Todays Top News List: यूपी बजट में कृषि पर सरकार का फोकस, US ट्रेड डील पर संसद में घमासान, पंजाब में गन्ना उत्पादन बढ़ा, दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ें

Latest Agriculture News in Hindi: उत्तर प्रदेश का बजट 2026 आज सुबह 11 बजे पेश हो रहा है. यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में बजट पेश करेंगे. अगले वर्ष यानी 2027 चुनावी साल, जबकि पंचायत चुनाव इसी साल हैं. ऐसे में योगी सरकार इस बजट में कुछ बड़ी घोषणाएं कर सकती हैं. किसानों, महिलाओं और युवा वर्ग को इस बजट से साधने की कोशिश होगी. यूपी विधानसभा में पेश होने जा रहे बजट 2026 को कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. आज दिनभर के कृषि समाचार यहां पढ़ें..

Agriculture News in Hindi: मौसम विभाग ने दो से तीन दिन तक पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट वर्षा अनुमान व्‍यक्‍त किया है. वहीं, जम्मू कश्मीर समेत पहाड़ी हिस्सों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है. हालांकि, कुछ मैदानी हिस्सों में सुबह शाम के मुकाबले दिन का तापमान अधिक रहने वाला है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.

नोएडा | Updated On: 11 Feb, 2026 | 08:44 PM
The liveblog has ended.
  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    11 Feb 2026 06:56 PM (IST)

    शिवराज सिंह चौहान कृषि सेक्टर में विशेष रोडमैप तैयार करने का किया ऐलान,

    केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को त्रिपुरा में कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष रोडमैप तैयार करने की घोषणा की. मंत्री ने कहा कि भाजपा की पहली प्राथमिकता लोगों की जिंदगी बेहतर बनाना है. त्रिपुरा में कृषि क्षेत्र अच्छा है, लेकिन सुधार और विकास के लिए विशेष रोडमैप तैयार किया जाएगा. इसके लिए देश के शीर्ष कृषि विशेषज्ञ और वैज्ञानिक त्रिपुरा का दौरा कर मिट्टी और कृषि जलवायु की जांच करेंगे और उसके आधार पर राज्य में कृषि सुधार के लिए रोडमैप तैयार होगा.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    11 Feb 2026 06:39 PM (IST)

    अमेरिका के साथ हुआ समझौता देश के किसानों और बाजार के लिए खतरनाक है- अवधेश प्रसाद

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि अमेरिका के साथ हुआ समझौता देश के किसानों और बाजार के लिए खतरनाक है. उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और हमें अपने किसानों पर गर्व है. अगर हमारी खेती खत्म हो गई, तो हमारे पास क्या बचेगा?

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    11 Feb 2026 06:25 PM (IST)

    753.55 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न और 48.18 लाख मीट्रिक टन तिलहन उत्पादन का लक्ष्य रखा गया

    वित्त मंत्री ने बताया कि 2026-27 में 753.55 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न और 48.18 लाख मीट्रिक टन तिलहन उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है. यूपीएग्रीज परियोजना के तहत एक्वा कल्चर की आधारभूत संरचना मजबूत करने के लिए 155 करोड़ रुपये से विश्वस्तरीय हैचरी और ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे. इसी परियोजना के अंतर्गत एग्री-एक्सपोर्ट हब बनाने के लिए 245 करोड़ रुपये और किसान उत्पादक संगठनों (FPO) के लिए रिवॉल्विंग फंड योजना में 75 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि कृषकों के डीजल पंप सेट को सोलर पंप में परिवर्तित करने की योजना के लिए 637 करोड़ 84 लाख रुपये की व्यवस्था की गई है. नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फॉर्मिंग योजना सभी जनपदों के 94,300 हेक्टेयर में संचालित है. इस योजना के लिए बजट में 298 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    11 Feb 2026 06:10 PM (IST)

    UP Budget 2026: कृषि योजनाओं के लिए 10,888 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया

    उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं, महिलाओं और श्रमिकों को मजबूत बनाना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना सरकार की प्राथमिकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए कृषि क्षेत्र पर खास जोर दिया गया है. इस बार कृषि योजनाओं के लिए 10,888 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले साल की तुलना में करीब 20 प्रतिशत ज्यादा है. इसके अलावा पशुधन, मत्स्य, खाद्य एवं रसद और उद्यान विभाग के लिए भी बड़ी धनराशि रखी गई है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    11 Feb 2026 05:50 PM (IST)

    सरकार ने अमेरिका के साथ समझौते में पूरी तरह सरेंडर कर दिया है- केसी वेणुगोपाल

    दिल्ली में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार पूरी तरह घबराई हुई है. उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी ने अपने भाषण में आखिर गलत क्या कहा. वेणुगोपाल का आरोप है कि सरकार ने अमेरिका के साथ समझौते में पूरी तरह सरेंडर कर दिया है. उनका कहना है कि अब सरकार की सच्चाई सबके सामने आ गई है और वह पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    11 Feb 2026 05:35 PM (IST)

    राहुल गांधी को बेबुनियाद आरोप लगाने की आदत है- केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी

    केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी को बेबुनियाद आरोप लगाने की आदत है. उन्होंने कहा कि दो तरह के नेता होते हैं. एक वे जो जिम्मेदारी लेकर पूरी जिंदगी देश सेवा और विकास में लगा देते हैं और देश को 10वीं से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में योगदान देते हैं. वहीं दूसरे ऐसे नेता हैं जो कभी-कभी देश आते हैं और संसद में अपनी बात कहकर, ठोस जवाब मिलने पर सदन छोड़कर चले जाते हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी आज अपनी स्पीच के बाद सदन से चले गए.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    11 Feb 2026 05:18 PM (IST)

    उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने PM मोदी और अमित शाह से मुलाकात की

    महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    11 Feb 2026 05:03 PM (IST)

    पंजाब में सालाना औसत गन्ना उत्पादन लगभग 780 लाख क्विंटल है

    पंजाब में सालाना औसत गन्ना उत्पादन  लगभग 780 लाख क्विंटल है, जिसमें से करीब 630 लाख क्विंटल मिलों तक पेराई के लिए पहुंचता है. इनमें से 470 लाख क्विंटल निजी मिलें प्रोसेस करती हैं, जबकि शेष सहकारी मिलों में जाता है.  पंजाब में कुल 15 शुगर मिलें हैं, जिनमें से 9 सहकारी क्षेत्र की और 6 निजी प्रबंधन के तहत चल रही हैं. कुल गन्ना पेराई में सहकारी मिलों की हिस्सेदारी लगभग 30 प्रतिशत है, जबकि बाकी पेराई निजी मिलें करती हैं. सहकारी मिलें गुरदासपुर, बटाला, अजनाला, भोगपुर, नकोदर, नवांशहर, बुडेवाल, मोरिंडा और फाजिल्का में स्थित हैं. वहीं निजी मिलें खन्ना, बुट्टर सेवियां, किरी अफगाना, मुकेरियां, दसूहा और फगवाड़ा में हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    11 Feb 2026 04:48 PM (IST)

    योगी सरकार ने बजट में कृषि क्षेत्र को दी प्राथमिकता, कृषि योजनाओं के लिए 10,888 करोड़ रुपये का प्रावधान

    योगी सरकार ने अपने बजट में किसानों और कृषि क्षेत्र को प्राथमिकता दी है. कृषि योजनाओं के लिए 10,888 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. किसानों के डीजल पंप सेट को सोलर पंप में बदलने के लिए 637 करोड़ 84 लाख रुपये रखे गए हैं, जबकि निजी नलकूपों को लगातार बिजली देने के लिए 2,400 करोड़ रुपये दिए गए हैं. उद्यान और खाद्य प्रसंस्करण के लिए 2,832 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है. पशुधन के तहत छुट्टा गोवंश के रख-रखाव के लिए 2,000 करोड़ रुपये तय किए गए हैं. मत्स्य क्षेत्र में अत्याधुनिक थोक बाजार, एकीकृत एक्वा पार्क और प्रसंस्करण केंद्र स्थापित करने के लिए 100 करोड़ रुपये दिए जाएंगे. खाद्य एवं रसद योजनाओं के लिए 20,124 करोड़ रुपये का प्रावधान है. वहीं दुग्ध विकास के तहत मथुरा में एक नए डेयरी प्लांट की स्थापना होगी, जिसकी क्षमता 30 हजार लीटर से बढ़ाकर 1 लाख लीटर प्रतिदिन की जाएगी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    11 Feb 2026 04:32 PM (IST)

    पेराई सीजन में चीनी मिलें अपनी कैपेसिटी के हिसाब से फसल खरीदने के लिए जूझ रही हैं

    पंजाब में चल रहे पेराई सीजन में चीनी मिलें अपनी कैपेसिटी के हिसाब से फसल खरीदने के लिए जूझ रही हैं. यह हालत गन्ने के खेतों में बाढ़ की वजह से पैदावार में कमी आने की वजह से हुई है. इस कमी से निपटने के लिए, प्राइवेट मिलों के मैनेजमेंट और स्टाफ किसानों से गन्ने का अपना हिस्सा लेने के लिए संपर्क कर रहे हैं.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 04:16 PM (IST)

    भारत मरीन सेक्टर में वैल्यू एडिशन पर फोकस करेगा- यूनियन फिशरीज जॉइंट सेक्रेटरी सागर मेहरा

    चेन्नई: (11 फरवरी) यूनियन फिशरीज़ जॉइंट सेक्रेटरी सागर मेहरा ने बुधवार को कहा कि भारत मरीन सेक्टर में वॉल्यूम-सेंट्रिक ग्रोथ से वैल्यू एडिशन पर अपना फोकस करने के लिए तैयार है, ताकि कटाई के बाद प्रोसेसिंग के दौरान पकड़ी गई लगभग एक-तिहाई मछली के खो जाने या बर्बाद होने की ग्लोबल चुनौती का समाधान किया जा सके.

    यहां वर्ल्ड सीफूड कांग्रेस के मौके पर एक ग्लोबल वर्कशॉप को संबोधित करते हुए मेहरा ने कहा, “भारत अभी लगभग 20 मिलियन टन मछली का प्रोडक्शन करता है, जो हाल के सालों में हुई अच्छी-खासी ग्रोथ को दिखाता है. अब, लीनियर प्रोडक्शन मॉडल से सर्कुलर वैल्यू चेन में शिफ्ट होना समय की ज़रूरत है, खासकर बाय-प्रोडक्ट्स के साइंटिफिक इस्तेमाल और वेस्ट कम करने के ज़रिए.”

    जॉइंट सेक्रेटरी ने इस बात पर जोर दिया कि कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करना और सस्टेनेबिलिटी-ड्रिवन सुधारों को मज़बूत करना देश की मरीन इंग्रेडिएंट्स स्ट्रैटेजी का सेंटर होगा.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 04:07 PM (IST)

    कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष के साथ अभद्र व्यवहार किया : किरेन रिजिजू

    संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि उन्होंने पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है और उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा सत्ता पक्ष और भाजपा इस बात पर एकजुट है कि इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 03:58 PM (IST)

    एमडीए अभियान 2026 का वर्चुअल शुभारंभ, 12 राज्यों के 124 जिलों में फाइलेरिया उन्मूलन की पहल

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने 12 राज्यों के 124 जिलों के लिए मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन यानी एमडीए अभियान 2026’ का नई दिल्ली से वर्चुअल शुभारंभ किया. उन्होंने नागरिकों और अधिकारियों से दवा का पूरा सेवन सुनिश्चित करने और जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया.

    मध्यप्रदेश में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि आठ जिलों के 12 ब्लॉकों में अभियान संचालित होगा. प्रशिक्षित दवा सेवकों द्वारा बूथ और घर-घर भ्रमण कर डी.ई.सी और एल्बेन्डा-जोल दवा दी जाएगी. प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अभियान की सफलता और फाइलेरिया मुक्त मध्यप्रदेश बनाने में निर्णायक होगी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 03:55 PM (IST)

    कृषि रथ चलाकर किसानों को दी जा रही आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी

    मध्य प्रदेश राज्य शासन के निर्देशानुसार कृषक कल्याण वर्ष-2026 के तहत प्रदेश में कृषि रथों का भ्रमण जारी है. इसी क्रम में नरसिंहपुर जिले के सभी 6 विकासखंडों में कृषि रथ चलाया जा रहा है. जिले के किसानों को ई-विकास प्रणाली (ई-टोकन उर्वरक वितरण), आधुनिक कृषि यंत्रों और उन्नत खेती आदि की जानकारी दी जा रही है. कृषि विभाग द्वारा कृषि रथ के माध्यम से किसानों को जागरूक भी किया जा रहा है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 03:40 PM (IST)

    एपस्टीन फाइल सबने पढ़ी है, दुनिया में इस पर इस्तीफे हो रहे हैं और यहां पर्दा डाला जा रहा है - मनोज झा

    दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर RJD MP मनोज झा ने कहा, "लोहिया जी तो उस दौर में कहते थे कि भारत को कोई बेचने की साजिश कर रहा है. मेटाफर है और अगर आप मेटाफर नहीं समझते हैं तो ये चिंता का विषय है. जो कुछ उन्होंने कहा, एपस्टीन फाइल सबने पढ़ी है, दुनिया में इस पर इस्तीफे हो रहे हैं यहां पर्दा डाला जा रहा है."

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 03:28 PM (IST)

    US के साथ अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट एकतरफा, सरकार ने भारत माता को बेच दिया- लोकसभा में बोले राहुल गांधी

    नई दिल्ली: (11 फरवरी) विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सरकार पर 'भारत माता' को बेचने का आरोप लगाया और भारत-US अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट को एकतरफ़ा बताया, जिससे किसानों के हितों को नुकसान हुआ है. यूनियन बजट पर बहस में हिस्सा लेते हुए, उन्होंने ट्रेड एग्रीमेंट का ज़िक्र करते हुए कहा, "आपने भारत को बेच दिया है। क्या आपको भारत को बेचने में शर्म नहीं आती? आपने हमारी मां, भारत माता को बेच दिया है."

    उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से समझौता किया गया है क्योंकि US से कृषि उत्पाद भारतीय बाज़ारों में भर जाएंगे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारतीय कपड़ा उद्योग "खत्म" हो गया है. (पीटीआई)

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 03:09 PM (IST)

    20 से 26 फरवरी तक खजुराहो नृत्य समारोह, नटराज थीम पर शास्त्रीय नृत्यों की भव्य प्रस्तुति होगी

    मध्यप्रदेश में 20 से 26 फरवरी 2026 तक बावन वां खजुराहो नृत्य समारोह आयोजित किया जाएगा. पश्चिमी मंदिर समूह की पृष्ठ-भूमि में यह आयोजन भरत-नाट्यम, कथक, ओडिसी और मोहिनी-अट्टम जैसे शास्त्रीय नृत्यों का अद्भुत प्रदर्शन करेगा. इस वर्ष केंद्रीय थीम नटराज है. समारोह में देश के 7 पद्मश्री और 6 संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार विजेता कलाकार शामिल होंगे.

    पहली बार सांस्कृतिक रैली और खजुराहो कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। 10 से 16 वर्ष के बाल कलाकारों को राष्ट्रीय बाल नृत्य महोत्सव में मंच मिलेगा. लोक कला, शिल्प, व्यंजन और पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से यह महोत्सव मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेगा.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 02:47 PM (IST)

    गेहूं पंजीयन 7 फरवरी से, समर्थन मूल्य बढ़ा; स्वास्थ्य, वन्यजीव और जल संरक्षण पर जोर - मुख्यमंत्री मोहन यादव

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में गेहूं का पंजीयन 7 फरवरी से आरंभ हो गया है और यह 7 मार्च तक चलेगा. गेहूं का समर्थन मूल्य गत वर्ष से 160 रुपए अधिक है. स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के तहत मातृ मृत्यु दर 173 से घटकर 142 और शिशु मृत्यु दर इकतालीस से घटकर 37 हो गई है. वन्य जीव पर्यटन को बढ़ावा देते हुए चीतों की संख्या 35 हुई है और जल्द जंगली भैंसा लाए जाएंगे. जल गंगा अभियान तीन महीने चलेगा. मंत्री-गण अपने जिलों में योजनाओं का समन्वय सुनिश्चित करेंगे.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 02:32 PM (IST)

    राजस्थान बजट में नल का पानी देने के लिए 6,800 करोड़ रुपये और सोलर पार्क के लिए 3,000 करोड़ रुपये का प्रस्ताव

    जयपुर: (11 फरवरी) राजस्थान की डिप्टी चीफ मिनिस्टर दीया कुमारी ने बुधवार को राज्य के 2026-27 के बजट में गांव और शहर की आबादी को नल का पानी देने के लिए 6,800 करोड़ रुपये और बीकानेर और जैसलमेर में सोलर पार्क बनाने के लिए करीब 3,000 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा.

    साल 2026-27 का बजट पेश करते हुए, फाइनेंस मिनिस्टर कुमारी ने मौजूदा सरकार द्वारा किए गए स्ट्रक्चरल सुधारों और समझदारी भरे फाइनेंशियल मैनेजमेंट के असर पर ज़ोर दिया और कहा कि राज्य का इकोनॉमिक साइज़ काफी बढ़ा है.

    उन्होंने कहा कि CM जल जीवन मिशन के तहत गांवों को कवर किया जाएगा और हर घर को नल के पानी से जोड़ा जाएगा। इस पर 4,500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शहरों में 2,300 करोड़ रुपये की लागत से पीने का पानी दिया जाएगा.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 02:14 PM (IST)

    UP ने 2026-27 के लिए 9.13 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, खर्च 12.2 परसेंट बढ़ा

    लखनऊ: (11 फरवरी) उत्तर प्रदेश के फाइनेंस मिनिस्टर सुरेश खन्ना ने बुधवार को राज्य विधानसभा में फाइनेंशियल ईयर 2026-27 के लिए 9.13 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जिसमें इकोनॉमिक ग्रोथ को बढ़ाने के लिए एजुकेशन और एग्रीकल्चर सेक्टर पर फोकस किया गया है.

    सदन में बजट पेश करते हुए, खन्ना ने कहा कि 2026-26 के लिए कुल खर्च 9,12,696.35 करोड़ रुपये है, जो पिछले साल के खर्च से लगभग 12.2 परसेंट ज्यादा है. इस बात पर जोर देते हुए कि राज्य सरकार हमेशा फिस्कल मैनेजमेंट और कर्ज कंट्रोल के लिए पूरी तरह से कमिटेड है, खन्ना ने कहा कि इस बजट में कैपिटल खर्च 19.5 परसेंट है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 01:57 PM (IST)

    बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट मैचों पर 12 फरवरी की मीटिंग में चर्चा होगी- मंत्री

    बेंगलुरु: (11 फरवरी) कर्नाटक के होम मिनिस्टर जी परमेश्वर ने बुधवार को कहा कि शहर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट मैचों की मेज़बानी के लिए मंज़ूरी देने की संभावना पर चर्चा करने और फ़ैसला करने के लिए 12 फरवरी को एक मीटिंग होगी.

    उन्होंने कहा कि मीटिंग में कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA), जो स्टेडियम को मैनेज करता है, के सेफ़्टी और सिक्योरिटी ज़रूरतों का पालन करने के आधार पर चर्चा और फ़ैसला किया जाएगा.

    पिछले साल 4 जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के IPL जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने के बाद मैच रोक दिए गए थे, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 01:39 PM (IST)

    गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी की गई, किसानों को 3,000 करोड़ का अतिरिक्त लाभ मिलेगा

    उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में कहा कि सरकार ने अपने अब तक के कार्यकाल में गन्ना किसानों को 3,04,321 करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड भुगतान कराया है. यह राशि पिछले 22 वर्षों में हुए कुल 2,13,519 करोड़ रुपये के भुगतान से भी 90,802 करोड़ रुपये अधिक है. उन्होंने बताया कि पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी की गई है, जिससे किसानों को करीब 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 01:28 PM (IST)

    नेशनल स्टैंडर्ड के हिसाब से J-K में 12.36 लाख से ज़्यादा स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं: CM उमर अब्दुल्ला

    जम्मू: (12 फरवरी) जम्मू और कश्मीर सरकार ने बुधवार को कहा कि पूरे केंद्र शासित प्रदेश में 12.36 लाख से ज़्यादा स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, और केंद्र द्वारा स्पॉन्सर्ड स्कीम के तहत कई एजेंसियों के जरिए काम किया जा रहा है,

    असेंबली में पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के MLA वहीद-उर-रहमान पारा के एक सवाल के लिखित जवाब में, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पूरे राज्य में लगाए गए स्मार्ट मीटरों की कुल संख्या 12,36,507 है. उन्होंने कहा, "इसके अलावा, जम्मू डिवीज़न के दस ज़िलों में 11 KV फीडरों पर 1,600 स्मार्ट फीडर मीटर भी लगाए गए हैं.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 01:13 PM (IST)

    SC ने खराब हेयरकट के लिए हर्जाना घटाकर 25 लाख रुपये किया, कहा कि हर्जाना अपनी मर्जी से नहीं दिया जा सकता

    नई दिल्ली: (11 फरवरी) सुप्रीम कोर्ट ने एक लग्ज़री होटल सैलून में "खराब हेयरकट" के लिए एक महिला को दिए जाने वाले हर्जाने को 2 करोड़ रुपये से घटाकर 25 लाख रुपये कर दिया है. जस्टिस राजेश बिंदल और मनमोहन की बेंच ने 6 फरवरी को दिए अपने फैसले में कहा कि हालांकि "सर्विस में कमी" साबित हो गई थी, लेकिन कंज्यूमर विवादों में हर्जाना "मज़बूत सबूतों" के आधार पर दिया जाना चाहिए, न कि शिकायत करने वाले के "सिर्फ पूछने" या "मज़बूती" के आधार पर.

    34 पेज का फैसला लिखने वाले जस्टिस बिंदल ने कहा, "हर्जाना सिर्फ शिकायत करने वाले के अंदाज़ों या मर्ज़ी के आधार पर नहीं दिया जा सकता. हर्जाना देने का मामला बनाने के लिए, खासकर जब दावा करोड़ों रुपये का हो, तो कुछ भरोसेमंद और विश्वसनीय सबूत पेश करने होंगे." (PTI)

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 12:57 PM (IST)

    यूपी सरकार ने फसलों की खरीद में तेजी दिखाई, गेहूं किसानों को 2,512 करोड़ रुपये का भुगतान

    यूपी बजट पेश करते हुए वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार ने अन्य फसलों की खरीद में भी तेजी दिखाई है. रबी विपणन वर्ष 2025-26 में 10.27 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद कर किसानों को 2,512 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया. वहीं खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 42.96 लाख मीट्रिक टन धान खरीदकर 9,710 करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों को दी गई. इसके अलावा 54,253 किसानों से 2.14 लाख मीट्रिक टन बाजरा खरीदकर 595 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया. सरकार का दावा है कि इन कदमों से किसानों की आय में बढ़ोतरी हो रही है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 12:43 PM (IST)

    दिल्ली कोर्ट ने जनकपुरी बाइकर मौत की जांच में डिटेल्ड स्टेटस रिपोर्ट मांगी

    नई दिल्ली: (11 फरवरी) यहां की एक कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को 25 साल के बाइकर की मौत के मामले में दर्ज FIR के संबंध में डिटेल्ड स्टेटस रिपोर्ट फाइल करने का निर्देश दिया है। बाइकर की मौत DJB के एक खुले गड्ढे में गिरने से हुई थी. 5-6 फरवरी की दरमियानी रात को, बैंक कर्मचारी कमल ध्यानी, वेस्ट दिल्ली के जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए 15 फुट गहरे गड्ढे में गिर गए.

    ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास हरजोत सिंह औजला ने अर्जी पर सुनवाई करते हुए मामले के इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर को 13 फरवरी को डिटेल्ड स्टेटस रिपोर्ट फाइल करने का निर्देश दिया.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 12:29 PM (IST)

    यूपी का बजट 12 फीसदी बढ़ा, विकास योजनाओं पर खर्च होंगे 9.12 लाख करोड़ रुपये

    उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जो पिछले बजट की तुलना में करीब 12 प्रतिशत अधिक है. खास बात यह है कि  इस बजट में सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए जमकर पैसा खर्च किया है. इसके लिए योजनाओं का भी ऐलान किया गया है. वित्त  मंत्री  ने बजट पेश करते हुए ऐलान किया है कि  बेटियों की शादी के लिए सरकार की ओर से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. राज्य सरकार का कहना है कि  इस बजट में रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और विकास योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    11 Feb 2026 12:12 PM (IST)

    15,700 बच्चों को 12 करोड़ की राशि की शैक्षणिक सहायता, स्कॉलरशिप दी गई- सीएम रेखा गुप्ता

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "बड़ी खुशी की बात है कि जो श्रमिक वर्ग, मजदूर वर्ग पिछली सरकारों के समय में परेशान रहता था, जिनकी अनदेखी होती थी. इस साल में हमारे श्रम मंत्रालय ने जिस तरह से उनकी देखरेख की, उनके लिए योजनाओं पर क्रियान्वयन किया उसका सुखद परिणाम हमें दिख रहा है. आज भी जैसे 15,700 बच्चों को 12 करोड़ की राशि की शैक्षणिक सहायता, स्कॉलरशिप दी गई वह भी बहुत अच्छी पहल है... स्वास्थ्य सुविधाएं, भोजन के लिए अटल कैंटीन ये सारी योजनाएं दिल्ली को बल देने के लिए काम कर रहे हमारे श्रमिक भाई-बहनों के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं..."

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 12:11 PM (IST)

    आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलेगा नया रूप, बच्चों के विकास के लिए 323 करोड़ का प्रावधान

    राजस्थान बजट 2026 में सरकार ने आंगनबाड़ी केंद्रों और छोटे बच्चों के विकास को लेकर बड़ा फैसला लिया है. प्रदेश के 22,746 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ‘जादुई पिटारा’ योजना लागू की जाएगी. इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में खेल सामग्री, शैक्षणिक किट और जरूरी सीखने के उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे. इस योजना के लिए सरकार ने 323 करोड़ रुपये का बजट तय किया है. सरकार का कहना है कि इससे आंगनबाड़ी केंद्रों का आधुनिकीकरण होगा और बच्चों की सीखने की क्षमता के साथ पोषण और विकास पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 12:01 PM (IST)

    गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान, फसलों की खरीद से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

    वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि सरकार ने अपने कार्यकाल में गन्ना किसानों को अब तक 3 लाख 4 हजार 321 करोड़ रुपये से ज्यादा का रिकॉर्ड भुगतान किया है. यह रकम पिछले 22 वर्षों में हुए कुल भुगतान से करीब 90 हजार करोड़ रुपये अधिक है. उन्होंने कहा कि पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है, जिससे किसानों को लगभग 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा. इसके साथ ही सरकार ने गेहूं, धान और बाजरा की खरीद भी बड़े पैमाने पर की है. रबी विपणन वर्ष 2025-26 में 10.27 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदकर किसानों को 2,512 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया. वहीं खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 42.96 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद कर 9,710 करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों को दी गई. इसके अलावा 54 हजार से ज्यादा किसानों से 2.14 लाख मीट्रिक टन बाजरा खरीदकर 595 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है. सरकार का कहना है कि इन फैसलों से किसानों की आय बढ़ेगी और कृषि क्षेत्र और मजबूत होगा.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:50 AM (IST)

    पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी, 3000 पदों पर भर्ती का ऐलान

    राजस्थान बजट 2026 में सरकार ने पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. आमजन को समय पर और सुरक्षित पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए पाइप पेयजल ऑपरेशन के रखरखाव और संचालन हेतु 3000 नए पदों पर भर्ती की जाएगी. डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री ने बताया कि जल सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन के लिए आईटी तकनीक का उपयोग किया जाएगा और एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग (ERP) सिस्टम लागू होगा, जिससे जलापूर्ति योजनाओं की निगरानी और मेंटेनेंस डिजिटल तरीके से किया जा सकेगा. गौरतलब है कि पिछले साल 1050 अधिकारी-कर्मचारियों की संविदा पर तैनाती की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 3000 किया जा रहा है. इससे जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार और रोजगार के नए अवसर दोनों मिलेंगे.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:41 AM (IST)

    राजस्थान बजट 2026- प्रति व्यक्ति सालाना इनकम 2 लाख पार करने का ऐलान

    राजस्थान बजट 2026 पेश करते हुए डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बड़ा लक्ष्य तय किया है. उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य की जनता की औसत प्रति व्यक्ति सालाना आय 2 लाख रुपये से ज्यादा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए सरकार रोजगार बढ़ाने, उद्योगों को बढ़ावा देने, कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ाने पर फोकस करेगी. वित्त मंत्री ने कहा कि यह कदम राजस्थान को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और आम लोगों की जीवनशैली बेहतर करने की दिशा में अहम साबित होगा.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:41 AM (IST)

    28 लाख परिवारों को मिलेगा अपना घर, शहरों में लगेंगी 4 लाख नई स्ट्रीट लाइटें

    राजस्थान बजट 2026 पेश करते हुए वित्त मंत्री दीया कुमारी ने कहा कि सरकार ने आवास योजना के तहत 28 लाख परिवारों के लिए घरों के निर्माण को मंजूरी दी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी लाभार्थियों को किस्तों का भुगतान समय पर किया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य में कोई देरी न हो. इसके साथ ही शहरी इलाकों की सुविधाएं बेहतर करने के लिए नगर निकायों में 4 लाख नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी. इस योजना के लिए बजट में 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का प्रावधान किया गया है. सरकार का कहना है कि इन फैसलों से गरीब और मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी और शहरों में सुरक्षा व रोशनी की व्यवस्था मजबूत होगी.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:40 AM (IST)

    कृषि में यूपी का दबदबा, 9.12 लाख करोड़ के बजट में खेती को बड़ी ताकत

    उत्तर प्रदेश विधानसभा में 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश आज कृषि उत्पादन के मामले में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है. उन्होंने बताया कि यूपी गेहूं, धान, गन्ना, आलू, केला, आम, अमरूद, आंवला और मेंथा जैसे प्रमुख कृषि उत्पादों के उत्पादन में राष्ट्रीय स्तर पर सबसे बड़ा योगदान दे रहा है. सरकार के अनुसार, प्रदेश में सिंचित क्षेत्र में भी बड़ी बढ़ोतरी हुई है. वर्ष 2016-17 में जहां सिंचित क्षेत्र 2.16 करोड़ हेक्टेयर था, वह बढ़कर 2024-25 में करीब 2.76 करोड़ हेक्टेयर हो गया है. इसी अवधि में फसल सघनता 162.7 प्रतिशत से बढ़कर 193.7 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो यह दिखाता है कि प्रदेश में खेती ज्यादा उत्पादक और मजबूत हो रही है. सरकार ने इसे किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:37 AM (IST)

    राजस्थान बजट 2026: सड़क, पुल और उद्योग पर बड़ा फोकस, जानिए अब तक की अहम घोषणाएं

    राजस्थान बजट 2026 में वित्त मंत्री दीया कुमारी ने इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं. बजट में सड़कों, रेलवे ओवरब्रिज और औद्योगिक क्षेत्रों को मजबूत करने पर खास ध्यान दिया गया है. अब तक की प्रमुख घोषणाएं इस प्रकार हैं—

    औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.

    प्रदेश में 11 BOT सड़कों (कुल 435 किमी) के कायाकल्प के लिए 435 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

    बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियों की मरम्मत के लिए 500 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है.

    यातायात को सुगम बनाने के लिए 15 नए ROB/RUB बनाए जाएंगे, जिन पर करीब 920 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

    इसके अलावा 26 नए स्थानों पर ROB/RUB की DPR तैयार की जाएगी.

    राज्य में 1000 किमी सड़कों को राजमार्ग और 2000 किमी सड़कों को मुख्य जिला मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा.

    स्टेट हाईवे पर 500 किमी क्षेत्र में नए पुल और बाईपास बनाने का प्रस्ताव रखा गया है.

    रेलवे क्रॉसिंग पर जाम से मुक्ति और सुरक्षित यात्रा के लिए बड़े स्तर पर निवेश किया जाएगा.

    सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से प्रदेश में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और आम लोगों को सुगम व सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:36 AM (IST)

    दवाओं के दाम घटेंगे, गन्ना किसानों और युवाओं को बड़ी राहत—वित्त मंत्री सुरेश खन्ना

    यूपी बजट 2026 पेश करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कई अहम घोषणाएं कीं. उन्होंने बताया कि प्रदेश में जल्द ही दवाओं के दाम कम किए जाएंगे, ताकि आम लोगों को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें. खन्ना ने कहा कि चौथे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का सफल आयोजन हुआ है, जिसमें करीब 50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए हैं. इन निवेशों से प्रदेश में लगभग 10 लाख नए रोजगार बनने की संभावना है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:34 AM (IST)

    राजस्थान बजट 2026: स्टेट वॉटर पॉलिसी का ऐलान, मोबाइल लैब से होगी पानी की जांच

    राजस्थान बजट 2026 में पानी को लेकर बड़ा और अहम फैसला लिया गया है. सरकार ने राजस्थान स्टेट वॉटर पॉलिसी लाने का ऐलान किया है, जिससे आम लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा मिल सके और औद्योगिक इकाइयों के लिए भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके. बजट के तहत जल गुणवत्ता की जांच के लिए मोबाइल वॉटर टेस्टिंग लैब चलाई जाएंगी, ताकि अलग-अलग इलाकों में मौके पर ही पानी की गुणवत्ता की जांच हो सके. नई नीति में पेयजल के साथ-साथ रॉ वॉटर और ट्रीटेड वॉटर के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट नीतिगत प्रावधान किए जाएंगे. सरकार का उद्देश्य पानी के सही प्रबंधन, गुणवत्ता सुधार और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राज्य में जल संकट से निपटना है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:30 AM (IST)

    1800 करोड़ से सड़कें और आरओबी बनेंगे, बारिश से टूटी सड़कों की होगी मरम्मत

    राजस्थान बजट में सड़क और परिवहन ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार ने बड़े पैमाने पर खर्च का ऐलान किया है. कुल 1800 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों और रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के काम कराए जाएंगे. नॉन पैचेबल सड़कों के लिए 1400 करोड़ रुपये और मिसिंग लिंक सड़कों को जोड़ने के लिए 600 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा अगले साल 250 अटल प्रगति पथ बनाए जाएंगे, जिन पर करीब 500 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी. बारिश से खराब और टूटी सड़कों की मरम्मत के लिए भी सरकार ने 500 करोड़ रुपये का अलग से प्रावधान किया है. इन योजनाओं से गांवों से लेकर शहरों तक सड़क नेटवर्क बेहतर होगा और लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:25 AM (IST)

    यूपी विधानसभा में बजट सत्र शुरू, 9 लाख करोड़ का बजट पेश

    उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र की कार्यवाही शुरू होते ही वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने करीब 9 लाख करोड़ रुपये का बजट सदन में पेश किया. बजट भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में लगातार सुधार हो रहा है और अनुमान है कि वर्ष 2025-26 तक यह 1.20 लाख रुपये तक पहुंच जाएगी. वित्त मंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश गेहूं और आलू उत्पादन में पूरे देश में पहले स्थान पर है. साथ ही कृषि उत्पादन के मामले में भी यूपी नंबर वन बना हुआ है. उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं का असर जमीन पर दिख रहा है और किसानों से लेकर आम लोगों तक की आय में बढ़ोतरी हो रही है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:22 AM (IST)

    भारत–अमेरिका ट्रेड डील में चुपचाप बदलाव, फैक्टशीट की भाषा बदली तो समझौते के मायने भी बदले

    भारत और अमेरिका के बीच जिस ट्रेड डील को बड़ी कामयाबी बताया जा रहा था, उस पर अब सवाल उठने लगे हैं. वजह है व्हाइट हाउस की फैक्टशीट में बिना किसी ऐलान के किया गया बदलाव. पहले जहां भारत के 500 अरब डॉलर के अमेरिकी सामान खरीदने की “कमिटमेंट” की बात थी, अब उसे सिर्फ “खरीदने का इरादा” बताया गया है. यही नहीं, कृषि उत्पादों और कुछ दालों का जिक्र भी नई फैक्टशीट से हटा दिया गया है. डिजिटल टैक्स को लेकर भी अमेरिका का रुख नरम पड़ता दिख रहा है. इन बदलावों के बाद साफ है कि ट्रेड डील की शर्तें अब पहले जितनी सख्त नहीं रहीं और समझौते की तस्वीर धीरे-धीरे बदलती नजर आ रही है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:14 AM (IST)

    यूपी बजट पेश: सदन में सुरेश खन्ना ने गिनाईं उपलब्धियां, गरीबी घटी, आय बढ़ी, निवेश को मिली रफ्तार

    उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में बजट पेश करते हुए राज्य की आर्थिक और सामाजिक प्रगति का खाका रखा. उन्होंने बताया कि एसडीजी इंडिया इंडेक्स में यूपी की रैंकिंग 2018-19 में 29वें स्थान से सुधरकर 2023-24 में 18वें स्थान पर पहुंच गई है. किसानों को फसल बीमा योजना के तहत करीब 51 लाख करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दी गई है. वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और गेहूं व आलू उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में नंबर वन बना हुआ है. उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में निवेश तेजी से बढ़ रहा है, करीब छह करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और आने वाले समय में यूपी में डाटा सेंटर विकसित किए जाएंगे, जिससे रोजगार और तकनीकी विकास को बढ़ावा मिलेगा.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:12 AM (IST)

    ट्रेड डील में किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं हुआ – जयराम ठाकुर

    हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि मोदी सरकार ने अमेरिका और यूरोपीय संघ के साथ हुई ट्रेड डील में सेब बागवानों के हितों का पूरा ध्यान रखा है. उन्होंने साफ किया कि विदेशी सेब भारतीय बाजार में सस्ते दाम पर नहीं आ पाएंगे, क्योंकि न्यूनतम आयात मूल्य, सीमित कोटा और आयात शुल्क जैसी व्यवस्थाएं पहले से लागू हैं. जयराम ठाकुर के मुताबिक, यूरोपीय संघ, न्यूजीलैंड और अमेरिका से आने वाले सेब की लैंडेड कीमत हिमाचल के सेब से ज्यादा ही रहती है, जिससे स्थानीय बागवानों को कोई नुकसान नहीं होगा. उन्होंने बताया कि देश में सेब का कुल उत्पादन करीब 22 लाख मीट्रिक टन है, जबकि आयात सिर्फ 5.5 लाख मीट्रिक टन के आसपास है और वह भी पूरी तरह नियंत्रित है. जयराम ठाकुर ने बागवानों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उनकी आय और बाजार की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 11:05 AM (IST)

    दिल्ली में ‘लखपति बिटिया’ योजना शुरू, पढ़ाई पूरी करने पर बेटियों को मिलेगा 1 लाख रुपये तक का फायदा

    दिल्ली सरकार ने बेटियों के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ की शुरुआत कर दी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई. यह योजना साल 2008 से चल रही ‘लाडली बेटी योजना’ का विस्तारित रूप है. नई योजना के तहत बेटियों को अब 56 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी, जो अलग-अलग चरणों में मिलने वाले ब्याज के साथ बढ़कर करीब 1 लाख रुपये हो जाएगी. खास बात यह है कि ग्रेजुएशन पूरा करने पर बेटियों को 20 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि भी मिलेगी. दिल्ली सरकार इस योजना पर करीब 160 करोड़ रुपये खर्च करेगी और एक परिवार की दो बेटियां इसका लाभ ले सकेंगी. सरकार का कहना है कि इस कदम से बेटियों की पढ़ाई, आत्मनिर्भरता और भविष्य को नई दिशा मिलेगी.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 10:50 AM (IST)

    यूपी बजट 2026 पर सीएम योगी बोले– विकसित भारत-2047 और नए उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव बनेगा यह बजट

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट 2026-27 को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि आज पेश होने वाला बजट विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने और “नए उत्तर प्रदेश” के उज्ज्वल भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा. सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सुशासन, समावेशी विकास और जनकल्याण की नीति पर लगातार आगे बढ़ रहा है. उन्होंने भरोसा जताया कि यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर, मजबूत और समृद्ध बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा. आज वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना विधानसभा में बजट पेश करेंगे, जिस पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 10:31 AM (IST)

    बिहार में चीनी उद्योग को मिलेगी नई रफ्तार, नई मिलें लगेंगी और बंद मिलें फिर होंगी चालू

