दाल किसानों के लिए 125 करोड़ जारी, 1 लाख क्विंटल सर्टिफाइड बीजों की बुवाई से रिकॉर्ड उत्पादन होगा

Pulses Crops Acreage Rise: कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में दलहनी फसलों की औसत उत्पादकता 12.01 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है, जो राष्ट्रीय औसत 9.26 क्विंटल प्रति हेक्टेयर से काफी अधिक है. साल 2024-25 में 25.66 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में बुवाई की गई थी, जिसे वर्ष 2025-26 में बढ़ाकर 30.77 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य है.

नोएडा | Published: 9 Feb, 2026 | 12:09 PM

दाल किसानों के लिए चलाई जा रही दलहन मिशन योजना के तहत उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने 125 करोड़ का चेक राज्य के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को सौंपा गया है. यह राशि दलहन किसानों को प्रोत्साहन देने के लिए खर्च की जाएगी. रबी सीजन में किसानों को फसलों की बुवाई के लिए 1 लाख क्विंटल से अधिक प्रमाणित बीज मुफ्त दिए गए हैं. इसमें दलहन-तिलहन फसलों के साथ ही अन्य रबी फसलों के बीज भी शामिल हैं.

उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से उत्तर प्रदेश में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 125 करोड़ रुपए का प्रतीकात्मक चेक प्रदान करने के निर्णय का स्वागत किया. उन्होंने इस विशेष सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया.उन्होंने कहा कि यह वित्तीय सहायता प्रदेश के किसानों की आय वृद्धि, पोषण सुरक्षा और दलहन आत्मनिर्भरता के संकल्प को सिद्ध करने में मील का पत्थर साबित होगी.

दलहन उत्पादन में यूपी देश में चौथे नंबर पर – कृषि मंत्री

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाई गई रणनीति पर काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश वर्तमान में देश के शीर्ष दलहन उत्पादक राज्यों में शामिल है और वर्ष 2024-25 में 30.82 लाख मीट्रिक टन उत्पादन के साथ चौथे स्थान पर रहा है. भारत के कुल 256.83 लाख मीट्रिक टन दलहन उत्पादन में उत्तर प्रदेश का योगदान 12 फीसदी है.

दलहन फसलों की उत्पादन क्षमता बढ़ी

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में दलहनी फसलों की औसत उत्पादकता 12.01 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है, जो राष्ट्रीय औसत 9.26 क्विंटल प्रति हेक्टेयर से काफी अधिक है. वर्ष 2024-25 में 25.66 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में बुवाई की गई थी, जिसे वर्ष 2025-26 में बढ़ाकर 30.77 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

एक लाख क्विंटल प्रमाणित बीज किसानों को दिए

कृषि मंत्री ने कहा कि दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के तहत उन्नत बीजों के वितरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है. वर्ष 2025-26 में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कुल 1,05,642 कुंतल प्रमाणित बीज वितरित किए गए हैं. राज्य सरकार द्वारा संचालित मुफ्त बीज मिनीकिट योजना के तहत 12,413 कुंतल बीज वितरित कर 92,517 किसानों को लाभान्वित किया गया, जबकि भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए 17,297 कुंतल बीज मिनीकिट से 2,04,693 किसान लाभान्वित हुए हैं.

75 हजार मीट्रिक टन दलहन फसलों की खरीद

दलहन खरीद के क्षेत्र में भी प्रदेश बेहतर प्रदर्शन कर रहा है. साल 2024-25 में 75.85 हजार मीट्रिक टन की खरीद की गई. भावी रणनीति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गन्ने के साथ अंतःफसली खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है. वर्ष 2025-26 के रबी सीजन में 40,000 हेक्टेयर में मसूर तथा जायद में 1,00,000 हेक्टेयर क्षेत्रफल में उर्द एवं मूंग की खेती का विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है. इसके लिए जायद 2026 में 20,000 कुंतल उर्द एवं मूंग के प्रमाणित बीज अनुदान पर वितरित करने का लक्ष्य है.

Topics: