लिए हैं. मुख्यमंत्री ने किसानों के बच्चों को पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद के लिए चलाई जा रही ‘मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना’ का दायरा बढ़ाने का निर्देश दिया है. इसके तहत कृषि से स्नातक या परास्नातक करने वाले छात्रों को हर महीने दी जाने वाली मदद राशि को बढ़ाने का फैसला किया है. अब पात्र युवाओं को हर महीने 2 हजार रुपये बढ़कर मिलेंगे. दो दिन पहले योजना पर सीएम की मंजूरी मिलने के बाद अब इस पर अमल शुरू कर दिया गया है.

मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना के तहत 2 हजार रुपये बढ़े

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना (Mukhyamantri Krishak Scholarship Scheme) का दायरा बढ़ाने का निर्देश दिया है, ताकि किसानों के ज्यादा होनहार बच्चों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके. योजना के तहत अब तक पात्रता शर्तें पूरी करने वाले छात्रों को हर महीने 3 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती थी. अब योगी सरकार ने इसमें 2 हजार रुपये और बढ़ाने को मंजूरी दे दी है.

कृषि की पढ़ाई करने वालों को मिलेगी राशि

उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना के तहत किसानों के बच्चों की सहायता राशि 3,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रति माह कर दी है. इस योजना का उद्देश्य कृषि शिक्षा ले रहे मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक संबल देना है. योजना का लाभ कृषि विषयों से स्नातक या परास्नातक में प्रवेश लेने वाले और पिछली कक्षाओं में कक्षाओं में न्यूनतम 70 फीसदी अंक पाने वाले मेधावी छात्रों को मिलेगा.

आवेदन कहां करना होगा

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना के तहत कृषि स्नातक और परास्नातक के छात्रों को आवेदन अपने संबंधित कृषि विश्वविद्यालय या कॉलेज के प्रशासनिक कार्यालय के माध्यम से करना होता है. जिस कॉलेज या विश्वविद्यालय में आपने कृषि पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया है, वहां के छात्र कल्याण अनुभाग या ऑफिस में संपर्क कर सकते हैं.

Published: 2 Aug, 2026 | 12:24 PM

Topics: