नकली उत्पादों के खिलाफ धानुका का अभियान, कृषि मंत्री ने किसान ऑडियो वैन को दिखाई हरी झंडी

किसानों को नकली कृषि उत्पादों से बचाने और गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों के उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए धानुका एग्रीटेक लिमिटेड ने मध्य प्रदेश में पांच ऑडियो वैन को रवाना किया. अभियान का शुभारंभ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया.

नोएडा | Updated On: 16 Jun, 2026 | 11:38 PM

किसानों को नकली कृषि उत्पादों से बचाने और गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों के उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को विदिशा में धानुका एग्रीटेक लिमिटेड की पांच किसान जागरूकता ऑडियो वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये वैन अगले एक महीने तक मध्य प्रदेश के विभिन्न कृषि प्रधान जिलों में भ्रमण कर किसानों को नकली कृषि उत्पादों के नुकसान और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देंगी.

यह पहल विदिशा में आयोजित किसानकेंद्रित कार्यक्रम के दौरान शुरू की गई. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) की आधारशिला भी रखी और किसानों के हित में कई अन्य पहलों का शुभारंभ किया. धानुका एग्रीटेक लिमिटेड का यह अभियान सरकार के ‘खेत बचाओ अभियान’ की भावना से प्रेरित बताया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों को प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना है.

अभियान के तहत संचालित होने वाली ऑडियो वैनों के माध्यम से किसानों को नकली कृषि उत्पादों की पहचान करने और उनसे बचने के व्यावहारिक तरीके बताए जाएंगे. साथ ही कृषि रसायनों के संतुलित और विवेकपूर्ण उपयोग पर भी विशेष जोर दिया जाएगा. किसानों को यह भी समझाया जाएगा कि वे उत्पादों पर उपलब्ध क्यूआर कोड को स्कैन कर उनकी प्रामाणिकता की जांच करें, अधिकृत विक्रेताओं से ही कृषि आदान खरीदें और खरीदारी के समय पक्का बिल तथा रसीद अवश्य प्राप्त करें.

आरजी अग्रवाल ने कहानकली कृषि उत्पाद बहुत बड़ी चुनौती

धानुका एग्रीटेक लिमिटेड के चेयरमैन एमेरिटस डॉ. आर. जी. अग्रवाल ने कहा कि भारत कृषि उत्पादन के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है, लेकिन प्रति हेक्टेयर उत्पादकता के मामले में अभी भी कई देशों से पीछे है. उन्होंने कहा कि किसानों तक गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों और आधुनिक कृषि तकनीकों की सीमित पहुंच इस अंतर का एक बड़ा कारण है. नकली कृषि उत्पाद इस चुनौती को और गंभीर बना देते हैं क्योंकि इससे फसल उत्पादन प्रभावित होता है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है.

उन्होंने कहा कि कई बार किसान अनजाने में नकली उत्पाद खरीद लेते हैं, जिससे उनकी फसल और आय दोनों पर प्रतिकूल असर पड़ता है. ऐसे में किसानों को सही जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें प्रमाणित उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित करना बेहद जरूरी है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह जागरूकता अभियान मध्य प्रदेश के किसानों के लिए उपयोगी साबित होगा और कृषि उत्पादकता बढ़ाने में मदद करेगा.

नकली उत्पादों के खिलाफ जागरूकता सबसे जरूरी

धानुका एग्रीटेक लिमिटेड के अनुसार यह अभियान कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने, किसानों के हितों की रक्षा करने और टिकाऊ कृषि विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. कंपनी का मानना है कि सरकार, कृषि उद्योग और किसानों के संयुक्त प्रयासों से ही नकली कृषि उत्पादों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है.

विशेषज्ञों का भी मानना है कि कृषि क्षेत्र में बढ़ती नकली उत्पादों की चुनौती से निपटने के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है. ऐसे अभियानों के जरिए किसानों तक सही जानकारी पहुंचने से न केवल उनकी फसलों की सुरक्षा होगी, बल्कि कृषि निवेश पर मिलने वाला लाभ भी बढ़ेगा.

Published: 17 Jun, 2026 | 05:26 AM

Topics: