भारतीय बीजों से खेती करेगा अफगानिस्तान, पशुपालन, सिंचाई और कृषि तकनीकी मदद मांगी
अफगानिस्तान के कृषि मंत्री मावालावी अताउल्लाह ओमरी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर कृषि और पशुपालन विकास के लिए मदद मांगी. भारत ने सहयोग का भरोसा दिया है.
Afghanistan Agri Minister Meets Shivraj singh Chouhan: अफगानिस्तान अपने लोगों का पेट भरने के लिए खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने के लिए भारत से मदद मांगी है. अफगानिस्तान के कृषि मौलवी अताउल्लाह ओमारी ने कृषि और पशुपालन में सहयोग के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से आज रविवार को मुलाकात की. अफगानिस्तान ने भारतीय उन्नत बीज, सिंचाई, पशुपालन के साथ ही तकनीकी मदद मांगी है. भारत ने मदद का भरोसा दिया है.
विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि अफगानिस्तान के कृषि, सिंचाई और पशुधन मंत्री मावालावी अताउल्लाह ओमरी ने 7 से 12 जुलाई तक भारत की आधिकारिक यात्रा की. आज यात्रा के अंतिम दिन उन्होंने अपने उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की. विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार अक्टूबर 2025 के बाद अफगानिस्तान से भारत की यह चौथी मंत्री-स्तरीय यात्रा थी, जो दोनों देशों के बीच बढ़ते द्विपक्षीय संपर्क और सहयोग को दर्शाती है.
कृषि तकनीक और पशुधन विकास पर मदद देगा भारत
विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा के दौरान हुई अहम चर्चाओं और बैठकों को लेकर बयान जारी किया. बताया कि यात्रा के दौरान अफगान मंत्री ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर खेती के उन्नत बीजों, कृषि तकनीक और पशुधान विकास के लिए मदद मांगी है. दोनों पक्षों ने कृषि, सिंचाई, पशुधन विकास, कृषि अनुसंधान, शिक्षा, क्षमता निर्माण और कृषि व्यापार के क्षेत्रों में मौजूदा सहयोग की समीक्षा की और भविष्य में सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा की.
बेहतर बीज और फसल उत्पादन बढ़ाने पर जोर
दोनों देशों के बीच खाद्य सुरक्षा, बेहतर बीज प्रणाली और फसल उत्पादकता बढ़ाने पर जोर रहा. भारत ने अफगानिस्तान के कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए अपना समर्थन जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई. इसमें जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने वाली फसल किस्मों, जैव सशक्त फसलों, टिकाऊ सिंचाई तकनीकों, जल संरक्षण और जलग्रहण क्षेत्र विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग शामिल है. इसके साथ ही पशुओं की नस्लों में सुधार के साथ दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए तकनीकी सहयोग पर भी सहमति बनी है.
कृषि और खाद्य उत्पादों के व्यापार को बढ़ावा
अफगान कृषि मंत्री ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से भी मुलाकात की. इस दौरान दोनों देशों के बीच कृषि और खाद्य उत्पादों के व्यापार को बढ़ावा देने, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में मूल्य संवर्धन, बुनियादी ढांचे के विकास, तकनीकी सहयोग और खाद्य प्रॉसेसिंग यूनिट विकास के साथ ही वैल्यू चेन बनाने के साथ ही क्षमता निर्माण पर चर्चा हुई.