जहरीली शराब पीने से 4 गांवों के 9 लोगों की मौत, सीएम ने जांच के निर्देश दिए.. फोर्स तैनात

मध्य प्रदेश के सागर में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई मौतों पर CM मोहन यादव ने कहा कि मैंने संबंधित मंत्री और अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए हैं. हम कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेंगे और जांच कराएंगे.

नोएडा | Updated On: 6 Sep, 2026 | 11:43 AM

मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील के चार गांवों में जहरीली शराब पीने से शनिवार-रविवार की दरमियानी रात नौ लोगों की मौत हो गई है. जबकि, पांच अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है. सीएम मोहन यादव ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. वहीं, कांग्रेस ने मामले को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि पूरे प्रदेश में शराब माफिया बेखौफ होकर लोगों की जान ले रहे हैं.

मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मीडिया से कहा कि सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब के सेवन से कुछ लोगों की मृत्यु हुई है. अभी मेरी पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बात हुई है. करीब नौ लोगों की मौत हुई है. कुछ लोगों को अस्पताल में उपचार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आबकारी आयुक्त सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी बंडा में मौजूद हैं और घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.

सीएम ने जांच और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश

मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों पर MP के CM मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि मैंने संबंधित मंत्री और अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए हैं; हम कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेंगे और जांच कराएंगे. हमारी सरकार ऐसी घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी. राज्य के कुछ हिस्सों में जलभराव पर उन्होंने कहा कि हमने इससे निपटने के लिए उचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं.

सिविल अस्तपाल में इलाज जारी, इलाके में जांच दल तैनात

सागर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) देवेश पटेरिया ने कहा कि जहरीली शराब पीने से नौ से 10 लोगों की मौत हुई है. उन्होंने बताया कि पांच लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सागर जिला अस्पताल भेजा गया है.  हालांकि, सागर की जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने मीडिया को बताया कि यह जरूरी नहीं है कि मौतें जहरीली शराब के सेवन के कारण ही हुई हों.

सागर की जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने कहा कि कुछ लोग बीमार हैं और कुछ मौतें भी हुई हैं. सिविल अस्पताल में उनकी जांच की जा रही है. नौराज और घूघर समेत आसपास के चिह्नित इलाकों में चिकित्सकों और अधिकारियों की जांच दल तैनात किए गए हैं.

पीड़ित गांव के लोगों से लक्षण मिलने पर जांच कराने की अपील

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी प्रकार की शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति को यदि किसी तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो वह तुरंत चिकित्सक से जांच कराए. उन्होंने कहा कि प्रशासन ऐसे सभी मामलों पर नजर रख रहा है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

बराज, घूघर, नौराज गांवों में मातम

बंडा के पूर्व विधायक तरवर लोधी ने दावा किया कि जहरीली शराब पीने के कारण नौ लोगों की मौत हुई है. उन्होंने कहा कि बंडा विकासखंड के बराज, घूघर, नौराज और आसपास के गांवों में रहने वाले कई लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था, जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. प्रभावित गांवों में मातम पसरा हुआ है. उन्होंने बताया कि परिजन उन्हें इलाज के लिए बंडा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया.

उन्होंने कहा कि चार-पांच लोग बंडा सिविल अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि चार-पांच लोगों को सागर भेजा गया है. लोधी ने लोगों से अपील की कि जिन लोगों ने पिछले दो-तीन दिन में बंडा क्षेत्र की किसी दुकान या अवैध रूप से शराब बेचने वालों से शराब खरीदकर पी है और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी थोड़ी भी परेशानी महसूस हो रही है, वे तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक से जांच कराएं.

राज्य में शराब माफिया बेखौफ होकर लोगों की जान ले रहे- कांग्रेस

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सागर में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला. पटवारी ने ग्वालियर में संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में शराब माफिया बेखौफ होकर लोगों की जान ले रहे हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री से नशे के माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

Published: 6 Sep, 2026 | 11:36 AM

Topics: