46 लाख टन के पार पहुंचा धान खरीद का आंकड़ा, किसानों को मिले 7841 करोड़ रुपये
तेलंगाना सरकार ने दावा किया है कि राज्य में अब तक 46.21 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है, जो कुल आवक का 85 प्रतिशत है. 6.32 लाख किसानों को 7,841 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है. सरकार ने गन्नी बैग की कमी के आरोपों को भी खारिज किया है.
Telangana News: तेलंगाना में धान खरीदी तेजी से हो रही है. 21 मई तक राज्य में 46.21 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई, जबकि किसानों को 7,841 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है. इसी बीच नागरिक आपूर्ति मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने आरोप लगाया कि बीआरएस नेता धान खरीद को लेकर गलत जानकारी फैला रहे हैं और किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव (केटीआर) के दावों का जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष का मकसद किसानों के बीच राजनीतिक रूप से भ्रम और अस्थिरता पैदा करना है. रेड्डी ने कहा कि बीआरएस की यह रणनीति सफल नहीं होगी, बल्कि इसका उल्टा असर उन्हीं पर पड़ेगा. उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार किसानों के हित में धान खरीद की प्रक्रिया को सुचारु रूप से चला रही है.
जारी प्रेस बयान में नागरिक आपूर्ति मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस सरकार राज्य के इतिहास का सबसे बड़ा धान खरीद अभियान चला रही है. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी, परिवहन और भंडारण जैसी बड़ी चुनौतियों तथा रिकॉर्ड स्तर पर धान की आवक के बावजूद सरकार खरीद प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संचालित कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस झूठी बातें फैलाकर किसानों के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रही है, जबकि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसानों द्वारा मंडियों में लाया गया धान का एक-एक दाना खरीदा जाए.
54.29 लाख मीट्रिक टन धान की आवक
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तम कुमार रेड्डी ने केटी रामाराव के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि 21 मई तक राज्य में 54.29 लाख मीट्रिक टन धान की आवक दर्ज की गई, जिसमें से 46.21 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद पूरी हो चुकी है. यानी कुल आवक का करीब 85 प्रतिशत धान खरीदा जा चुका है. उन्होंने बताया कि अब तक 6.32 लाख से अधिक किसानों की खरीद प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है और उनके खातों में सीधे 7,841 करोड़ रुपये का भुगतान भेजा गया है. उनका कहना है कि सरकार धान खरीद और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है.
उत्तम कुमार रेड्डी ने इस धान खरीद अभियान को राज्य के इतिहास का रिकॉर्ड बनाने वाला रबी खरीद अभियान बताया, जिसे पूरे राज्य में युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बीआरएस सरकार के दौरान रबी 2021-22 में केवल 26.78 लाख मीट्रिक टन और रबी 2022-23 में 36.63 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई थी, जबकि कांग्रेस सरकार ने इस सीजन में अब तक 46.21 लाख मीट्रिक टन धान खरीद लिया है और खरीद प्रक्रिया अभी भी जारी है.
2024-25 में कितनी हुई थी खरीदी
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के पिछले रबी सीजन 2024-25 में (22 मई 2025 तक) तेलंगाना में रिकॉर्ड 60.44 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी. इस दौरान किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के रूप में 10,882 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था. रेड्डी ने कहा कि जो लोग वर्षों तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पाए, वे अब कांग्रेस सरकार की पारदर्शी और किसान-केंद्रित खरीद व्यवस्था की सफलता को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं.
13,000 ट्रकों से होगी धान की ढुलाई
उत्तम कुमार रेड्डी ने राज्य में जूट के बोरों (गन्नी बैग) की कमी के आरोपों को पूरी तरह निराधार और गैर-जिम्मेदाराना बताया. उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में करीब 20 करोड़ गन्नी बैग उपलब्ध हैं और धान खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से चलाने के लिए पर्याप्त भंडार मौजूद है. मंत्री के अनुसार, धान के परिवहन के लिए 13,000 से अधिक ट्रकों को लगाया गया है और अब तक 43 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान को राइस मिलों तक पहुंचाया जा चुका है. उन्होंने कहा कि सरकार खरीद प्रक्रिया में किसी भी तरह की बाधा नहीं आने दे रही है और सभी व्यवस्थाएं पर्याप्त हैं.