खेती में सिंचाई की समस्या से राहत, किसानों के लिए वरदान बन रही सोलर पंप योजना

खेती में बढ़ते खर्च और सिंचाई की समस्याओं के बीच किसानों के लिए एक ऐसी योजना सामने आई है, जो लागत घटाने और खेती को आसान बनाने में मदद कर सकती है. सरकार की ओर से दी जा रही सहायता का लाभ उठाकर किसान आधुनिक तकनीक से जुड़ सकते हैं और खेती को अधिक लाभदायक बना सकते हैं.

Saurabh Sharma
नोएडा | Updated On: 19 Jun, 2026 | 08:14 PM

Solar Pump Scheme: राजस्थान समेत देशभर में किसानों के सामने खेती की बढ़ती लागत एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है. सिंचाई के लिए डीजल और बिजली पर बढ़ते खर्च के कारण किसानों की आय प्रभावित होती है. वहीं कई ग्रामीण इलाकों में बिजली की अनियमित आपूर्ति के चलते समय पर सिंचाई नहीं हो पाती, जिससे फसल उत्पादन पर असर पड़ता है. ऐसे में राजस्थान कृषि विभाग किसानों को सोलर पंप योजना से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है. ये योजना किसानों को कम खर्च में बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का काम कर रही है.

डीजल और बिजली खर्च से मिलेगी मुक्ति

राजस्थान कृषि विभाग के कृषि अधिकारी कजोड़ मल गुर्जर के अनुसार सोलर पंप लगने  के बाद किसानों को सिंचाई के लिए डीजल खरीदने या बिजली कटौती की चिंता नहीं करनी पड़ती. सौर ऊर्जा से संचालित ये पंप सूर्य की रोशनी के जरिए काम करते हैं और खेतों तक नियमित पानी पहुंचाते हैं. इससे किसानों का हर सीजन में होने वाला हजारों रुपये का खर्च बच सकता है. समय पर सिंचाई होने से फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में सुधार देखने को मिलता है, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ने की संभावना भी बढ़ जाती है.

सरकार दे रही सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन

कृषि विभाग के अनुसार पात्र किसानों को सोलर पंप लगाने पर सरकार की ओर से सब्सिडी  का लाभ दिया जाता है. इससे किसानों को पूरी लागत स्वयं वहन नहीं करनी पड़ती. किसान अपनी जरूरत के अनुसार विभिन्न क्षमता वाले सोलर पंप के लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की जाती है. किसान राजस्थान के ई-मित्र केंद्र पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा कृषि विभाग के स्थानीय कार्यालय से भी योजना संबंधी जानकारी और आवेदन सहायता प्राप्त की जा सकती है. विभाग ने किसानों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें.

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज और पर्यावरण को भी फायदा

सोलर पंप योजना  का लाभ लेने के लिए किसानों के पास कृषि भूमि होना आवश्यक है. आवेदन के दौरान आधार कार्ड, जन आधार कार्ड, भूमि संबंधी दस्तावेज, बैंक खाते की जानकारी और मोबाइल नंबर जैसे दस्तावेज जमा करने होते हैं. कृषि विभाग के अनुसार, सोलर पंप केवल किसानों का खर्च ही कम नहीं करता, बल्कि पानी के बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. सौर ऊर्जा के उपयोग से प्रदूषण कम होता है और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण संभव होता है. विभाग का मानना है कि आने वाले वर्षों में सोलर पंप खेती को अधिक टिकाऊ, लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाने में अहम योगदान देंगे. किसानों के लिए यह योजना आधुनिक खेती की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 19 Jun, 2026 | 02:14 PM

लेटेस्ट न्यूज़