अनार के फटने से बढ़ रहा नुकसान, एक्सपर्ट से जानिए बचाव के आसान तरीके

डॉ. पुनीत कुमार पाठक के अनुसार, अनार के फटने के पीछे कई कारण होते हैं और अक्सर यह समस्या खेती की देखभाल और मौसम से जुड़ी होती है. अनार की खेती में थोड़ी सी सावधानी और सही तकनीक अपनाकर किसान अपने नुकसान को कम कर सकते हैं.

नई दिल्ली | Updated On: 27 Mar, 2026 | 11:13 PM

pomegranate fruit cracking: अनार की खेती किसानों के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है, क्योंकि यह फल बाजार में अच्छी कीमत दिलाता है और इसकी मांग भी लगातार बनी रहती है. लेकिन पिछले कुछ समय से कई किसान एक बड़ी समस्या से जूझ रहे हैं अनार के फलों का अचानक फटना. जब फल फट जाते हैं, तो उनकी सुंदरता खत्म हो जाती है और बाजार में उनकी कीमत भी गिर जाती है. इतना ही नहीं, फटे हुए फल जल्दी खराब हो जाते हैं, जिससे किसानों को सीधा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है.

उद्यान अधिकारी डॉ. पुनीत कुमार पाठक ने किसान इंडिया को बताया कि अनार का फटना एक सामान्य समस्या है, लेकिन सही तरीके अपनाकर इसे काफी हद तक रोका जा सकता है.

क्यों फटते हैं अनार के फल?

डॉ. पुनीत कुमार पाठक के अनुसार, अनार के फटने के पीछे कई कारण होते हैं और अक्सर यह समस्या खेती की देखभाल और मौसम से जुड़ी होती है.

सबसे बड़ा कारण अनियमित सिंचाई है. जब पौधों को कभी बहुत ज्यादा और कभी बहुत कम पानी दिया जाता है, तो फल के अंदर के दाने तेजी से बढ़ते हैं, लेकिन छिलका उसी गति से नहीं फैल पाता. इस वजह से फल फट जाता है. वहीं मौसम में अचानक बदलाव भी एक बड़ा कारण है. तापमान या नमी में तेजी से बदलाव होने पर फल का विकास असंतुलित हो जाता है और छिलका कमजोर पड़ जाता है.

इसके अलावा मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी, खासकर कैल्शियम की कमी, भी इस समस्या को बढ़ाती है. कमजोर छिलका अंदर के दबाव को सहन नहीं कर पाता और फल फट जाता है.

इतना ही नहीं अगर फल ज्यादा समय तक पेड़ पर छोड़ दिए जाएं, तो वे जरूरत से ज्यादा पक जाते हैं. इस स्थिति में भी फटने की संभावना बढ़ जाती है. कुछ किस्में भी ऐसी होती हैं, जिनमें यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है.

कैसे रोकें अनार के फलों का फटना?

डॉ. पाठक बताते हैं कि अगर किसान कुछ आसान बातों का ध्यान रखें, तो इस समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है.

इसके अलावा, किसानों को ऐसी किस्मों का चयन करना चाहिए, जिनमें फल फटने की समस्या कम होती है. नई और उन्नत किस्में इस मामले में बेहतर परिणाम देती हैं.

अच्छी देखभाल से बढ़ेगा मुनाफा

अनार की खेती में थोड़ी सी सावधानी और सही तकनीक अपनाकर किसान अपने नुकसान को कम कर सकते हैं. जब फल अच्छी गुणवत्ता के होंगे, तो बाजार में उनकी कीमत भी बेहतर मिलेगी. खेती में छोटे-छोटे बदलाव ही बड़े परिणाम देते हैं. अगर किसान सिंचाई, पोषण और समय पर कटाई का ध्यान रखें, तो अनार की फसल से अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है.

Published: 28 Mar, 2026 | 11:30 AM

Topics: