Todays Top News List: मत्स्य पालकों को जलाशय पट्टा देने के लिए आवेदन मांगे, सोनम वांगचुक हेल्थ अपडेट.. दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ें

Latest Agriculture News in Hindi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शुक्रवार को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे, जहां वह 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इस दौरान वह भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.

Agriculture News in Hindi: मध्य प्रदेश में मॉनसून की रफ्तार धीमी पड़ने से गर्मी ने फिर जोर पकड़ लिया है. प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. पिछले छह दिनों से प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश दर्ज नहीं की गई है और अगले पांच दिनों तक भी भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. अब तक प्रदेश में साढ़े नौ इंच बारिश हुई है, जबकि इस अवधि तक सामान्य वर्षा साढ़े दस इंच मानी जाती है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.

नोएडा | Updated On: 17 Jul, 2026 | 07:46 PM
The liveblog has ended.
  • Posted By: Saurabh Sharma

    17 Jul 2026 07:00 PM (IST)

    RJD को बड़ा झटका: मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे पर बोले संजय सरावगी, 'राजद में घुटन का माहौल'

    बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने राजद नेता मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अन्य दलों से आए अच्छे लोग राजद में घुटन महसूस कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि राजद का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है और पार्टी का "सूपड़ा साफ" होने की स्थिति बन गई है. सरावगी ने कहा कि बिहार की जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति का समर्थन कर रही है. वहीं, मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे को लेकर राजद की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. (ANI)

  • Posted By: Saurabh Sharma

    17 Jul 2026 06:49 PM (IST)

    मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना पर MEA का बड़ा अपडेट

    दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (MAHSR) परियोजना को लेकर कहा कि भारत और जापान के बीच सहयोग सुचारु रूप से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि जापान की E-20 सीरीज की ट्रेन 2030 के दशक की शुरुआत में उपलब्ध होगी, क्योंकि उसका निर्माण अभी जारी है. इस बीच, परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और पहला सेक्शन 2027 में शुरू करने का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने शुरुआती संचालन भारतीय हाई-स्पीड ट्रेन के साथ करने पर सहमति बनाई है. इसके लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सिग्नलिंग उपकरणों का ऑर्डर दिया जा चुका है. (ANI)

  • Posted By: Saurabh Sharma

    17 Jul 2026 06:32 PM (IST)

    ट्रांसफर नीति पर सचिन पायलट का सरकार पर निशाना

    राजस्थान के टोंक में कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने तबादला नीति को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के तबादले प्रतिशोध की भावना से नहीं होने चाहिए, बल्कि इसके लिए स्पष्ट और पारदर्शी मापदंड तय होने चाहिए. पायलट ने आरोप लगाया कि यदि राजनीतिक हितों को साधने के लिए ट्रांसफर किए जाते हैं, तो जनता इसे लंबे समय तक स्वीकार नहीं करती. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार करना और दुश्मनी निकालना बेहद दुखद है. (ANI)

  • Posted By: Saurabh Sharma

    17 Jul 2026 06:10 PM (IST)

    टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन का हुआ पुनर्विकास, CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ

    टीकमगढ़ में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन के लोकार्पण कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल हुए. उन्होंने नए रेलवे स्टेशन के शुभारंभ पर प्रदेशवासियों को बधाई दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के माध्यम से देश के 20 राज्यों में 75 से अधिक रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया गया है. उन्होंने इसे रेलवे के अमृत काल की शुरुआत बताते हुए कहा कि आज के समय में रेलवे क्षेत्र में लगातार आधुनिक बदलाव हो रहे हैं. कार्यक्रम के दौरान हाइड्रोजन रेल की शुरुआत को भी उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. (ANI)

  • Posted By: Saurabh Sharma

    17 Jul 2026 05:55 PM (IST)

    पीएम मोदी ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

    जालंधर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब की मौजूदा स्थिति को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो रही है और अपराध की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में व्यापार और कारोबार करना मुश्किल हो गया है, जबकि फिरौती और गैंगवार जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं. उन्होंने नशे की समस्या पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को इससे बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है. प्रधानमंत्री ने पंजाब के भविष्य को सुरक्षित रखने पर जोर दिया. (ANI)

