प्याज किसानों के लिए खुशखबरी! सरकार दे रही 1.75 लाख सब्सिडी, अब कोल्ड स्टोरेज से मिलेगा दोगुना मुनाफा
प्याज किसानों के लिए राहत भरी खबर आई है. अब फसल खराब होने और सस्ते दाम में बेचने की परेशानी कम होगी. सरकार किसानों को आधुनिक प्याज भंडारण गृह बनाने पर भारी सब्सिडी दे रही है. नई तकनीक से प्याज कई महीनों तक सुरक्षित रहेगी, जिससे किसान सही समय पर बेचकर ज्यादा मुनाफा कमा सकेंगे.
Onion Cold Storage: मध्य प्रदेश के प्याज किसानों के लिए अच्छी खबर है. अब प्याज खराब होने या सस्ते दाम में बेचने की मजबूरी धीरे-धीरे खत्म होने वाली है. मध्य प्रदेश सरकार की कोल्ड स्टोरेज सब्सिडी योजना किसानों को अपनी फसल लंबे समय तक सुरक्षित रखने का मौका दे रही है. खासतौर पर सतना, मैहर और विंध्य क्षेत्र के किसान इस योजना से बड़ा फायदा उठा सकते हैं, क्योंकि यहां बड़े स्तर पर प्याज की खेती होती है.
हर साल किसान मेहनत से प्याज की अच्छी पैदावार तो कर लेते हैं, लेकिन सही भंडारण व्यवस्था नहीं होने से फसल जल्दी खराब होने लगती है. मजबूरी में किसानों को मंडियों में कम दाम पर प्याज बेचना पड़ता है. अब आधुनिक भंडारण तकनीक और सरकारी अनुदान योजना किसानों की इस परेशानी को दूर करने का काम कर रही है.
नई तकनीक से 9 महीने तक सुरक्षित रहेगी प्याज
अब वैज्ञानिक तरीके से बनाए जा रहे प्याज भंडारण गृह किसानों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं. इस तकनीक में प्याज को 0 से 2 डिग्री सेल्सियस तापमान और 60 से 75 प्रतिशत नमी के बीच रखा जाता है. इससे प्याज में फंगस नहीं लगती और अंकुरण भी रुक जाता है. सबसे बड़ा फायदा यह है कि किसान अपनी फसल को 6 से 9 महीने तक सुरक्षित रख सकते हैं. इससे किसान तुरंत फसल बेचने के बजाय बाजार में अच्छे दाम आने का इंतजार कर सकते हैं. मई-जून में जहां प्याज की कीमतें कम रहती हैं, वहीं सितंबर से नवंबर के बीच दाम तेजी से बढ़ जाते हैं. ऐसे में किसान सही समय पर प्याज बेचकर दोगुना तक मुनाफा कमा सकते हैं.
सरकार दे रही 35 प्रतिशत से 50 फीसदी तक सब्सिडी
उद्यानिकी विभाग किसानों को प्याज भंडारण गृह बनाने के लिए आर्थिक सहायता भी दे रहा है. योजना के तहत किसानों को 35 प्रतिशत से 50 प्रतिशत तक सब्सिडी मिल रही है. कई मामलों में 1 लाख 75 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सरकार का उद्देश्य किसानों को मजबूरी में फसल बेचने से बचाना है. इससे किसान बाजार के हिसाब से अपनी फसल बेच सकेंगे और उन्हें ज्यादा लाभ मिलेगा.ये योजना छोटे और मध्यम किसानों के लिए बेहद फायदेमंद मानी जा रही है, क्योंकि कम लागत में बेहतर भंडारण सुविधा मिल सकेगी.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
इस योजना का आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन किया जा सकता है. किसानों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. आवेदन करने के लिए किसान मध्य प्रदेश उद्यानिकी विभाग के आधिकारिक पोर्टल MP FSTS Portal पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज:
- आधार कार्ड
- पैन कार्ड
- खेत की खतौनी
- बैंक पासबुक
- पासपोर्ट साइज फोटो
सबसे पहले किसान पोर्टल पर अपना पंजीकरण करें. इसके बाद “प्याज भंडारण योजना” का विकल्प चुनें और आवेदन फॉर्म भरें. सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन सबमिट कर दें. आवेदन के बाद जिला उद्यानिकी अधिकारी खेत का निरीक्षण करेंगे. मंजूरी मिलने और भंडारण गृह बनने के बाद सब्सिडी की राशि सीधे किसान के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी. इस योजना से किसानों को अब फसल खराब होने का डर कम होगा और वे अपनी प्याज सही समय पर बेचकर ज्यादा कमाई कर सकेंगे.