    बिहार सरकार राज्य में गन्ना और चीनी उद्योग को मजबूत करने के लिए बड़े कदम उठा रही है. गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार पासवान ने बताया कि सरकार नई चीनी मिलें लगाने और बंद पड़ी मिलों को दोबारा चालू करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है, ताकि रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें. इसके लिए गन्ना उद्योग विभाग ने राज्य के 25 जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर नई चीनी मिलों के लिए उपयुक्त जमीन की पहचान और खरीद की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है. इन जिलों में मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, समस्तीपुर, गया, शिवहर, सीवान, रोहतास, मोतिहारी, पश्चिम चंपारण और पटना जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं. सरकार का मानना है कि इससे किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 10:18 AM (IST)

    केन-बेतवा लिंक परियोजना से विस्थापित ग्रामीणों का प्रदर्शन, एसडीएम दफ्तर के बाहर पथराव

    मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों का गुस्सा देर रात फूट पड़ा. विस्थापन और मुआवजे से जुड़ी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण एसडीएम कार्यालय के सामने इकट्ठा हुए और विरोध-प्रदर्शन किया. हालात बिगड़ने पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया. प्रशासन का कहना है कि हालात अब नियंत्रण में हैं, जबकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और परियोजना से हुए नुकसान का जल्द समाधान चाहते हैं.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 10:01 AM (IST)

    योगी सरकार का बड़ा बजट आज, बुंदेलखंड को मिल सकती है खास सौगात

    उत्तर प्रदेश सरकार आज विधानसभा में बजट 2026-27 पेश कर रही है. बजट से पहले वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने आराध्य की पूजा-अर्चना कर कार्य की शुरुआत की. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बजट को “विकास का दशकीय वसीयतनामा” बताते हुए कहा कि यह प्रदेश को अगले दस वर्षों की मजबूत दिशा देगा. चुनावी साल को देखते हुए इस बजट में विकास के साथ-साथ जनकल्याण की योजनाओं पर खास जोर रहने की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि करीब 9 से 9.5 लाख करोड़ रुपये के बजट में निवेश, रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर और सामाजिक कल्याण के लिए बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं. बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण को बड़ा पैकेज, नए एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट्स और लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भारी फंड का प्रावधान संभव है. सदन और प्रदेशवासियों की नजरें आज के बजट पर टिकी हैं.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 09:44 AM (IST)

    राजस्थान बजट डे: भजनलाल शर्मा सरकार आज पेश करेगी तीसरा आम बजट, महिलाओं-किसानों पर नजर

    आज बुधवार, 11 फरवरी को राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार का तीसरा आम बजट विधानसभा में पेश किया जाएगा. वित्त मंत्री और डिप्टी सीएम दीया कुमारी बजट सदन के पटल पर रखेंगी. इस बजट से जनता को कई लोक-लुभावन घोषणाओं की उम्मीद है, खासकर महिलाओं और किसानों के लिए नई योजनाओं और राहतों पर फोकस रहने के संकेत हैं. साथ ही राज्य के पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने, टैक्स में कुछ राहत देने और उद्योगों को विशेष छूट देने की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं. बजट को लेकर राजनीतिक और आर्थिक हलकों की निगाहें टिकी हुई हैं.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 09:27 AM (IST)

    पंजाब में पोटाश खोज को हरी झंडी, फाजिल्का में नए एक्सप्लोरेशन प्रोजेक्ट को मंजूरी

    चंडीगढ़ से बड़ी खबर है कि पंजाब में पोटाश खनिज की तलाश को लेकर अहम कदम उठाया गया है. राज्य के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने मंगलवार को जानकारी दी कि मिनिस्ट्री ऑफ माइंस के तहत नेशनल मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड डेवलपमेंट ट्रस्ट की मंजूरी समिति ने पंजाब के फाजिल्का जिले के चौहरियांवाली इलाके में पोटाश के लिए नए एक्सप्लोरेशन प्रोजेक्ट को स्वीकृति दे दी है. यह G-4 रिकॉनिसेंस सर्वे प्रोजेक्ट मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा, जो करीब 48 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला होगा. इस प्रोजेक्ट पर कुल 19.03 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसे पूरा करने में लगभग 21 महीने का समय लगेगा. मंत्री गोयल ने बताया कि मंजूर योजना के अनुसार प्रोजेक्ट की प्रगति का नौ महीने बाद रिव्यू भी किया जाएगा, ताकि काम समय पर और सही दिशा में आगे बढ़े.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 09:14 AM (IST)

    यूपी में सर्दी की विदाई शुरू, साफ आसमान के बीच दिन में तेज धूप बढ़ाएगी गर्मी

    उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है. सर्दी का असर कम होने लगा है और सुबह-शाम आसमान पूरी तरह साफ बना हुआ है, जबकि दिन में निकलने वाली धूप अब लोगों को तीखी महसूस होने लगी है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहेगा और किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, जिससे सभी जिले ग्रीन ज़ोन में हैं. विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. तराई इलाकों में कोहरा अब आखिरी दौर में है और पछुआ हवाएं भी कमजोर पड़ गई हैं. लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद समेत ज्यादातर जिलों में दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड महसूस होने का अनुमान है. आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, लेकिन उनका असर यूपी के मौसम पर ज्यादा नहीं पड़ेगा.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 09:00 AM (IST)

    चिड़ियाघरों में वन्यजीवों की बढ़ती मौतें चिंता का विषय, अकेलापन और तनाव बन रहे जानलेवा

    नई दिल्ली में चिड़ियाघरों को लेकर एक गंभीर सवाल फिर से खड़ा हो गया है. लगातार सामने आ रही वन्यजीवों की मौतों ने संरक्षण व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है. केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार, 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच 127 वन्यजीवों की मौत हुई, जिनमें चिंकारा, काला हिरण, बारहसिंगा और चीतल जैसी संवेदनशील प्रजातियां शामिल हैं. इनमें से कई जानवरों की जान सदमे, मानसिक तनाव और शॉक की वजह से गई. विशेषज्ञों का कहना है कि खुले जंगलों के लिए बने ये जीव जब सीमित दायरे और अकेलेपन में जीने को मजबूर होते हैं, तो उनका मानसिक संतुलन बिगड़ने लगता है. जानकारों के अनुसार, यदि चिड़ियाघरों में रहने की परिस्थितियों और जानवरों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले समय में यह आंकड़ा और डराने वाला हो सकता है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 08:45 AM (IST)

    महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को लेकर काशीपुर में 15 फरवरी तक नॉनवेज पर रोक

    उत्तराखंड के काशीपुर में महाशिवरात्रि पर्व और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर निगम ने अहम निर्णय लिया है. नगर निगम के आदेश के अनुसार 11 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक नगर निगम सीमा में कच्चे और पके मांस की बिक्री पर पूरी तरह रोक रहेगी. महापौर दीपक बाली के निर्देश पर यह फैसला धार्मिक भावनाओं, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. इस दौरान नॉनवेज परोसने वाले होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट भी बंद रहेंगे. नगर निगम ने साफ किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा, वहीं व्यापारियों और आम लोगों से प्रशासन ने सहयोग की अपील की है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 08:29 AM (IST)

    कृषि योजनाओं की राशि जल्द जारी हो... CM नायडू ने केंद्र से 1,211 करोड़ रुपये की मांग रखी

    नई दिल्ली में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने राज्य की अलग-अलग कृषि योजनाओं के लिए केंद्र से लंबित 1,211 करोड़ रुपये की राशि जल्द जारी करने की मांग की. मुख्यमंत्री ने PM-PRANAM योजना के तहत 216 करोड़ रुपये, नारियल खेती के विकास के लिए 200 करोड़ रुपये, ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना के 695 करोड़ रुपये और 2025-26 सीजन में आम किसानों के लिए प्राइस डेफिशिएंसी पेमेंट सिस्टम के तहत केंद्र के हिस्से के 100 करोड़ रुपये तुरंत देने पर जोर दिया. साथ ही नायडू ने राज्य में मखाना विकास को बढ़ावा देने के लिए मखाना बोर्ड बनाने की मांग भी रखी. बैठक में आंध्र प्रदेश में कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 08:16 AM (IST)

    राजस्थान में फिलहाल साफ रहेगा मौसम, सुबह-शाम ठंड रहेगी बरकरार

    राजस्थान में आने वाले एक हफ्ते तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है. फिलहाल किसी तरह की बारिश या आंधी-तूफान की चेतावनी नहीं है. हालांकि मौसम विभाग के अनुसार 16 से 18 फरवरी के बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है.

    अगले तीन से चार दिनों में राज्य के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. इसके चलते दिन के समय गर्मी का एहसास बढ़ेगा, जबकि सुबह और शाम के वक्त सर्दी अभी भी लोगों को परेशान कर सकती है. तापमान में इस उतार-चढ़ाव के कारण लोगों को दिन और रात के समय मौसम का अलग-अलग असर महसूस होगा.

    फिलहाल राज्य में बाड़मेर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि पाली में न्यूनतम तापमान लगभग 5.6 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है और दिन-रात के तापमान में अंतर साफ नजर आएगा.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 07:57 AM (IST)

    यूपी बजट आज: चुनावी साल में योगी सरकार दे सकती है बड़ी सौगातें, पेंशन बढ़ने से लेकर स्पोर्ट्स कॉलेज तक पर नजर

    उत्तर प्रदेश सरकार आज बजट पेश करने जा रही है और इसे चुनावी साल का अहम बजट माना जा रहा है. योगी सरकार का यह दसवां बजट करीब 9 से 9.5 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है, जिसमें विकास, रोजगार, निवेश और कल्याणकारी योजनाओं पर खास फोकस रहेगा. माना जा रहा है कि इस बजट में बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवाओं की पेंशन बढ़ाने का एलान हो सकता है. इसके साथ ही युवाओं के लिए नए स्पोर्ट्स कॉलेज खोलने, इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े निवेश और पूर्वांचल-बुंदेलखंड जैसे पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए अतिरिक्त बजट दिए जाने की संभावना है. कुल मिलाकर, यह बजट 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जनता को साधने वाला और बड़े ऐलानों से भरा हो सकता है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 07:45 AM (IST)

    हिमाचल प्रदेश में मौसम ने बदली करवट, 11 फरवरी तक बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

    हिमाचल प्रदेश में सोमवार से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. राज्य के ज्यादातर हिस्सों में घने बादल छाए हुए हैं और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश में 11 फरवरी तक मौसम खराब बना रह सकता है. पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी जिलों में भी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना जताई गई है. खासतौर पर रोहतांग दर्रा, लाहौल-स्पीति, ताबो और कुल्लू समेत ऊंचाई वाले इलाकों में तेज बर्फबारी की चेतावनी है, जबकि निचले और मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 07:31 AM (IST)

    उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला, बारिश-बर्फबारी से बढ़ी सर्दी, तापमान में आई गिरावट

    उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय बना हुआ है, जिसके चलते राज्य के कई जिलों में मौसम पूरी तरह बदल गया है. आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं लगातार चल रही हैं, जिससे सर्दी का असर फिर से तेज हो गया है. राजधानी देहरादून में तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे सुबह और शाम के समय ठिठुरन ज्यादा महसूस हो रही है.

    भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और टिहरी जिलों में बारिश होने की संभावना है, जबकि रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. कई क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने का अनुमान है और कुछ जगहों पर शीतलहर चल सकती है. ऐसे हालात में राज्य के पर्वतीय इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक कड़ाके की ठंड का असर बना रहेगा. लोगों को ठंड और फिसलन से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 07:16 AM (IST)

    जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी, घाटी में तापमान माइनस में

    जम्मू-कश्मीर में पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम पूरी तरह से सर्द हो गया है. राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में घने बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर बारिश के साथ बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. कश्मीर घाटी में बर्फ गिरने का सिलसिला लगातार बना हुआ है, जिसकी वजह से न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है.

    मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है. बारामूला, श्रीनगर, पहलगाम, गुलमर्ग, काजीगुंड, कोकरनाग और कुपवाड़ा जैसे इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान माइनस 1 डिग्री से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

  • Posted By: Kisan India

    11 Feb 2026 06:59 AM (IST)

    दिल्ली में फिलहाल साफ रहेगा मौसम, दिन में गर्मी का एहसास, प्रदूषण बढ़ाएगा परेशानी

    दिल्ली में अगले सप्ताह मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन फिलहाल राजधानी में मौसम साफ बना रहने का अनुमान है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक सिर्फ हल्के बादल छाने की संभावना है और किसी तरह की बारिश या तेज मौसमी गतिविधि का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

    आईएमडी की मानें तो अगले दो दिनों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा. दिन में तेज धूप निकलने की वजह से सर्दी लगभग गायब सी हो गई है और लोगों को हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है. हालांकि सुबह और देर शाम हल्की ठंड अभी बनी रह सकती है. मौसम साफ रहने के बावजूद राजधानी में प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना हुआ है, जिससे लोगों को सांस से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.

Agriculture News in Hindi Live Updates: मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ जिलों में शीतलहर (Cold Wave) चल रही है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) में बारिश और सुबह कोहरे की स्थिति बनी हुई है. दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण (Delhi Air Pollution Latest Updates) कम हुआ है, लेकिन अभी भी साफ हवा का स्तर कमजोर है. वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में ठंडी हवाओं से सुबह-शाम तापमान नीचे लुढ़क रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 22वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 22nd Installment) एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और रबी सीजन (Rabi Season) की फसलों की बुवाई और के बाद अब एमएसपी पर फसलों की खरीद प्रक्रिया शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today

Published: 11 Feb, 2026 | 06:54 AM