Todays Top News List: दुष्यंत चौटाला ने गेहूं खरीद के नियमों में छूट देने की मांग की, राजस्थान में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ें

Latest Agriculture News in Hindi: मध्य प्रदेश के रायसेन में राष्ट्रीय कृषि मेला की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि महोत्सव में ड्रोन, नैनो‑उर्वरक और स्मार्ट फार्मिंग के मॉडल से किसान लाभान्वित होंगे. कृषि मेले में ड्रिप‑स्प्रिंकलर से ‘प्रति बूंद अधिक फसल’: जल संरक्षण, उर्वरक‑बचत और स्मार्ट सिंचाई का मॉडल पेश किया जाएगा. 11 से 13 अप्रैल तक कृषि मेले में पॉलीहाउस, कोल्ड‑स्टोरेज और समेकित कृषि प्रणाली से जलवायु‑स्मार्ट, लाभकारी और टिकाऊ खेती की नई दिशा किसानों को मिलेगी. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.

Agriculture News in Hindi: हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर बदलेगा. मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आज 7–9 अप्रैल तक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. कई जिलों में खराब मौसम रहेगा और अगले दो दिन अंधड़, बिजली कड़कने व ओलावृष्टि का आरेंज व येलो अलर्ट जारी किया है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.

नोएडा | Updated On: 7 Apr, 2026 | 07:01 PM
The liveblog has ended.
  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    07 Apr 2026 07:00 PM (IST)

    विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने सेंट किट्स एंड नेविस के विदेश मंत्री डेन्जिल डगलस से मुलाकात की

    विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में सेंट किट्स एंड नेविस के विदेश मंत्री डेन्ज़िल डगलस से मुलाकात की।

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    07 Apr 2026 06:48 PM (IST)

    उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बोले- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी परेशान हैं

    उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी परेशान हैं. उनका मानना है कि 24 और 29 अप्रैल को वोटिंग के बाद 4 मई को परिणाम आने पर ममता बनर्जी राज्य की सत्ता से विदा हो जाएंगी. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 साल में ममता ने पश्चिम बंगाल को बर्बाद कर दिया है. मौर्य ने यह भी कहा कि केंद्रीय बल शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए भेजे जा रहे हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    07 Apr 2026 06:36 PM (IST)

    दुष्यंत चौटाला ने गेहूं खरीद के नियमों में छूट देने की मांग की

    हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गेहूं खरीद के नियमों में छूट देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को बड़ा नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय नमी और चमक कम होने के आधार पर फसल की कीमतें घटा रही है. फरीदाबाद के मोहना मंडी का दौरा करने के बाद मीडिया से बातचीत में चौटाला ने सरकार से अनुरोध किया कि वह केंद्र सरकार से इस मामले को उठाए और नमी व चमक के संबंध में नियमों में छूट सुनिश्चित करे, ताकि किसानों को नुकसान का उचित मुआवजा मिल सके.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    07 Apr 2026 06:20 PM (IST)

    गौरव गोगोई का बड़ा बयान, विदेश में संपत्ति को लेकर कही ये बात

    असम कांग्रेस अध्यक्ष और जोरहाट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार गौरव गोगोई ने कहा कि विदेश में संपत्ति है जो उन्होंने(असम CM) एफिडेविट में नहीं बताया, उनका एफिडेविट रद्द होना चाहिए. विदेश में कहां-कहां उनके व्यापार हैं उसका भी खुलासा उन्होंने नहीं किया है. जो उन्होंने भ्रष्टाचार करके धन संपत्ति बनाई है वो छिपाने की कोशिश कर रहे हैं. जब हमारी सरकार आएगी तब एक-एक पैसा, कहां-कहां जमीन ली है, कहां-कहां घर बनाएं हैं सबका पर्दाफाश होगा.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    07 Apr 2026 06:04 PM (IST)

    ओडिशा की उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा का बड़ा बयान, कही ये बात

    ओडिशा की उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा ने कहा कि 21 अप्रैल को राज्य के हर जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे. इस कार्यक्रम में मंत्री शामिल होंगे और जहां मंत्री नहीं पहुंच पाएंगे, वहां जिलाधिकारी इसकी जिम्मेदारी संभालेंगे. महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के लिए नए अवसर खुल रहे हैं. उनके अनुसार, संसद का विशेष सत्र बुलाया जाना महिलाओं के लिए सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि आरक्षण से महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, नीति निर्माण में उनका योगदान मजबूत होगा और इससे उनके जीवन पर बड़ा सकारात्मक असर पड़ेगा.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    07 Apr 2026 05:48 PM (IST)

    पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची से करीब 27 लाख लोगों के नाम हटा दिए गए हैं- सागरिका घोष

    टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची से करीब 27 लाख लोगों के नाम हटा दिए गए हैं और पहले चरण की सूची अब फ्रीज़ हो चुकी है. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई असली मतदाता सूची से बाहर हो गया है, तो वह अपना नाम दोबारा कैसे जुड़वाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है. इन मुद्दों को लेकर पार्टी की वरिष्ठ नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर मिलने का समय मांगा है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    07 Apr 2026 05:30 PM (IST)

    एनडीए को 90 से ज्यादा सीटें मिलेंगी-हिमंत बिस्वा सरमा

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि चुनाव प्रचार अब लगभग खत्म हो गया है और उन्होंने डेरगांव में अपनी आखिरी सभा की. उन्होंने बताया कि यहां से भाजपा के वरिष्ठ नेता मृदुल दत्त चुनाव लड़ रहे हैं और उन्हें जनता का समर्थन मिल रहा है. सरमा ने उम्मीद जताई कि मृदुल दत्त अच्छे बहुमत से जीतेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए को 90 से ज्यादा सीटें मिलेंगी, जबकि भाजपा 70 से अधिक सीटें हासिल करेगी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    07 Apr 2026 05:15 PM (IST)

    हरियाणा में बारिश से 80 फीसदी तक फसल नुकसान

    हरियाणा के पिछले हफ्ते से रूक-रूक कर हो रही बारिश से फसलों को बहुत अधिक नुकसान पहुंचा है. खासकर फतेहाबाद में फसल बर्बादी कुछ ज्यदा ही हुई है. जिले के दर्जन भर गांवों में 80 फीसदी तक गेहूं, मक्का, सरसों और अन्य फसलों की बर्बादी दर्ज की गई है. सरकारी आंकड़े के मुताबिक, बीसला में 50 फीसदी, 2 माजरा में 50 फीसदी, भूषणकलां में 70 से 80 फीसदी, झलनियां में 70 से 80 फीसदी और मिरखाना गांव में 70 से 80 फीसदी फसल नुकसान का अनुमान है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    07 Apr 2026 05:00 PM (IST)

    ओलावृष्टि और बारिश से हरियाणा में फसलों को भारी नुकसान- भूपेंद्र सिंह हुड्डा

    हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ओलावृष्टि और बारिश के बाद फसलों को नुकसान होने पर कहा कि फसलों का भारी नुकसान हुआ है. सरकार की ओर से इस ओर कोई काम नहीं हुआ. पंजाब सरकार जो नुकसान हुआ है उसका मुआवजा उपलब्ध करवा रही है तो यहां की सरकार ऐसा क्यों नहीं करती? उन्होंने कहा कि किसान की मदद करनी चाहिए, उनका मजाक नहीं उड़ाना चाहिए.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    07 Apr 2026 04:45 PM (IST)

    देश में चावल और गेहूं का प्रयाप्त स्टॉक, सरकार स्थिति पर रख रही नजर

    ईरान-इजरायल के बीच चल रही जंग से पूरी दुनिया प्रभावित है. गैस, डीजल और पेट्रोल के साथ-साथ खाद्य समाग्रियों के कारोबार पर असर पड़ा है. नेपाल, श्रीलंका और पाकिस्तान जैसे देश इंधन की कमी से जूझ रहे हैं. ऐसे में इंधन की कमी का असर खाद्य भंडार पर भी पड़ने की संभावना जताई जा रही है. लेकिन भारत को खाद्य किल्लत को लेकर कोई कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है. अभी देश में जरूरत से ज्यादा 222 लाख मीट्रिक टन गेहूं और 380 लाख मीट्रिक टन चावल का स्टॉक है, जो पीडीएस और आपात जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रयाप्त है.

