बाढ़ के बीच सांपों का आतंक! फार्म से निकलकर सड़कों पर पहुंचे 900 सांप, लोगों में दहशत, जानें पूरा मामला
Flood News: भारी बारिश और बाढ़ के बाद एक स्नेक फार्म से करीब 900 सांप बाहर निकल आए, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई. कुछ लोगों को सांप ने काटा और एक महिला की मौत भी हो गई. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, खुद सांप पकड़ने की कोशिश न करने और अस्पतालों में एंटी-वेनम की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है.
Snake Farm China: चीन के ग्वांग्शी में भारी बारिश और बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं. बाढ़ से घर, सड़कें और खेत तो प्रभावित हुए ही, लेकिन एक ऐसी घटना भी सामने आई जिसने पूरे इलाके में डर का माहौल बना दिया. बाढ़ के दौरान एक स्नेक फार्म (सांप पालन केंद्र) को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद करीब 900 सांप बाहर निकलकर आसपास के इलाकों में फैल गए. इनमें कुछ कोबरा जैसे जहरीले सांप भी बताए जा रहे हैं. घटना के बाद प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, जबकि सोशल मीडिया पर सांपों के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं.
कैसे बाहर निकले सैकड़ों सांप?
यह घटना 6 जुलाई को ग्वांग्शी के हेंगझोउ शहर के वान बिएउ कस्बे के डांग वू गांव में हुई. लगातार बारिश के कारण आई बाढ़ में स्नेक फार्म की दीवारें टूट गईं और तेज पानी के बहाव के साथ करीब 800 से 900 सांप बाहर निकल आए. बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंचने के कारण कई सांप गांव और सड़कों पर दिखाई देने लगे. इससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. बता दें कि, ये बाढ़ हाल के सालों में ग्वांग्शी में आई सबसे भीषण बाढ़ में से एक है.
वीडियो ने बढ़ाई लोगों की चिंता
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कई सांप पानी के तेज बहाव के साथ रेंगते हुए दिखाई दे रहे हैं. कुछ जगहों पर लोग कमर तक भरे पानी में लाठी और जाल लेकर सांपों को पकड़ने की कोशिश करते नजर आए.
انهيار سد في الصين يتسبب بفرار 900 ثعبان من مزرعة والسلطات تحذر المواطنين بعد تسرب أفاعٍ سامة منها الكوبرا إلى المناطق المحيطة. pic.twitter.com/XKwMhIKM0t
— موسكو | 🇷🇺 MOSCOW NEWS (@M0SC0W0) July 10, 2026
एक महिला की मौत, कई इलाकों में अलर्ट
स्थानीय मीडिया के अनुसार, बाढ़ के बाद एक महिला को कोबरा ने काट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई. वहीं एक अन्य व्यक्ति को भी सांप ने काटा, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई. प्रशासन ने सांप पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई है, जो जाल और अन्य सुरक्षित तरीके से सांपों को पकड़ रही है. साथ ही अस्पतालों में एंटी-वेनम (सांप के जहर की दवा) का पर्याप्त इंतजाम भी किया गया है.
62 नदियां उफान पर, हजारों लोग प्रभावित
चीन में लगातार हो रही बारिश के कारण हालात लगातार बिगड़ रहे हैं. सरकारी अधिकारियों के अनुसार, देश की 62 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. कई इलाकों में बाढ़, तूफान और तेज हवाओं ने भारी तबाही मचाई है. रिपोर्टों के मुताबिक, 93 हजार से ज्यादा लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं, जबकि 54 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. कई जगहों पर जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है.
ग्वांग्शी में क्यों होते हैं इतने ज्यादा स्नेक फार्म?
ग्वांग्शी को चीन में सांप पालन का बड़ा केंद्र माना जाता है. यहां बड़ी संख्या में सांप पाले जाते हैं. इनका इस्तेमाल दवाइयां बनाने, वैज्ञानिक जांच, पारंपरिक इलाज, चमड़े के सामान और कुछ जगहों पर कानूनी रूप से मांस के लिए भी किया जाता है. बताया जाता है कि इस क्षेत्र में करोड़ों रेंगने वाले जीवों का पालन किया जाता है. यही वजह है कि, बाढ़ के दौरान स्नेक फार्म को नुकसान पहुंचने से बड़ी संख्या में सांप बाहर निकल आए.
कैसे होती है सांपों की फार्मिंग?
कुछ देशों, खासकर चीन और वियतनाम में कानूनी नियमों के तहत सांपों की फार्मिंग की जाती है. इन फार्मों में सांपों को सुरक्षित जगह पर रखा जाता है और उनके खाने, रहने का तापमान और सेहत का पूरा ध्यान रखा जाता है. इन सांपों से सावधानी के साथ जहर (वेनम) निकाला जाता है, जिसका इस्तेमाल सांप के काटने की दवा (एंटी-वेनम) और दूसरी जरूरी दवाइयां बनाने में किया जाता है. इसके अलावा कुछ देशों में सांपों का इस्तेमाल पारंपरिक इलाज, वैज्ञानिक जांच, चमड़े के सामान और कानूनी रूप से मांस के लिए भी किया जाता है. ऐसे फार्मों में सुरक्षा के बहुत सख्त इंतजाम होते हैं, क्योंकि जहरीले सांपों के साथ काम करना काफी खतरनाक माना जाता है.