महाराष्ट्र में प्याज का रेट धड़ाम, मंडी में 50 रुपये क्विंटल हुआ भाव.. किसानों में बढ़ी नाराजगी

लासूर स्टेशन कृषि उपज मंडी समिति में प्याज का भाव बहुत कम मिलने पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा. नाराज किसानों ने मंडी गेट के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. किसानों का कहना है कि मौजूदा दाम खेती की लागत से भी कम हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान हो रहा है.

नोएडा | Updated On: 8 May, 2026 | 04:21 PM

Mandi Bhav: महाराष्ट्र के नासिक जिले में प्याज की कीमतों में भारी गिरावट ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. पहले से ही बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और खेती की बढ़ती लागत से परेशान किसान अब फसल के बेहद कम दाम मिलने से नाराज हैं. 7 मई को सटाना कृषि उपज मंडी समिति में नीलामी के दौरान प्याज का भाव सिर्फ 50 रुपये प्रति क्विंटल मिलने पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा. किसानों ने मंडी परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से तुरंत दखल देकर उनकी उपज का उचित दाम दिलाने की मांग की. किसानों का कहना है कि कीमत में गिरावट से वे लागत भी नहीं निकाल पा रहे हैं. इसलिए सरकार को घाटे से निकालने के लिए किसानों की मदद करनी चाहिए.

लोकमत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बागलान तालुका के करहे गांव के किसान जितेंद्र सालुंखे अपनी प्याज की फसल बेचने के लिए सटाना कृषि उपज मंडी समिति पहुंचे. नीलामी के दौरान उनकी प्याज का भाव सिर्फ 50 रुपये प्रति क्विंटल लगा, जिससे किसानों में भारी नाराजगी  फैल गई. किसानों का कहना था कि खराब मौसम से फसल नुकसान झेलने के बाद अब उन्हें लागत तक नहीं मिल पा रही है. गुस्साए किसानों ने मंडी कार्यालय के बाहर प्याज से भरा ट्रैक्टर खड़ा कर प्रदर्शन किया. किसानों ने आरोप लगाया कि व्यापारी आपस में मिलकर जानबूझकर कम दाम दे रहे हैं और मंडी प्रशासन किसानों के हितों की रक्षा नहीं कर रहा.

महाराष्ट्र की मंडियों में प्याज के रेट ( आंकड़े Agmarknet से लिए गए हैं)

मंडी का नाम तारीख आवक (मीट्रिक टन) किस्म न्यूनतम भाव (रु./क्विंटल) अधिकतम भाव (रु./क्विंटल) मॉडल भाव (रु./क्विंटल)
अहमदनगर एपीएमसी 07/05/2026 4,827.80 उन्हाली 150 1,250 750
अकलूज एपीएमसी 03/05/2026 28.20 अन्य 200 1,300 700
अकोला एपीएमसी 07/05/2026 67.30 अन्य 400 1,300 900
अमरावती फ्रूट एंड वेजिटेबल मार्केट एपीएमसी 06/05/2026 36.90 लाल प्याज 500 1,600 1,050
चंद्रपुर (गंजवाड़) एपीएमसी 07/05/2026 48.00 अन्य 1,300 1,750 1,500

नीलामी के दौरान कीमतों में गिरावट

वहीं, लासूर स्टेशन कृषि उपज मंडी समिति में भी ऐसा ही विरोध देखने को मिला, जब नीलामी के दौरान प्याज का भाव  सिर्फ 100 रुपये प्रति क्विंटल मिला. नाराज किसानों ने मंडी गेट के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. किसानों का कहना था कि मंडियों में मिल रहे दाम उनकी खेती की लागत से भी काफी कम हैं, जिससे खेती जारी रखना मुश्किल हो गया है. उन्होंने सरकार से प्याज के दाम स्थिर करने और लगातार नुकसान झेल रहे किसानों को राहत देने की मांग की.

किस मंडी में कितनी है प्याज की कीमत

महाराष्ट्र की अलग-अलग कृषि उपज मंडियों में प्याज के दामों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है. Agmarknet के आंकड़ों के मुताबिक, अहमदनगर एपीएमसी में 7 मई को प्याज की बड़ी आवक दर्ज की गई. मंडी में करीब 4,827.80 मीट्रिक टन उन्हाली किस्म का प्याज पहुंचा. यहां प्याज का न्यूनतम भाव 150 रुपये प्रति क्विंटल, अधिकतम भाव 1,250 रुपये प्रति क्विंटल और मॉडल भाव 750 रुपये प्रति क्विंटल रहा. इसी तरह अकलूज एपीएमसी में 3 मई को प्याज की कुल 28.20 मीट्रिक टन आवक दर्ज की गई. मंडी में प्याज का न्यूनतम भाव 200 रुपये प्रति क्विंटल और अधिकतम भाव 1,300 रुपये प्रति क्विंटल रहा. वहीं, प्याज का मॉडल रेट 700 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. वहीं, अकोला एपीएमसी में 7 मई 2026 को प्याज की 67.30 मीट्रिक टन आवक हुई. मंडी में प्याज का न्यूनतम भाव 400 रुपये प्रति क्विंटल और अधिकतम भाव 1,300 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. इस दिन मंडी में प्याज का मॉडल रेट 900 रुपये प्रति क्विंटल रहा.

Published: 8 May, 2026 | 04:15 PM

Topics: