Fruit-Vegetable Buying Tips: अक्सर हम बाजार से फल और सब्जियां उनकी चमक और रंग देखकर खरीद लेते हैं, लेकिन क्या वे सच में ताजी और पौष्टिक होती हैं? सही चुनाव न करने पर स्वाद के साथ सेहत भी प्रभावित हो सकती है. इसी को ध्यान में रखते हुए Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) ने उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए कुछ आसान सुझाव साझा किए हैं. इन टिप्स की मदद से आप बिना किसी लैब टेस्ट के भी ताजगी की पहचान कर सकते हैं.
फल खरीदते समय इन बातों पर दें ध्यान
फल लेते समय केवल रंग या आकार पर न जाएं. ऐसे फल चुनें जो हाथ लगाने पर सख्त महसूस हों, जिन पर दाग-धब्बे न हों और जो साफ-सुथरे दिखें. खासकर खट्टे फल जैसे संतरा या मौसमी खरीदते समय ध्यान रखें कि वे अपने आकार के अनुसार भारी हों. भारी फल आमतौर पर रसदार और ताजे होते हैं. हल्के वजन वाले फल अक्सर सूखे या बासी हो सकते हैं. हल्के हरे धब्बे होना सामान्य है, इससे क्वालिटी पर खास असर नहीं पड़ता.
जड़ वाली सब्जियां: आकार नहीं, मजबूती देखें
गाजर, मूली, चुकंदर या शकरकंद जैसी जड़ और कंद वाली सब्जियां खरीदते समय उन्हें हाथ में लेकर देखें. वे सख्त और भारी महसूस होनी चाहिए. बहुत बड़ी सब्जियां हमेशा अच्छी नहीं होतीं. छोटे या मध्यम आकार की सब्जियां अक्सर ज्यादा स्वादिष्ट और ताजी होती हैं. अगर सब्जी नरम लगे या उस पर ज्यादा झुर्रियां दिखें, तो उसे खरीदने से बचें.
The real test of fresh food begins before it reaches your kitchen.
Swipe for simple buying tips. #FSSAITips #EatRightIndia pic.twitter.com/AOIgzeIMkn— FSSAI (@fssaiindia) February 27, 2026
अंगूर लेते समय डंठल पर करें फोकस
अंगूर खरीदते समय केवल दानों की चमक न देखें. दाने भरे हुए, सख्त और डंठल से मजबूती से जुड़े होने चाहिए. डंठल का रंग भी बहुत कुछ बताता है. अगर डंठल हरा और लचीला है, तो अंगूर ताजे हैं. लेकिन अगर वह सूखा और भूरा दिखे, तो समझ लें कि अंगूर पुराने हो सकते हैं.
प्याज की पहचान ऐसे करें
प्याज खरीदते समय उसे हाथ में लेकर देखें. अच्छा प्याज हमेशा भारी और सख्त होता है. बहुत हल्का या नरम प्याज अंदर से खराब निकल सकता है. अगर प्याज की ऊपरी परत बहुत ज्यादा सूखी या सड़ी हुई लगे, तो उसे लेने से बचें.
सुरक्षित खरीदारी क्यों जरूरी है?
फल और सब्जियां हमारी रोजमर्रा की डाइट का अहम हिस्सा हैं. अगर वे ताजी और सही गुणवत्ता की न हों, तो पोषण की मात्रा कम हो सकती है. FSSAI का उद्देश्य है कि लोग ‘Eat Right’ की सोच अपनाएं और समझदारी से खरीदारी करें. सही जानकारी के साथ लिया गया छोटा-सा फैसला आपकी और आपके परिवार की सेहत को सुरक्षित रख सकता है.
अगली बार जब आप बाजार जाएं, तो सिर्फ दिखावे पर भरोसा न करें. फल और सब्जियों को हाथ से जांचें, उनका वजन महसूस करें और ताजगी के संकेत पहचानें. थोड़ी-सी सावधानी से आप बेहतर और सुरक्षित भोजन चुन सकते हैं. सेहतमंद जीवन की शुरुआत सही खरीदारी से ही होती है.