एलपीजी सिलेंडर के बाद पेट्रोल-डीजल महंगा होगा? पेट्रोलियम मिनिस्ट्री का आया बयान
Petrol and Diesel prices: देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी की आशंकाओं पर पेट्रोलियम मंत्रालय ने बयान जारी किया है. इसमें एलपीजी सप्लाई और मौजूदा स्टॉक के बारे में भी डिटेल्स साझा की गई हैं.
पश्चिम एशिया के हालातों के मद्देनजर देश में ईंधन की सप्लाई पर असर पड़ा है. इसके चलते पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी की आशंकाएं जताई जा रही थीं, क्योंकि अप्रैल की शुरुआत में घरेलू एलपीजी की कीमत में 60 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोत्तरी की गई थी, जबकि कमर्शियल सिलेंडर का दाम इससे काफी ज्यादा बढ़ाया गया था. अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर ऊहापोह की स्थिति पर पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से बयान जारी किया गया है.
पेट्रोल, डीजल की कीमतें बढ़ाने पर तेल मंत्रालय ने क्या कहा
सरकार ने आज गुरुवार को उन रिपोर्टों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि विधानसभा चुनावों के तुरंत बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतें 25-28 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ सकती हैं. सरकार ने कहा कि ऐसा कोई भी प्रस्ताव अभी विचाराधीन नहीं है. सरकार की ओर से कहा गया है कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने का फिलहाल कोई प्लान नहीं है.
दाम बढ़ाने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कुछ खबरें आ रही हैं जिनमें पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने की बात कही गई है. हम यह साफ करना चाहते हैं कि सरकार के पास ऐसा कोई भी प्रस्ताव अभी विचाराधीन नहीं है. बता दें कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के हालातों को देखते हुए ऐसी अफवाहें सामने आईं कि दाम बढ़ेंगे, इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए सरकार ने स्पष्टीकरण जारी कर दिया है.
कोटक इक्विटीज की रिपोर्ट में दाम बढ़ने की आशंका जताई गई थी
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से यह सफाई कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की एक रिपोर्ट के बाद आई है. इस रिपोर्ट में संकेत दिया गया था कि पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में विधानसभा चुनावों के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग खत्म होने के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो सकती है. कोटक ने अनुमान लगाया था कि अगर कच्चे तेल की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी रहती है, तो कीमतों में 25-28 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो सकती है.
एलपीजी की मौजूदा सप्लाई पर पेट्रोलियम सचिव का बयान
पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर अंतर मंत्रालयी ब्रीफिंग में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि घरेलू LPG की आपूर्ति सामान्य है, और किसी भी डिस्ट्रीब्यूटर के यहां स्टॉक खत्म होने (dry-out) की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है. जैसा कि आप जानते हैं, कमर्शियल LPG की आपूर्ति प्रभावित हुई थी; हालाँकि, भारत सरकार ने इसे लगभग 70% तक बहाल कर दिया है. इसके परिणामस्वरूप अप्रैल महीने में, लगभग 131,000 टन LPG बेची गई, जो लगभग 6.9 मिलियन 19kg सिलेंडरों के बराबर है. इसके अलावा कल एक ही दिन में, 8,199 टन कमर्शियल LPG बेची गई.
एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे
गौरतलब है कि इजरायल-ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है. इसका असर देश में देखा गया है. 1 अप्रैल 2026 को तेल कंपनियों में 14.2 Kg वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोत्तरी लागू की थी, जिसके बाद दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत बढ़कर 913 रुपये हो गई हैं. वहीं, 19 Kg वाले कमर्शियल सिलेंडर का दाम 195 रुपये तक बढ़ा था जिसके बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,000 रुपये के पार पहुंच गई है.