    दरअसल, ये जानकारी केंद्र सरकार ने दी है. केंद्र सरकार ने कहा है कि ईरान-इजरायल जंग  के बीच देश की खाद्य सुरक्षा स्थिति पर नजर रखी जा रही है. सरकार के अनुसार भारत के पास गेहूं और चावल का पर्याप्त भंडार है. करीब 222 लाख मीट्रिक टन गेहूं और 380 लाख मीट्रिक टन चावल का स्टॉक है, डिससे पीडीएस और आपात जरूरतों को आसानी से पूरा किया जा सकता है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    07 Apr 2026 04:30 PM (IST)

    टीएमसी पर अधीर रंजन चौधरी का बड़ा बयान, कही ये बात

    पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद स्थित बरहमपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यदि किसी जगह 16 घंटों तक किसी न्यायिक पदाधिकारी की घेराबंदी करके रखा जाए, उसमें एक महिला पदाधिकारी भी थी और यदि उसके पीछे TMC न हो तो बंगाल में ऐसा करने की हिम्मत किसी की हो सकती है क्या? उन्होंने कहा कि जो भी हुआ, उसके पीछे तृणमूल कांग्रेस पार्टी जरूर है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 04:15 PM (IST)

    लखनऊ में कैबिनेट बैठक संपन्न, 22 प्रस्तावों को मिली मंजूरी

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन में कैबिनेट मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता की. कैबिनेट बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के विकास कार्यों और बजट से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. सरकार का फोकस राज्य में विकास कार्यों को गति देने और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 03:57 PM (IST)

    मध्य प्रदेश में 19 अप्रैल को आयोजित होगा सामूहिक विवाह सम्मेलन

    मध्य प्रदेश के रायसेन में 19 अप्रैल को सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में जिले में अक्षय तृतीय 19 अप्रैल को सामूहिक विवाह सम्मेलन होगा. जिला मुख्यालय रायसेन में आयोजित होने वाले इस सामूहिक विवाह सम्मेलन हेतु आयोजक नगर पालिका रायसेन तथा नोडल अधिकारी उप संचालक सामाजिक न्याय मनोज बाथम रहेंगे.

    सामूहिक विवाह सम्मेलन में सम्मिलित होने वाले वर-वधु द्वारा आवेदन फार्म शासन द्वारा निर्धारित पात्रता मापदण्ड शर्तो के अधीन 01 अप्रैल से 15 अप्रैल तक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय रायसेन में जमा किए जा सकते हैं. इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए सामाजिक सुरक्षा अधिकारी रायसेन अनुराग भदौरिया के मो.न. 9131805671 पर या सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय रायसेन में सम्पर्क किया जा सकता है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 03:43 PM (IST)

    9 अप्रैल से 29 अप्रैल तक कोई एग्जिट पोल नहीं आएगा, प्रसारण करना उल्लंघना माना जाएगा- चुनाव आयोग

    नई दिल्ली: (7 अप्रैल) चुनाव आयोग ने कहा है कि इस महीने हो रहे पांच विधानसभा चुनावों के लिए, 9 अप्रैल की सुबह 7 बजे से 29 अप्रैल की शाम 6.30 बजे तक न तो एग्जिट पोल कराए जा सकते हैं और न ही उनका प्रचार-प्रसार किया जा सकता है.

    आयोग ने यह भी चेतावनी दी है कि इस दौरान एग्जिट पोल कराना या उनका प्रसारण करना 'जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951' की धारा 126A का उल्लंघन है, और इसके लिए "दो साल तक की कैद, या जुर्माना, या दोनों की सज़ा हो सकती है". जहां केरल, असम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होंगे, वहीं तमिलनाडु में यह चुनावी प्रक्रिया 23 अप्रैल को पूरी होगी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 03:28 PM (IST)

    असम की वोटर लिस्ट में महिलाओं की हिस्सेदारी 49.98% है, लेकिन कुल उम्मीदवारों में वे सिर्फ 8.17% हैं

    गुवाहाटी: (7 अप्रैल) असम की वोटर लिस्ट में महिलाओं की संख्या पुरुषों के लगभग बराबर है और 35 में से 16 ज़िलों में तो वे पुरुषों से ज़्यादा हैं, लेकिन 126 सीटों वाली राज्य विधानसभा के चुनाव में मैदान में उतरे कुल 722 उम्मीदवारों में से वे सिर्फ 59 हैं.

    चमकीले और रंग-बिरंगे कपड़ों में जिनमें ज़्यादातर पारंपरिक हथकरघा वस्त्र होते हैं, महिलाएं राजनीतिक पार्टियों की चुनावी रैलियों और सभाओं में पुरुषों से ज़्यादा संख्या में शामिल होती हैं.

    राजनीतिक पार्टियों ने महिला वोटरों को लुभाने के लिए ढेरों वादे किए हैं, लेकिन जब उन्हें टिकट देने की बात आती है, तो ज्यादातर पार्टियां सिर्फ नाममात्र की हिस्सेदारी देकर पीछे हट जाती हैं, जैसा कि कार्यकर्ताओं ने बताया है. (पीटीआई)

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 03:11 PM (IST)

    UP कैबिनेट ने बंटवारे के बाद बसाए गए 12,000 से ज्यादा परिवारों को जमीन के मालिकाना हक देने को मंजूरी दी

    लखनऊ: (7 अप्रैल) उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने मंगलवार को एक प्रस्ताव को मंज़ूरी दी, जिसके तहत बंटवारे के समय पाकिस्तान से विस्थापित होकर राज्य के चार जिलों में बसे 12,000 से ज़्यादा परिवारों को जमीन के मालिकाना हक दिए जाएंगे.

    योग्य परिवारों को एक एकड़ तक की जमीन पर मालिकाना हक मिलेगा, बशर्ते कि वह जमीन सीलिंग लिमिट के दायरे में न आती हो और खलिहान, चारागाह या तालाब जैसी श्रेणियों में न पड़ती हो. वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि यह फ़ैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 02:52 PM (IST)

    ओडिशा पुलिस ने मवेशी माफिया पर छापा मारा, 50 लाख रुपये से ज्यादा कैश और सोने के गहने जब्त किए

    बालासोर: (7 अप्रैल) एक अधिकारी ने बताया कि ओडिशा पुलिस ने मंगलवार को मयूरभंज, बालासोर और भद्रक ज़िलों में कम से कम 35 जगहों पर मवेशी माफिया के ख़िलाफ़ एक साथ छापा मारा.

    DIG (पूर्वी रेंज) पिनाक मिश्रा ने मीडिया वालों को बताया, "DGP के निर्देश पर, हमने मवेशियों की अवैध ढुलाई और तस्करी के मामले में 32 जगहों पर तलाशी अभियान शुरू किया है. इन जगहों की पहचान पहले ही एक जांच के दौरान कर ली गई थी, क्योंकि कुछ लोग संगठित अपराध की तरह इस अवैध काम में शामिल थे."

    उन्होंने बताया कि इन छापों में SP रैंक के आठ अतिरिक्त अधिकारी, DSP रैंक के 17 अधिकारी, 25 इंस्पेक्टर, 67 अन्य पुलिस अधिकारी और पुलिस बल की 18 प्लाटून लगाई गई हैं. पुलिस बल की एक प्लाटून में 30 जवान होते हैं.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 02:38 PM (IST)

    पवन खेड़ा ने असम पुलिस को गिरफ़्तार करने की चुनौती देने के बाद हैदराबाद भाग गए: हिमंत

    सिबसागर: (7 अप्रैल) असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को दावा किया कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर लगाए गए आरोपों से जुड़े एक मामले में राज्य पुलिस को गिरफ़्तार करने की चुनौती देने के बाद, हैदराबाद "भाग गए" हैं.

    चुनाव प्रचार की एक बैठक के दौरान सिबसागर में PTI Videos से बात करते हुए सरमा ने कहा, "पवन खेड़ा ने असम पुलिस को गिरफ़्तार करने की चुनौती दी थी, लेकिन अब वह हैदराबाद भाग गए हैं." इससे पहले दिन में, असम पुलिस की एक टीम इस मामले के सिलसिले में पूछताछ करने के लिए खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर गई थी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 02:23 PM (IST)

    42.5 फीसदी भारतीय व्यस्तता के चलते सेहत को प्रॉयरिटी नहीं दे पाते - शोध

    नई दिल्ली: (7 अप्रैल) एक सर्वे के अनुसार, "42.5 प्रतिशत" भारतीयों ने माना कि वे व्यस्त समय में अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं, और "57.8 प्रतिशत" लोगों ने कहा कि उन्हें पता है कि उनके लिए क्या अच्छा है, लेकिन वे उसे अपना नहीं पाते. मंगलवार को जारी इस सर्वे में जागरूकता और अमल के बीच बढ़ती खाई की ओर इशारा किया गया है.

    वर्ल्ड हेल्थ डे के मौके पर वेलनेस प्लेटफॉर्म 'हैबिल्ड' (Habuild) द्वारा किए गए इस डेटा-आधारित अध्ययन में मेट्रो शहरों के साथ-साथ टियर-1, टियर-2 और टियर-3 शहरों के 5,000 से ज़्यादा लोगों की राय ली गई. इस सर्वे में यह भी पाया गया कि "46 प्रतिशत" लोग फिट रहने की पूरी कोशिश करते हैं, लेकिन वे नियमितता बनाए रखने में नाकाम रहते हैं. इस सर्वे में शामिल लगभग 90 प्रतिशत लोग 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं थीं. (PTI)

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 02:04 PM (IST)

    झांसी में खेतों की सिंचाई करते समय दो किसानों की करंट लगने से मौत

    झांसी (UP): (6 अप्रैल) पुलिस ने सोमवार को बताया कि झांसी के बबीना इलाके में अपने खेतों की सिंचाई करते समय करंट लगने से दो किसानों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान सरमन पाल (58) और देव सिंह (55) के रूप में हुई है, जो मथुरापुरा गांव के रहने वाले थे. अधिकारियों ने बताया कि उनके खेत बबीना इलाके में एक-दूसरे से सटे हुए थे.

    पुलिस के अनुसार, दोनों किसान रविवार रात को अपनी फसलों की सिंचाई करने और उनकी रखवाली करने के लिए अपने-अपने खेतों पर गए थे. जब वे सुबह तक वापस नहीं लौटे, तो उनके परिवार वाले उन्हें देखने गए और उन्हें टूटे हुए बिजली के तारों के पास बेहोश पड़ा पाया.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 01:49 PM (IST)

    विदेश सचिव मिसरी संबंधों के 'पूरे दायरे' की समीक्षा के लिए वाशिंगटन रवाना

    नई दिल्ली: (7 अप्रैल) विदेश सचिव विक्रम मिसरी बुधवार को वाशिंगटन DC की तीन-दिवसीय यात्रा शुरू करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार और रक्षा संबंधों की समीक्षा करना, तथा पश्चिम एशिया में गहराते संकट पर चर्चा करना है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि मिसरी की 8-10 अप्रैल की यात्रा भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा करने और प्रमुख क्षेत्रों में चल रहे सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी.

    यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों पक्ष अनिश्चितता और तनाव के दौर के बाद अपने संबंधों को स्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं. संबंधों में तब एक बड़ा उतार-चढ़ाव आया था, जब वाशिंगटन ने भारत पर दंडात्मक शुल्क (टैरिफ) लगाए थे और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल मई में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य झड़पों को शांत कराने में अपनी भूमिका को लेकर कुछ विवादास्पद बयान दिए थे.

    सूत्रों के अनुसार, मिसरी की इस यात्रा के दौरान दोनों पक्ष प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श कर सकते हैं. मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "यह यात्रा भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा करने और प्रमुख क्षेत्रों में चल रहे सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी."

    विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश सचिव अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापार, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, तथा आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे. मंत्रालय ने आगे कहा, "यह यात्रा फरवरी में विदेश मंत्री की वाशिंगटन DC यात्रा के बाद हो रही है, और यह दोनों पक्षों के बीच नियमित रूप से होने वाले उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा के अनुरूप है."

