ये छोटी सी लापरवाही पड़ सकती भारी है, जानें गर्मी में पशुओं की देखभाल करने का सबसे जरूरी तरीका

Dairy Summer Care Tips: गर्मियों में पशुओं के लिए पानी बेहद जरूरी होता है, क्योंकि यह उनके शरीर का बड़ा हिस्सा बनाता है और दूध उत्पादन में अहम भूमिका निभाता है. पानी पाचन, पोषण और शरीर का तापमान नियंत्रित रखने में मदद करता है. पर्याप्त और साफ पानी न मिलने पर पशु कमजोर हो जाते हैं और दूध उत्पादन घट जाता है. इसलिए गर्मी में दिन में कई बार ताजा पानी देना जरूरी है.

नोएडा | Updated On: 13 May, 2026 | 08:14 AM

Dairy Farming Tips: पानी हर जीव के लिए जरूरी है, लेकिन पशुओं के लिए इसका महत्व और भी ज्यादा बढ़ जाता है, खासकर गर्मियों के मौसम में. बिहार डेयरी एवं मत्स्य पालन विभाग के अनुसार, पशुओं के शरीर का लगभग 60-70 फीसदी हिस्सा पानी से बना होता है, वहीं दूध का करीब 85-87 फीसदी हिस्सा भी पानी ही होता है. ऐसे में अगर पशुओं को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिलता, तो उनकी सेहत और उत्पादन दोनों पर सीधा असर पड़ता है.

पाचन और पोषण में पानी की भूमिका

पानी सिर्फ प्यास बुझाने का साधन नहीं है, बल्कि यह पशुओं के शरीर में कई जरूरी प्रक्रियाओं को सुचारू रूप से चलाने में मदद करता है. बिहार डेयरी एवं मत्स्य पालन विभाग के अनुसार, यह चारे को पचाने, पोषक तत्वों को शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने और खून के संचार को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाता है. यदि पानी की कमी हो जाए, तो पशु कमजोर होने लगते हैं और उनका विकास रुक सकता है. गर्मियों में तापमान बढ़ने से पशुओं के शरीर का तापमान भी बढ़ जाता है.

ऐसे में पानी शरीर को ठंडा रखने में मदद करता है और हीट स्ट्रेस से बचाता है. पर्याप्त पानी मिलने से पशु सक्रिय रहते हैं और गर्मी का प्रभाव कम होता है. वहीं, पानी की कमी होने पर पशु जल्दी थक जाते हैं और बीमार पड़ सकते हैं.

दूध उत्पादन से सीधा संबंध

दूध उत्पादन में पानी की अहम भूमिका होती है. एक दुधारू गाय को 1 लीटर दूध उत्पादन के लिए लगभग 3 से 5 लीटर पानी की जरूरत होती है. अगर पानी की मात्रा कम हो जाती है, तो दूध उत्पादन भी घटने लगता है. इसलिए पशुपालकों के लिए जरूरी है कि वे अपने पशुओं को भरपूर पानी उपलब्ध कराएं, ताकि उत्पादन बना रहे.

कितनी बार और कैसे दें पानी?

गर्मियों में पशुओं को दिन में कम से कम 3 बार साफ और ताजा पानी देना जरूरी है. पानी हमेशा स्वच्छ होना चाहिए और बर्तनों को भी नियमित रूप से साफ करना चाहिए. साथ ही, यह ध्यान रखना चाहिए कि पशु जब चाहें, तब आसानी से पानी पी सकें.

पानी की कमी के नुकसान

यदि पशुओं को पर्याप्त पानी नहीं मिलता, तो डिहाइड्रेशन, कमजोरी, भूख में कमी और दूध उत्पादन में गिरावट जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं. लंबे समय तक पानी की कमी रहने पर पशु बीमार भी पड़ सकते हैं, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. गर्मी के मौसम में पशुओं की देखभाल के लिए पानी सबसे महत्वपूर्ण तत्व है. सही मात्रा में साफ और ताजा पानी उपलब्ध कराकर पशुओं को स्वस्थ रखा जा सकता है और दूध उत्पादन को भी बनाए रखा जा सकता है.

Published: 13 May, 2026 | 06:45 AM

Topics: