दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! हर महीने मिलेंगे 2,500 रुपये, आज से करें आवेदन

Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली सरकार ने दिल्ली लक्ष्मी योजना 2026 का ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च कर दिया है. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी. सरकार का लक्ष्य 17 लाख से अधिक महिलाओं को इसका लाभ देने का है. योजना के लिए 2026-27 के बजट में 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.

Isha Gupta
नोएडा | Updated On: 1 Aug, 2026 | 03:23 PM

Delhi Lakshmi Yojana 2026: दिल्ली सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली लक्ष्मी योजना 2026 के ऑनलाइन पोर्टल की शुरुआत की. अब इस योजना के लिए महिलाएं घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी. योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. सरकार का दावा है कि इस योजना का फायदा 17 लाख से ज्यादा महिलाओं तक पहुंचाया जाएगा.

हर महीने मिलेगी आर्थिक मदद

दिल्ली लक्ष्मी योजना का मकसद जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहारा देना है. योजना के तहत हर पात्र महिला के बैंक खाते में हर महीने 2,500 रुपये भेजे जाएंगे. सरकार का कहना है कि, यह पैसा महिलाओं को अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद करेगा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि, यह सिर्फ एक आर्थिक सहायता योजना नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की पहल है. उनका कहना है कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तो पूरा परिवार भी मजबूत होगा.

ऑनलाइन पोर्टल से शुरू हुए आवेदन

सरकार ने योजना के लिए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च कर दिया है, जिसके जरिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. महिलाएं पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी भरकर आवेदन कर सकती हैं. आवेदन मिलने के बाद संबंधित विभाग दस्तावेजों और पात्रता की जांच करेगा. जांच पूरी होने के बाद योग्य महिलाओं को योजना का लाभ दिया जाएगा. सरकार का लक्ष्य है कि पात्र महिलाओं को पहली किस्त रक्षाबंधन के मौके पर जारी कर दी जाए. इसके लिए अधिकारियों को आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.

17 लाख से ज्यादा महिलाओं को मिलेगा फायदा

दिल्ली सरकार का अनुमान है कि, इस योजना से 17 लाख से अधिक महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा. इसके लिए वर्ष 2026-27 के बजट में करीब 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. सरकार का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने से उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा और वे छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहेंगी.

सरकार ने चुनावी वादा किया पूरा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार ने चुनाव के समय महिलाओं से जो वादा किया था, उसे पूरा कर दिया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण पर लगातार काम किया जा रहा है और दिल्ली लक्ष्मी योजना भी उसी दिशा में एक अहम कदम है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार चाहती है कि योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ सही लोगों तक पहुंचे. इसलिए आवेदन से लेकर पैसे भेजने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और आसान बनाई गई है.

महिलाओं से आवेदन करने की अपील

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने महिलाओं को ऑनलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया समझाई. साथ ही पात्र महिलाओं से अपील की गई कि वे समय पर आवेदन करें ताकि जांच पूरी होने के बाद उन्हें बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ मिल सके. दिल्ली सरकार का कहना है कि, यह योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी. अगर आवेदन और सत्यापन समय पर पूरे हो जाते हैं, तो रक्षाबंधन के अवसर पर लाखों महिलाओं के खातों में पहली किस्त पहुंच सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 1 Aug, 2026 | 03:16 PM

लेटेस्ट न्यूज़