किसानों को राहत! आम की सरकारी खरीद के लिए पंजीकरण शुरू.. 1750 रुपये क्विंटल रेट
कर्नाटक सरकार ने तोतापुरी आम किसानों के लिए MIP योजना के तहत पंजीकरण शुरू कर दिया है. किसानों को पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा, तभी वे योजना का लाभ ले सकेंगे. सरकार ने 1,750 रुपये प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य तय किया है और 1.30 लाख टन आम खरीदने का लक्ष्य रखा है, जिससे किसानों को राहत मिलेगी.
Karnataka News: केंद्र सरकार द्वारा तोतापुरी आम किसानों को राहत देने के लिए मार्केट इंटरवेंशन प्राइस स्कीम (MIP) के तहत समर्थन मूल्य देने की घोषणा के बाद कर्नाटक सरकार ने किसानों का पंजीकरण शुरू कर दिया है. 27 जून से शुरू हुई यह प्रक्रिया फिलहाल कोलार, चिक्कबल्लापुर और बेंगलुरु दक्षिण जिलों में लागू की जा रही है. बागवानी विभाग के निदेशक इब्राहिम मैगुर ने कहा है कि किसानों को योजना का लाभ लेने के लिए पहले पंजीकरण कराना होगा, उसके बाद ही वे अपने आम बेच सकेंगे. इसके लिए चयनित तालुक और होबली केंद्रों पर पंजीकरण की व्यवस्था की गई है. वहीं, तोतापुरी आम की खरीद के लिए 1,750 रुपये क्विंटल रेट तय किया गया है.
उन्होंने कहा कि इस योजना को कर्नाटक स्टेट मैंगो डेवलपमेंट एंड मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से लागू किया जा रहा है. किसानों का पंजीकरण NeML सॉफ्टवेयर के जरिए ‘MIS-PDPS Mango Farmers Registration’ के तहत किया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, यह योजना सॉफ्टवेयर में आम की पहली खरीद-बिक्री दर्ज होने की तारीख से एक महीने तक प्रभावी रहेगी. सरकार का उद्देश्य तोतापुरी आम किसानों को उचित मूल्य दिलाना और उन्हें बाजार में कीमतों में गिरावट से होने वाले नुकसान से बचाना है.
किसानों से पंजीकरण कराने की अपील
द हिन्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, बागवानी विभाग के निदेशक इब्राहिम मैगुर ने कोलार और चिक्कबल्लापुर जिलों के पात्र तोतापुरी आम किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित केंद्रों पर जाकर पंजीकरण कराएं और इस योजना का लाभ उठाएं. उन्होंने कहा कि किसानों को अपने आम कृषि उपज मंडी समिति (APMC) की मंडियों और कृषि विपणन विभाग द्वारा अधिकृत आम प्रसंस्करण इकाइयों में ही बेचने होंगे. योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए संबंधित जिलों के उपायुक्त (DC) राजस्व, कृषि विपणन और बागवानी विभाग के अधिकारियों की एक विशेष टीम का गठन करेंगे. यह टीम किसानों को योजना का लाभ दिलाने और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करने का काम करेगी.
- इस राज्य में किसान नहीं कर रहे आम की तुड़ाई, पेड़ों पर सड़ने के लिए छोड़ दी फसल.. जानें वजह
- हरियाणा में DSR तकनीक को बढ़ावा, किसानों को दी जाएगी ट्रेनिंग.. अब खेती में घटेगी लागत
- गन्ना किसानों को बड़ी सौगात देने की तैयारी, सरकार ने समर्थन मूल्य 400 रुपये क्विंटल से ऊपर ले जाने के दिए संकेत
- दूध और हो सकता है महंगा, अगले दो महीनों में 4 फीसद तक बढ़ेंगी कीमतें.. इस वजह से गहराया संकट
तोतापुरी आम की खरीद के लिए क्या है रेट
कर्नाटक सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, तोतापुरी आम की खरीद के लिए 1,750 रुपये प्रति क्विंटल का मार्केट इंटरवेंशन प्राइस (MIP) तय किया गया है. इस योजना के तहत 1.30 लाख टन आम खरीदने का लक्ष्य रखा गया है. किसानों को बाजार भाव और निर्धारित समर्थन मूल्य के बीच के अंतर का 25 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा. इसके तहत किसानों को 4.37 रुपये प्रति किलोग्राम की सहायता राशि मिलेगी. सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह लाभ प्रति किसान अधिकतम 200 क्विंटल आम और अधिकतम 5 एकड़ क्षेत्र तक ही सीमित रहेगा. इस योजना का उद्देश्य तोतापुरी आम उत्पादकों को गिरती कीमतों से राहत देना और उनकी आय को सहारा देना है.