  • Posted By: Saurabh Sharma

    17 Jul 2026 05:41 PM (IST)

    पीएम मोदी ने सरदार तेजा सिंह समुंद्री को दी श्रद्धांजलि

    जालंधर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार तेजा सिंह समुंद्री को उनके 100वें शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की. पीएम मोदी ने कहा कि सरदार तेजा सिंह ने अंग्रेजी शासनकाल में सिख हितों की रक्षा के लिए कई आंदोलन किए और अपना पूरा जीवन मातृभूमि की सेवा में समर्पित कर दिया. उन्होंने कहा कि सरदार तेजा सिंह समुंद्री के बलिदान और संघर्ष से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी. प्रधानमंत्री ने उनके शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया. (ANI)

  • Posted By: Saurabh Sharma

    17 Jul 2026 05:28 PM (IST)

    वंदे मातरम बिल पर VHP ने जताई खुशी

    दिल्ली में वंदे मातरम बिल को लेकर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. विश्व हिंदू परिषद (VHP) नेता विनोद बंसल ने इस पहल का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि जिस तरह राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रीय गान के अपमान पर सजा का प्रावधान है, उसी तरह वंदे मातरम के अपमान के लिए भी दंड का प्रावधान होना चाहिए. उन्होंने सरकार को इस कदम के लिए बधाई देते हुए कहा कि मानसून सत्र में यह एक अच्छा और शुभ कार्य होने जा रहा है. इस मुद्दे पर अब आगे की प्रक्रिया पर सभी की नजरें हैं. (ANI)

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 05:14 PM (IST)

    आसाराम की अंतरिम जमानत अर्जी पर न्यायालय ने कहा, ‘‘हम नहीं चाहते कि कोई अनहोनी हो’’

    नयी दिल्ली: 17 जुलाई (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को राजस्थान सरकार से स्वयंभू बाबा आसाराम की सेहत के बारे में सही निर्देश लेने को कहा जो चिकित्सा आधार पर अंतरिम जमानत मांग रहे हैं. शीर्ष अदालत ने कहा, ‘‘हम नहीं चाहते कि कोई अनहोनी हो.’’

    राजस्थान उच्च न्यायालय ने 2013 में एक नाबालिग के साथ बलात्कार के मामले में 27 मई को 80 वर्ष से ज़्यादा उम्र के आसाराम की दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा था. आसाराम ने सेहत के आधार पर अंतरिम जमानत के लिए उच्चतम न्यायालय में अर्जी दी है.

    यह मामला न्यायमूर्ति एम एम सुंदरेश और न्यायमूर्ति पी बी वराले की पीठ के सामने सुनवाई के लिए आया. राजस्थान सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने पीठ को बताया कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने कहा है कि आसाराम को अपनी जीवनशैली में कुछ बदलाव करने की जरूरत है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 05:02 PM (IST)

    प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों को हटाने के प्रावधान वाले विधेयक पर मसौदा रिपोर्ट स्थगित

    नयी दिल्ली: 17 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों पर गंभीर आरोपों के मामलों में उनके लगातार 30 दिन तक हिरासत में रहने की स्थिति में उन्हें पद से हटाने का प्रावधान करने वाले 130वें संविधान संशोधन विधेयक पर विचार कर रही संसद की संयुक्त समिति (जेपीसी) ने शुक्रवार को अपनी मसौदा रिपोर्ट को अंगीकार करने की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया. समिति की अध्यक्ष और भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने बताया कि सदस्यों का मत था कि इस विषय पर और अधिक चर्चा की आवश्यकता है, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 04:47 PM (IST)

    राष्ट्रपति मुर्मू 19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, उत्तरी मकदूनिया और रोमानिया का दौरा करेंगी

    नयी दिल्ली:  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मोल्दोवा, उत्तरी मकदूनिया और रोमानिया के साथ द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए 19 से 25 जुलाई तक इन तीन देशों की राजकीय यात्रा करेंगी. विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया संदू के निमंत्रण पर 20 जुलाई को इस पूर्वी यूरोपीय देश का दौरा करेंगी। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति का मोल्दोवा का पहला दौरा होगा.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 04:37 PM (IST)

    तेल आपूर्ति संकट के बावजूद भारत का विकास नहीं रुका : प्रधानमंत्री मोदी

    जींद (हरियाणा): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि यदि पश्चिम एशिया जैसी मौजूदा संघर्ष की स्थिति 2014 से पहले पैदा हुई होती, तो भारतीय रेल का पहिया थम जाता क्योंकि उस समय अधिकतर ट्रेन डीजल से चलती थीं. मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के पिछले 12 वर्ष में रेलवे नेटवर्क का लगभग 99 प्रतिशत विद्युतीकरण किया जा चुका है.

    हरियाणा में जींद से सोनीपत के बीच भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के आने के बाद भारतीय रेलवे में हुए बड़े बदलावों के कारण देश को एक और लाभ मिला है. उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन के साथ भारत ने हरित परिवहन की दिशा में एक बड़ी छलांग लगाई है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 04:20 PM (IST)

    चीन में भीषण भूस्खलन से कई घर दबे, 1,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

    बीजिंग: 17 जुलाई (एपी) दक्षिण-पश्चिम चीन के चोंगछिंग शहर में शुक्रवार को हुए भीषण भूस्खलन में कई रिहायशी इमारतें मलबे में दब गईं. इस घटना के बाद 1,100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि कई लोग मलबे में फंस गए.

    सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार, अब तक कम से कम 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया है और तलाशी एवं बचाव अभियान जारी है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 04:06 PM (IST)

    राज्य सहकारी बैंक में 17 से 22 जुलाई तक ऑनलाइन-ऑफलाइन बैंकिंग सेवाएं रहेंगी प्रभावित

    • राज्य सहकारी बैंक में 17 से 22 जुलाई तक ऑनलाइन-ऑफलाइन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी
    • RBI के दिशा-निर्देशों के तहत हो रहा अपग्रेडेशन,
    • ग्राहकों को भविष्य में मिलेंगी अधिक सुरक्षित,
    • तेज और आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सेवाएं

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 03:54 PM (IST)

    कांवड़िये अनुशासन बनाए रखें, असमाजिक तत्वों के प्रति सतर्कता बरतें : योगी आदित्यनाथ

    शामली (उप्र): 17 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कांवड़ियों से अनुशासन बनाए रखने और भगवान राम की ‘मर्यादा’, भगवान कृष्ण के मूल्यों और भगवान शिव की सादगी का पालन करने की अपील की. उन्होंने साथ ही गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के प्रति भी आगाह किया.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 03:42 PM (IST)

    राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मामला उठाया

    रायपुर: राज्य विधानसभा में आज ध्यानाकर्षण के जरिए नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरणदास महंत ने इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मामला उठाया. उन्होंने वन विभाग की लापरवाही से बाघों का लगातार शिकार होने की बात कही. डॉक्टर महंत ने जानना चाहा कि बाघों के शिकार के मामले में गिरफ्तार आईबी के जवान का नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया.

    इसी मुद्दे पर विधायक शेषराज हरवंश, विक्रम मंडावी और लखेश्वर बघेल ने भी सवाल किए. उन्होंने वन मंत्री को घेरते हुए कहा कि इंद्रावती टाइगर रिजर्व में पांच लोगों को गिरफ्तार कर दो बाघों की खाल जब्त की गई है. इस पर वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि छत्तीसगढ़ में बाघों की संख्या बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 03:32 PM (IST)

    उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में कृत्रिम बुद्धिमत्ता-एआई आधारित स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम का ट्रायल शुरू

    गरियाबंद: वन्यजीव संरक्षण और वन सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए गरियाबंद जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में कृत्रिम बुद्धिमत्ता-एआई आधारित स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम का ट्रायल शुरू किया गया है. इस परियोजना के तहत सत्तर से अस्सी फीट ऊंचे टावरों पर पीयर-टू-पीयर मॉड्यूल और एआई कैमरे लगाए जा रहे हैं. इनकी मदद से दूरस्थ और दुर्गम वन क्षेत्रों में वन्यजीवों और संदिग्ध गतिविधियों की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 03:17 PM (IST)

    दिल्ली सरकार ने 45 और आयुष्मान मंदिर शुरू किए

    नयी दिल्ली: 17 जुलाई: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को ब्रिटानिया चौक के पास शकूरपुर में इंदिरा गांधी पॉलीक्लिनिक में ‘आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर’ का उद्घाटन किया. शहर भर में आज कुल 45 आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया गया.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 03:04 PM (IST)

    एमपी में मत्स्य पालन के लिए दो जलाशयों के पट्टे के लिए सरकार ने आवेदन मांगे

    मध्य प्रदेश की सीहोर जनपद पंचायत द्वारा मत्स्य पालन एवं मत्स्याखेट के लिए दो सिंचाई जलाशयों के पट्टे आवंटन हेतु इच्छुक पात्र आवेदकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. जारी अधिसूचना के अनुसार श्यामपुर तहसील के सातनवाड़ी सिंचाई जलाशय तथा सीहोर तहसील के लसूड़िया परिहार सिंचाई तालाब का पट्टा 10 वर्ष की अवधि के लिए दिया जाएगा. यह अवधि तभी मान्य होगी जब प्राधिकृत अधिकारी द्वारा इसकी अनुमति दी गई हो.

    सीहोर जनपद सीईओ नमिता बघेल ने बताया कि पट्टे के लिए शासन द्वारा निर्धारित प्राथमिकता के अनुसार पंजीकृत स्थानीय मछुआ सहकारी समितियां, स्थानीय मछुआ समूह तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं. इच्छुक आवेदक अपने प्रस्ताव एवं आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन 29 जुलाई को शाम 5:00 बजे तक जनपद पंचायत सीहोर के कार्यालय में जमा कर सकते हैं.

    निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। पट्टों का आवंटन शासन द्वारा निर्धारित नियमों, शर्तों एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 02:49 PM (IST)

    मेरी दीदियां विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं : केन्द्रीय मंत्री सिंधिया

    केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के लॉ कॉलेज में आयोजित आजीविका बहना कार्यक्रम शामिल हुए. इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 12 वर्ष पूर्व मेरी बहनों के लिए आजीविका मिशन की शुरुआत की थी. आज मेरी दीदियां अपने परिश्रम और आत्मविश्वास से विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 02:36 PM (IST)

    युगांडा में स्कूली बस दुर्घटनाग्रस्त, 20 बच्चों सहित 21 की मौत

    कंपाला: 17 जुलाई (एपी) पूर्वी अफ्रीकी देश युगांडा में एक स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 20 बच्चों सहित 21 लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. युगांडा पुलिस बल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा कि बृहस्पतिवार रात पूर्वी युगांडा के कपचोरवा जिले में एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. यह बस इलाके के सिपी झरने के एक शैक्षणिक टूर से लौट रही थी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 02:23 PM (IST)

    पवन खेड़ा ने वांगचुक से मुलाकात की, सरकार को दिलाई राजधर्म की याद

    नयी दिल्ली: 17 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की और कहा कि लोकतंत्र में सरकार का नागरिकों की आवाज सुनना ही राजधर्म है. खेड़ा ने जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात की और उनसे अनशन समाप्त करने की अपील भी की. वांगचुक नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले तीन सप्ताह से अनशन पर हैं.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 02:13 PM (IST)

    यूरोपीय संघ ने पाकिस्तान में मानवाधिकारों की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की

    यूरोपीय संघ ने पाकिस्तान में मानवाधिकारों की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है. उसने चेतावनी दी है कि जनरलाइज्ड स्कीम ऑफ प्रेफरेंसेस प्लस के तहत व्यापार लाभों तक पाकिस्तान की निरंतर पहुंच 2027 से संशोधित जीएसपी ढांचे के तहत अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के अनुपालन पर निर्भर करेगी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 02:01 PM (IST)

    फडणवीस को मिल सकती है केंद्र में भूमिका, महाराष्ट्र में कोई वरिष्ठ भाजपा नेता ले सकते हैं जगह: राउत

    नागपुर: 17 जुलाई (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को दावा किया कि अगर आगामी महीनों में महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में फेरबदल होता है, तो मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस केंद्र में जा सकते हैं और राज्य में उनकी जगह भाजपा का कोई मंत्री ले सकता है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 01:51 PM (IST)

    हाइड्रोजन चालित ट्रेन 'मेक इन इंडिया' अभियान का सफल उदाहरण : प्रधानमंत्री मोदी

    जींद (हरियाणा): 17 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद और सोनीपत के बीच चलने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसे ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का एक सफल उदाहरण बताया.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 01:38 PM (IST)

    पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6वीं प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

    मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पनघटा (नरवर) में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

    आवेदन के लिए अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट https://navodaya.gov.in एवं https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs तथा सीबीएसई आवेदन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. समय सीमा के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए पात्र विद्यार्थी समय रहते आवेदन करना सुनिश्चित करें.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 01:22 PM (IST)

    मराठवाड़ा की एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी को ICAR से 'A' ग्रेड एक्रेडिटेशन मिला

    महाराष्ट्र के परभणी जिले में स्थित वसंतराव नाइक मराठवाड़ा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी को इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च (ICAR) के नेशनल एग्रीकल्चरल एजुकेशन एक्रेडिटेशन बोर्ड से 4 में से 3.21 स्कोर के साथ 'A' ग्रेड एक्रेडिटेशन मिला है.

    एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यूनिवर्सिटी ने इंडियन इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (IIRF) की रेटिंग में महाराष्ट्र की एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटीज में पहला और राष्ट्रीय स्तर पर 34वां स्थान हासिल किया है. यूनिवर्सिटी ने पिछले चार वर्षों में मराठवाड़ा क्षेत्र में कई पहल की हैं.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 01:09 PM (IST)

    वन महोत्सव-2026 के दौरान दिल्ली सरकार लगाएगी देशज प्रजातियों के पौधे : पर्यावरण मंत्री सिरसा

    नयी दिल्ली: 17 जुलाई (भाषा) दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में चलाए जा रहे व्यापक पौधारोपण अभियान का उद्देश्य वायु प्रदूषण से निपटना है. इसके तहत ऐसी देशज (स्थानीय) प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं, जो वायु गुणवत्ता में सुधार करते हैं और जिन्हें अपेक्षाकृत कम पानी की आवश्यकता होती है. दिल्ली पुलिस द्वारा ‘वन महोत्सव-2026’ के तहत आयोजित पौधारोपण अभियान को संबोधित करते हुए सिरसा ने दावा किया कि इन देशज पौधों की जीवित रहने की दर 97 से 99 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि निगरानी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पौधे पर ‘टैग’ लगाया जाएगा और हर पौधारोपण स्थल का ‘जियोटैग’ किया जाएगा.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 12:57 PM (IST)

    किरण राव ने सोनम वांगचुक के अनशन के बीच उनका समर्थन किया

    नयी दिल्ली: 17 जुलाई (भाषा) फिल्म निर्माता किरण राव ने अनशन कर रहे कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का समर्थन किया और सरकार से "प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत शुरू करने" का आग्रह किया है. सोनम वांगचुक नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए शुरू हुए कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन में 28 जून को शामिल होने के बाद से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 12:47 PM (IST)

    अमरनाथ गुफा के लिए 4,600 से अधिक श्रद्धालुओं का 16वां जत्था जम्मू से रवाना

    17 जुलाई: जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से शुक्रवार तड़के वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच 4,640 श्रद्धालुओं का एक नया जत्था रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि अब तक 3.45 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर में भगवान शिव के दर्शन कर चुके हैं. (भाषा)

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 12:20 PM (IST)

    पीएम मोदी ने कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और अन्य प्रोजेक्ट देश को समर्पित किए

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में सिख म्यूजियम और 24.27 किलोमीटर लंबे हांसी-बरवाला ब्राउनफ़ील्ड हाईवे प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी. उन्होंने कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और अन्य प्रोजेक्ट्स को भी देश को समर्पित किया.

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, "आज का यह मौका सिर्फ़ एक कार्यक्रम नहीं है. यह 'विकसित भारत' के अमृत संकल्प, 'आत्मनिर्भर भारत' के आत्मविश्वास और राष्ट्र-निर्माण की सामूहिक चेतना का उत्सव है. आने वाली पीढ़ियां इस दिन को कैलेंडर की सिर्फ़ एक तारीख़ के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक पल के तौर पर याद रखेंगी, जब जींद की धरती से विकास के संकल्पों को नई उड़ान भर रही है... यह पीएम के दूरदर्शी नेतृत्व और ग्रीन एनर्जी के प्रति आपकी प्रतिबद्धता का ही नतीजा है कि आज आपने हरियाणा, और खासकर हमारे जींद को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन दिया है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 12:01 PM (IST)

    अनशन का 20वां दिन: ‘मैं किसी भी कीमत पर 20 जुलाई तक जिंदा रहूंगा’- सोनम वांगचुक

    नयी दिल्ली: 17 जुलाई (भाषा) जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने शुक्रवार को कहा कि वह “किसी भी कीमत पर 20 जुलाई तक जीवित रहेंगे”. उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का आज 20वां दिन है और डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि लंबे समय से चल रहा उनका उपवास अब गंभीर स्थिति में पहुंच गया है.

    परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) का विरोध प्रदर्शन 28वें दिन में प्रवेश कर गया है. इस दौरान वांगचुक ने लोगों से अपील की है कि वे 20 जुलाई को संसद तक पार्टी के प्रस्तावित मार्च में बड़ी संख्या में शामिल हों.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 11:52 AM (IST)

    पेरियार नदी के संरक्षण को उचित महत्व नहीं दे रहे अधिकारी- केरल उच्च न्यायालय

    कोच्चि: 17 जुलाई (भाषा) केरल उच्च न्यायालय ने पेरियार नदी में प्रदूषण रोकने के लिए अवजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) स्थापित करने की प्रस्तावित समय-सीमा पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) सहित संबंधित प्राधिकारों ने नदी के संरक्षण की आवश्यकता को उचित महत्व नहीं दिया है.

    मुख्य न्यायाधीश सौमेन सेन और न्यायमूर्ति श्याम कुमार वी. एम. की पीठ ने यह टिप्पणी उस रिपोर्ट पर विचार करने के बाद की, जिसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कहा था कि एसटीपी स्थापित करने का कार्य अगले वर्ष अगस्त तक पूरा हो जाएगा. पीठ ने कहा, ‘‘प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा किए जाने वाले कार्यों की प्रगति से हम बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं.

    मुख्य पर्यावरण अभियंता द्वारा 14 जुलाई, 2026 की रिपोर्ट में सुझाई गई समय-सीमा इस अदालत को स्वीकार्य नहीं है. हमारा मत है कि संबंधित प्राधिकारों ने इस अदालत के पूर्व आदेशों तथा पेरियार नदी एवं उससे जुड़े वनस्पति और जीव-जंतुओं के संरक्षण की आवश्यकता को उचित महत्व नहीं दिया है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    17 Jul 2026 11:44 AM (IST)

    यूएपीए मामले में शरजील इमाम की जमानत याचिका पर अपना रुख बताए पुलिस : उच्च न्यायालय

    नयी दिल्ली: 17 जुलाई (भाषा) दिल्ली उच्च न्यायालय ने दिल्ली दंगों के पीछे कथित ‘बड़ी साजिश’ से जुड़े मामले में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामले में छात्र कार्यकर्ता शरजील इमाम की जमानत याचिका पर शुक्रवार को दिल्ली पुलिस का पक्ष जानना चाहा.

    न्यायमूर्ति प्रतिभा एम. सिंह और न्यायमूर्ति विकास महाजन की पीठ ने इमाम की अपील पर नोटिस जारी किया. इस अपील में अधीनस्थ अदालत के चार जुलाई के उस फैसले को चुनौती दी गई थी जिसमें इमाम की दूसरी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 11:35 AM (IST)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

    हरियाणा के जींद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच चलेगी और स्वच्छ ऊर्जा पर आधारित रेल परिवहन की दिशा में भारत का एक अहम कदम मानी जा रही है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 11:23 AM (IST)

    नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने केन-बेतवा परियोजना में गड़बड़ियों का आरोप लगाया

    मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने केन-बेतवा परियोजना में गड़बड़ियों का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों का दावा है कि मुआवजे का पैसा गलत लोगों को दिया गया है, फिर भी सरकार ने जांच नहीं कराई. उनके मुताबिक, जो लोग वहां रहते ही नहीं हैं, उन्हें भी मुआवजा मिल गया। सिंघार ने कहा कि परियोजना से जुड़े कई कथित घोटाले सामने आए हैं और सरकार को इस पूरे मामले की जांच के लिए तुरंत एक जांच समिति बनानी चाहिए.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 11:05 AM (IST)

    सोनम वांगचुक का वजन 56.55 किलोग्राम रह गया

    सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुक्रवार को 20वें दिन में पहुंच गई. उनकी सेहत पर नजर रख रहे डॉ. सतीश लांबा ने बताया कि 17 जुलाई सुबह 9:30 बजे तक वांगचुक का वजन 56.55 किलोग्राम रह गया है, जो पिछले 24 घंटे में 350 ग्राम कम हुआ है. उनका ब्लड प्रेशर 108/68, ब्लड शुगर 80 mg/dL और पल्स रेट 72 प्रति मिनट दर्ज की गई. डॉक्टर के अनुसार, फिलहाल उनके शरीर में पानी का स्तर सामान्य है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 10:48 AM (IST)

    जींद रेलवे जंक्शन पर देश की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन पहुंच गई

    हरियाणा के जींद रेलवे जंक्शन पर देश की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन पहुंच गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. यह ट्रेन भारत में स्वच्छ और आधुनिक रेल तकनीक की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 10:32 AM (IST)

    PM मोदी आज हरियाणा से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हरियाणा से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह भारत के लिए गर्व की बात है, क्योंकि इतनी आधुनिक और जटिल तकनीक देश में ही विकसित की गई है. उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन भविष्य का स्वच्छ ईंधन है और इसे परिवहन में इस्तेमाल करने की तकनीक भारत में विकसित होना बड़ी उपलब्धि है. रेल मंत्री ने कहा कि यह भारतीय रेलवे के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है, क्योंकि इस ट्रेन की पूरी तकनीक भारत में तैयार की गई है. साथ ही, इसमें सुरक्षा के सभी जरूरी मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 10:16 AM (IST)

    शिक्षाविद सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे राकेश टिकैट, 500 किसानों के साथ पहुंचे जंतर-मंतर

    जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक के समर्थन में चल रहे प्रदर्शन को को और मजबूती मिली है. किसान नेता राकेश टिकैत करीब 500 किसानों के साथ नई दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे और आंदोलन में शामिल हुए. हालांकि, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के एक सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, प्रदर्शन स्थल पर जगह कम होने की वजह से किसानों को वापस लौटना पड़ा. इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जता रहे हैं. साथ ही, नीट (NEET) विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग भी कर रहे हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 10:01 AM (IST)

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से मुलाकात

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से मुलाकात की, जो जंतर-मंतर पर लगातार 20वें दिन भूख हड़ताल पर बैठे हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 09:46 AM (IST)

    हैदराबाद में स्कूल के बाहर विरोध-प्रदर्शन, धार्मिक विषय से जुड़ा होमवर्क देने का है मामला

    हैदराबाद के सईदाबाद स्थित 'सक्सेस, द स्कूल' के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. दूसरी कक्षा के एक छात्र को कथित तौर पर धार्मिक विषय से जुड़ा होमवर्क दिए जाने के आरोप को लेकर स्कूल के बाहर विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 09:31 AM (IST)

    हरियाणा में खाद की कालाबाजारी, 450 बोरी यूरिया जब्त

    हरियाणा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग का अवैध खाद की बिक्री पर कार्रवाई जारी है. पुलिस के सहयोग से कृषि विभाग लगातार खाद की कालाबाजकी का भंडाफोड़ कर रहा है. ताजा मामला  यमुनानगर जिले में सामने आया है, जहां कृषि एवं किसान कल्याण विभाग और रादौर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सब्सिडी वाली कृषि ग्रेड यूरिया से भरा एक ट्रक पकड़ा है. ट्रक में 450 बोरी यूरिया अवैध रूप से ले जाई जा रही थी. पुलिस ने ट्रक सहित खाद को जब्त कर लिया है. यह कार्रवाई रादौर कस्बे में की गई. वहीं, पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. फिलहाल माले की जांच जारी है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 09:15 AM (IST)

    अधीर रंजन चौधरी ने एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर केंद्र सरकार की आलोचना की

    कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर केंद्र सरकार की आलोचना की. उन्होंने कहा कि सरकार को किसी आंदोलन या प्रदर्शन से कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि उसे अपने बहुमत पर भरोसा है. चौधरी ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान सरकार बातचीत के लिए इसलिए तैयार हुई थी क्योंकि चुनाव और वोट बैंक का दबाव था. लेकिन इस बार सरकार को ऐसी कोई चिंता नहीं है, इसलिए वह इस मुद्दे पर बेपरवाह नजर आ रही है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 09:00 AM (IST)

    एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झज्जर से जुड़े एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. एसीपी बहादुरगढ़ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि बहादुरगढ़ क्षेत्र में करीब 160 से 165 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 08:42 AM (IST)

    FDA ने मुंबई के गोरेगांव में मिलावटी दूध की पैकिंग करने वाले प्लांट और फैक्ट्रियों पर भी कार्रवाई की

    FDA ने मुंबई के गोरेगांव, मुलुंड और गोवंडी में मिलावटी दूध की पैकिंग करने वाले प्लांट और फैक्ट्रियों पर भी कार्रवाई की है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 08:25 AM (IST)

    मंडी में टमाटर की कीमत 400 रुपये प्रति क्रेट हुई

    मंडी में टमाटर की कीमत 400 रुपये प्रति क्रेट से लेकर प्रीमियम किस्म 'हीम सोहना' के लिए 2,900 रुपये प्रति क्रेट तक रही है. हालांकि, अधिकांश किसानों को उम्मीद के मुताबिक दाम नहीं मिल रहे हैं. इस साल सोलन के टमाटर किसानों को पिछले साल की तुलना में कम उत्पादन और कम कीमत, दोनों का सामना करना पड़ रहा है. पिछले साल इसी अवधि में 1,21,852 क्रेट टमाटर बिके थे, जबकि इस बार अब तक 1,07,001 क्रेट की ही बिक्री हुई है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 08:10 AM (IST)

    हिमाचल प्रदेश में टमाटर किसानों को नुकसान, नहीं मिल रहा रेट

    हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के टमाटर किसानों को इस सीजन अपनी फसल का अच्छा दाम नहीं मिल पा रहा है. खराब मौसम और दूसरे राज्यों से बड़ी मात्रा में टमाटर आने की वजह से कीमतों पर दबाव बना हुआ है. सोलन की प्रमुख नकदी फसल टमाटर की बिक्री सोलन कृषि उपज मंडी समिति (APMC) के जरिए होती है. इस मंडी में सिरमौर जिले के किसान भी अपनी उपज लेकर आते हैं. इस सीजन 7 जून से अब तक 24 किलो वाले 1,07,001 टमाटर के क्रेट की बिक्री हुई है, जिससे करीब 4.28 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है. मंडी में टमाटर की कीमत 400 रुपये प्रति क्रेट से लेकर प्रीमियम किस्म 'हीम सोहना' के लिए 2,900 रुपये प्रति क्रेट तक रही है. हालांकि, अधिकांश किसानों को उम्मीद के मुताबिक दाम नहीं मिल रहे हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 07:53 AM (IST)

    गुरुग्राम पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में 13 लोगों को हिरासत में लिया

    गुरुग्राम पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिक होने और शहर में अवैध रूप से रहने के संदेह में 13 लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस उनकी पहचान और दस्तावेजों की जांच कर रही है. शुरुआती जांच के बाद उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 07:36 AM (IST)

    27 जलाशयों में फिलहाल 6.204 BCM पानी, किसान चिंतित

    केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, देश के लगभग सभी क्षेत्रों में बड़े जलाशयों का जलस्तर पिछले साल की तुलना में कम बना हुआ है. पूर्वी भारत (असम, बिहार, झारखंड, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल) के 27 जलाशयों में फिलहाल 6.204 BCM पानी है, जो उनकी कुल क्षमता का 28.51 फीसदी है. पिछले साल इसी समय यह 49.34 फीसदी था. वहीं, पश्चिमी भारत (गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र) के 53 जलाशयों में 16.942 BCM पानी मौजूद है. यहां भी जलाशयों का भराव पिछले साल के 60.42 फीसदी के मुकाबले काफी कम है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 07:20 AM (IST)

    देश के बड़े जलाशयों अभी भी नहीं है पर्याप्त पानी

    दक्षिण-पश्चिम मानसून शुरू हुए छह हफ्ते बीत चुके हैं, लेकिन देश के बड़े जलाशयों में अभी भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंचा है. देश के 166 प्रमुख जलाशयों में से आधे से ज्यादा अब भी आधे से कम भरे हुए हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    17 Jul 2026 07:05 AM (IST)

    देश के कई हिस्सों में 17 जुला को मौसम खराब रहने की संभावना

    देश के कई हिस्सों में 17 जुला को मौसम खराब रहने की संभावना है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है. IMD के मुताबिक, 17 और 18 जुलाई की शाम दिल्ली और एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भारी बारिश, गरज-चमक और 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

Agriculture News in Hindi Live Updates: केरल में मॉनसून के प्रवेश करने के बाद से मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. तटीय राज्यों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की जा रही है. जबकि, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में बारिश और गर्मी (Heat Wave) के मिलेजुले मौसम ने लोगों को परेशान कर रखा है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) के कुछ हिस्सों में बदली के चलते तापमान कम हुआ है तो कई जगह चटख धूप तेवर दिखा रही है. दिल्ली एनसीआर में मौसम हर रोज बदल रहा है. (Delhi Weather Latest Updates). वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं और बारिश का दौर जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में तेज धूप से सुबह-शाम तापमान तीजे से ऊपर जा रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 24वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 23rd Installment), एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और खरीफ सीजन (Kharif Season) की फसलों की बुवाई शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today

Published: 17 Jul, 2026 | 07:02 AM