कृषि मंत्री बोले- किसानों की मेहनत ने बदली तस्वीर, भारत बना डेयरी का बादशाह
World Milk Day 2026: वर्ल्ड मिल्क डे (1 जून) के अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डेयरी किसानों और पशुपालकों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है, जिसका श्रेय किसानों की मेहनत और डेयरी क्षेत्र की प्रगति को जाता है.
Milk Production India: हर साल 1 जून को पूरी दुनिया में वर्ल्ड मिल्क डे मनाया जाता है. इसकी शुरुआत साल 2001 में संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) ने की थी. इस दिन का उद्देश्य दूध के पोषण महत्व, डेयरी उद्योग की भूमिका और इससे जुड़े लोगों के योगदान को सम्मान देना है. दूध को एक संपूर्ण आहार माना जाता है, जो बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है.
भारत को मिली वैश्विक पहचान
भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बन चुका है. इस उपलब्धि के पीछे करोड़ों किसानों, पशुपालकों और डेयरी उत्पादकों की मेहनत छिपी है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर सभी डेयरी क्षेत्र से जुड़े लोगों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा कि भारत को दूध उत्पादन में आत्मनिर्भर और अग्रणी बनाने में किसानों की भूमिका सबसे अहम है.
कृषि मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि सभी डेयरी उत्पादकों और पशुपालकों को वर्ल्ड मिल्क डे की हार्दिक शुभकामनाएं. उन्होंने कहा कि भारत आज दूध उत्पादन में विश्व में पहले स्थान पर है और यह उपलब्धि किसानों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है.
श्वेत क्रांति और डेयरी विकास की कहानी
भारत में दूध उत्पादन की बड़ी सफलता की शुरुआत श्वेत क्रांति (White Revolution) से हुई थी. साल 1965 में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) की स्थापना की गई और डेयरी विशेषज्ञ वर्गीज कुरियन को इसका जिम्मेदारी दी गई थी. इसके बाद 1970 से 1996 तक ऑपरेशन फ्लड शुरू किया गया, जिसे दुनिया का सबसे बड़ा ग्रामीण विकास कार्यक्रम माना जाता है.
इस योजना के तहत पूरे देश में 73,000 से ज्यादा डेयरी सहकारी समितियां बनाई गईं, जिससे लाखों किसानों को फायदा हुआ और भारत में दूध उत्पादन में बड़ा बदलाव आया.
सभी दुग्ध उत्पादकों, गोपालकों, पशुपालकों एवं डेयरी क्षेत्र से जुड़े लोगों को विश्व दुग्ध दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!
आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है। दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर और अग्रणी बनाने वाले सभी अन्नदाता किसानों, गोपालकों,… pic.twitter.com/LO06grpyHY
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) June 1, 2026
भारत का दूध उत्पादन आंकड़ों में
आंकड़े बताते हैं कि भारत 1998 से लगातार दुनिया का नंबर एक दूध उत्पादक देश बना हुआ है. आज वैश्विक दूध उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी लगभग 25 प्रतिशत है. वर्ष 2014-15 से 2023-24 के बीच दूध उत्पादन में 63.56 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई है, जो 146.3 मिलियन टन से बढ़कर 239.2 मिलियन टन तक पहुंच गया है.
किसानों और पशुपालकों की अहम भूमिका
इस सफलता के पीछे गांव-गांव में मेहनत करने वाले किसान और पशुपालक हैं. उन्होंने आधुनिक तकनीक अपनाकर डेयरी क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. सरकार की योजनाओं और सहकारी समितियों ने भी इस विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. वर्ल्ड मिल्क डे केवल एक उत्सव नहीं बल्कि उन लोगों को सम्मान देने का अवसर है जिन्होंने भारत को दूध उत्पादन में विश्व नेता बनाया. आने वाले समय में अगर इसी तरह तकनीक, नीति और मेहनत का मेल जारी रहा, तो भारत डेयरी क्षेत्र में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है.