हरियाणा में जल्द शुरू होगी धान की खरीद, सरकार की किसानों से अपील- मंडियों में लाएं सूखा धान

हरियाणा में धान की सरकारी खरीद इसी महीने शुरू होने की संभावना है. कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसानों से मानकों के अनुसार सूखा धान मंडियों में लाने की अपील की है. उन्होंने प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया. साथ ही, पराली प्रबंधन के प्रयासों और 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी.

नोएडा | Published: 15 Sep, 2026 | 09:57 AM

हरियाणा में धान खरीदी का इंतजार कर रहे किसानों के लिए राहत की खबर है. उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा है कि राज्य में धान की सरकारी खरीद इसी महीने जल्द शुरू होने की उम्मीद है. इस दौरान उन्होंने किसानों से मंडियों में मानकों के अनुसार सूखा धान लाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इससे धान की खरीद के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.

दरअसल, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने पानीपत स्थित बीजेपी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ये जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और आढ़तियों की वाजिब मांगों के साथ खड़ी है. कृषि मंत्री ने कहा कि धान खरीद को लेकर सरकार की ओर से जरूरी तैयारियां की जा रही हैं. किसानों को भी खरीद के नियमों का पालन करते हुए मंडियों में फसल लानी चाहिए, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके.

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर

वहींं, कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने 2047 तक प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया है. इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने किसानों से जैविक खेती अपनाने और खेतों में गोबर से तैयार खाद का इस्तेमाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती भी किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित हुई है. इससे खेती की लागत कम करने और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है.

पराली प्रबंधन पर हरियाणा की तारीफ

मंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा में पराली प्रबंधन के प्रयासों की खुलकर सराहना की है. उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियानों की वजह से राज्य में पराली प्रबंधन को बढ़ावा देने में सफलता मिली है. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी  17 सितंबर से एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करेंगे. उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के ‘सेवा संकल्प’ के प्रति आभार जताना, उनके जनकल्याणकारी कामों की जानकारी हर परिवार तक पहुंचाना और विकसित भारत के निर्माण में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है.

धान की फसल पर कृषि विभाग की नजर

अधिकारियों ने कहा कि धान किसानों की प्रमुख खरीफ फसलों में से एक है. अच्छी पैदावार के लिए किसानों को समय पर खेती के जरूरी काम पूरे करने चाहिए और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाना चाहिए. जिले के अधिकारी लगातार धान की फसल की स्थिति का जायजा ले रहे हैं. कृषि विभाग फसल की पैदावार, पौधों की स्थिति, पानी की उपलब्धता और खेतों में कीट-रोग की स्थिति पर नजर रख रहा है. अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी है कि वे समय-समय पर अपनी फसल की जांच करते रहें. अगर खेत में किसी तरह की समस्या दिखाई देती है तो तुरंत कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क करें. इससे फसल को नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी.

 

Topics: