किसानों के लिए अलर्ट! आम में मंजर आते ही भूलकर भी न करें ये गलती, वरना घट जाएगी पैदावार
Mango Farming: इन दिनों आम के पेड़ों पर मंजर यानी फूल आना शुरू हो गया है, जो आगे चलकर फलों में बदलते हैं. इस समय पेड़ों की सही देखभाल करना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही से फूल झड़ सकते हैं और पैदावार कम हो सकती है. विशेषज्ञों के अनुसार हल्की सिंचाई, नीम तेल का छिड़काव, संतुलित खाद और सूखी टहनियों की छंटाई करने से मंजर सुरक्षित रहते हैं.
Mango Farming Tips: भारत में आम को फलों का राजा कहा जाता है और इसकी खेती लाखों किसानों की आमदनी का बड़ा जरिया है. इन दिनों कई इलाकों में आम के पेड़ों पर मंजर यानी फूल आना शुरू हो गए हैं. यही वह महत्वपूर्ण समय होता है जब पेड़ों की थोड़ी-सी सही देखभाल आगे चलकर अच्छी पैदावार की गारंटी बन जाती है. डॉ. रजनीश मिश्रा के अनुसार अगर इस समय लापरवाही की जाए तो फूल झड़ सकते हैं और फल कम लगते हैं. इसलिए किसानों को इस चरण में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि मंजर सुरक्षित रहें और पेड़ों पर ज्यादा फल लग सकें.
मंजर आने पर सिंचाई का रखें खास ध्यान
कृषि वैज्ञानिक डॉ. रजनीश मिश्रा, संयुक्त निदेशक (बागवानी) के अनुसार जब आम के पेड़ों पर मंजर आते हैं, तब पानी देने में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. इस समय पेड़ों को ज्यादा पानी देना नुकसानदायक साबित हो सकता है. खेत में पानी भर जाने से फूल झड़ने लगते हैं और फल बनने की प्रक्रिया प्रभावित हो जाती है. इसलिए इस दौरान केवल हल्की सिंचाई करनी चाहिए.
कीटों से बचाव के लिए करें नीम तेल का छिड़काव
मंजर आने के समय आम के पेड़ों पर थ्रिप्स और हॉपर्स जैसे कीटों का खतरा बढ़ जाता है. ये कीट फूलों को नुकसान पहुंचाकर फल बनने की प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं. इससे बचाव के लिए किसान नीम तेल का हल्का स्प्रे कर सकते हैं. नीम तेल एक प्राकृतिक और किफायती उपाय है, जो कीटों को नियंत्रित करने में मदद करता है और पेड़ों को सुरक्षित रखता है. इस समय आम के पेड़ों को संतुलित पोषण देना बेहद जरूरी होता है. किसान पेड़ों में पोटाश और फॉस्फोरस युक्त खाद का उपयोग कर सकते हैं. इससे फूल मजबूत बनते हैं और फल अच्छी तरह सेट होते हैं.
सूखी और बीमार टहनियों की करें छंटाई
अगर आम के पेड़ में सूखी या बीमार टहनियां दिखाई दें तो उन्हें समय रहते काट देना चाहिए. इससे पेड़ की ऊर्जा बेकार टहनियों में खर्च नहीं होती और पौधे की ताकत मंजर और फल बनने में लगती है. साथ ही छंटाई करने से पेड़ साफ-सुथरा रहता है और बीमारियों के फैलने का खतरा भी कम हो जाता है. आम के पेड़ों के लिए इस समय पर्याप्त धूप और हवा मिलना बहुत जरूरी है.
अगर पेड़ बहुत ज्यादा घने हो जाते हैं तो उनके अंदर नमी बनी रहती है, जिससे फंगल बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए पेड़ों के आसपास की जगह साफ रखें और यह सुनिश्चित करें कि धूप और हवा आसानी से पेड़ों तक पहुंच सके.
मौसम और खेत की सफाई पर रखें नजर
मंजर आने के दौरान मौसम का भी फसल पर बड़ा असर पड़ता है. तेज हवा, अचानक बारिश या ज्यादा ठंड के कारण फूल झड़ सकते हैं. इसलिए किसानों को मौसम की जानकारी पर नजर रखनी चाहिए. इसके अलावा खेत में गिरे पत्तों, खरपतवार और गंदगी को समय-समय पर साफ करते रहना चाहिए. पेड़ों के आसपास की मिट्टी को हल्का ढीला करने से जड़ों को हवा मिलती है.