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 01:36 PM (IST)

    छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट में आग लगने से सात मजदूर घायल

    दुर्ग: (7 अप्रैल) अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले में स्थित भिलाई स्टील प्लांट की एक यूनिट में आग लगने से सात मज़दूर घायल हो गए. प्लांट के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना भिलाई शहर में स्थित प्लांट की STG (स्टीम टर्बो जेनरेटर)-4 टर्बाइन यूनिट में सुबह करीब 10 बजे हुई। यहाँ अचानक आग लग गई, जिससे टर्बाइन हॉल में चारों ओर भारी धुआँ फैल गया.

    उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही प्लांट की दमकल टीम ने तुरंत कार्रवाई की. मौके पर तीन दमकल गाड़ियां भेजी गईं और आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 01:16 PM (IST)

    पवन खेड़ा के दिल्ली घर पर असम पुलिस की छापेमारी, पासपोर्ट मामले को लेकर जांच तेज

    असम चुनाव के बीच सियासी घमासान अब दिल्ली तक पहुंच गया है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर असम पुलिस की टीम पहुंचकर तलाशी ले रही है. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पासपोर्ट से जुड़े मामले और हाल ही में लगाए गए आरोपों के बाद की जा रही है. पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद मामला और गरमा गया. फिलहाल दिल्ली पुलिस की मौजूदगी में तलाशी अभियान जारी है और इस पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 01:00 PM (IST)

    MBOSE 10वीं रिजल्ट 2026 जारी: छात्र अब घर बैठे ऑनलाइन चेक करें नतीजे

    मेघालय बोर्ड ने 10वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है, जिससे हजारों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है. अब छात्र अपना रिजल्ट ऑनलाइन आसानी से चेक कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें MBOSE की आधिकारिक वेबसाइट mbose.in या अन्य रिजल्ट वेबसाइट्स पर जाकर रोल नंबर दर्ज करना होगा. इस बार बोर्ड ने साफ कर दिया है कि रिजल्ट की कोई फिजिकल कॉपी ऑफिस में उपलब्ध नहीं होगी, यानी छात्र घर बैठे ही अपना मार्क्स देख और डाउनलोड कर सकते हैं. इससे छात्रों को बिना किसी परेशानी के जल्दी और सुरक्षित तरीके से रिजल्ट मिल सकेगा.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 12:44 PM (IST)

    ट्रैक्टर किराए के नाम पर किसानों से ठगी, फर्जी कागज बनाकर बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

    छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में किसानों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी पहले किसानों से ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर लेने का भरोसा दिलाता था, फिर फर्जी दस्तावेज बनाकर उसे दूसरे लोगों को बेच देता था. इस मामले में पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये कीमत के 4 ट्रैक्टर इंजन और 1 ट्रॉली बरामद की है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से इसी तरह किसानों को निशाना बना रहा था और वारदात के बाद मोबाइल बंद कर फरार हो जाता था.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 12:32 PM (IST)

    केंद्र ने आसान किए नियम, 5 किलो सिलेंडर की सप्लाई भी हुई दोगुनी

    देश में एलपीजी सप्लाई पर बढ़ते दबाव के बीच केंद्र सरकार ने राहत भरा कदम उठाया है. सरकार ने राज्यों को दिए जाने वाले 5 किलो वाले छोटे गैस सिलेंडरों की संख्या दोगुनी कर दी है, जिससे प्रवासी मजदूरों को खाना बनाने में आसानी होगी. साथ ही अब इन सिलेंडरों को लेने के लिए एड्रेस प्रूफ की जरूरत भी खत्म कर दी गई है. मजदूर, छात्र और दिहाड़ी कामगार सिर्फ पहचान पत्र और एक साधारण घोषणा देकर गैस सिलेंडर ले सकेंगे. सरकार का मकसद है कि मुश्किल समय में कोई भी व्यक्ति खाना बनाने जैसी जरूरी सुविधा से वंचित न रहे.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 12:23 PM (IST)

    बंगाल में वोटर लिस्ट से 90 लाख से ज्यादा नाम हटे, जांच के बाद लाखों नाम फिर जोड़े गए

    पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. चुनाव आयोग के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अब तक कुल 90.66 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं.

    आयोग ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ियों के चलते 60 लाख से ज्यादा नामों की जांच की गई, जिनमें से करीब 59.84 लाख मामलों का निपटारा हो चुका है. जांच के बाद 32.68 लाख पात्र मतदाताओं के नाम फिर से सूची में जोड़े गए, जबकि 27.16 लाख अपात्र लोगों के नाम स्थायी रूप से हटा दिए गए हैं. आयोग का कहना है कि प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाना है.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 12:06 PM (IST)

    देहरादून में डेंगू की दस्तक, एक महीने में 10 केस, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

    देहरादून में डेंगू के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है. पिछले एक महीने में जिले में 10 डेंगू पॉजिटिव मरीज मिले हैं, जिसके बाद सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को एडवाइजरी जारी कर दी गई है. विभाग ने अस्पतालों को आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने और सभी जरूरी दवाइयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही यह भी कहा गया है कि केवल एलाइजा टेस्ट में पॉजिटिव आने वाले मामलों को ही डेंगू माना जाए. आमतौर पर डेंगू के केस जुलाई के बाद बढ़ते हैं, लेकिन इस बार मार्च-अप्रैल में ही मामले सामने आने से प्रशासन ने पहले से ही तैयारी तेज कर दी है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 11:50 AM (IST)

    केरल में CPI दफ्तर के परिसर में एक किसान का शव फंदे से लटका मिला

    कोट्टायम (केरल): (7 अप्रैल) पुलिस ने बताया कि मंगलवार को केरल के इस ज़िले में CPI के एक दफ़्तर के परिसर में एक किसान का शव फंदे से लटका हुआ मिला. यह घटना वाइकोम के पास थलायाझम में हुई, और मृतक की पहचान चेल्लाप्पन पुलिक्काशेरी के रूप में हुई, जो एक स्थानीय किसान थे.

    एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "वह एक किसान थे और कथित तौर पर एक स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता भी थे. जांच की प्रक्रिया चल रही है. हमें अन्य विवरणों की पुष्टि करनी है."

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 11:39 AM (IST)

    सलूम्बर में बुखार से 5 बच्चों की मृत्यु पर सरकार गंभीर, विशेषज्ञ दल गठित कर गहन जांच के निर्देश

    सलूम्बर, 7 अप्रैल। जिले के दो गांवों में बुखार से पांच बच्चों की मौत के मामले में राज्य सरकार ने चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम गठित कर गहन जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए है. इस टीम में उदयपुर आरएनटी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल है.

    मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन, मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को वस्तुस्थिति पर नजर रखने को कहा है. वहीं मामले में 16 संदिग्ध नमूनें जांच के लिए उदयपुर के एमबी अस्पताल भेजे गये है. चिकित्सकों का दल प्रभावित बच्चों की लगातार निगरानी कर रहा है.

    मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने भी सोमवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मामले की पूरी जानकारी ली और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन तथा अन्य अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी रखे जाने के निर्देश दिए.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    07 Apr 2026 11:23 AM (IST)

    पंजाब कांग्रेस से निकाली गईं नवजोत कौर सिद्धू ने नया राजनीतिक दल बनाया

    चंडीगढ़: (7 अप्रैल) पंजाब कांग्रेस से निकाले जाने के दो महीने बाद, पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने एक नए राजनीतिक दल 'भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी' के गठन की घोषणा की है. पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी कौर ने सोमवार देर रात माइक्रोब्लॉगिंग साइट 'X' पर यह घोषणा की. पंजाब कांग्रेस ने कौर को उनके इस बयान -- "मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपये" -- के कारण राजनीतिक विवाद खड़ा करने के आरोप में निलंबित कर दिया था.

  • Posted By: Saurabh Sharma

    07 Apr 2026 11:10 AM (IST)

    बंगाल में बदलाव तय, 4 मई को नई सरकार बनेगी- धर्मेंद्र प्रधान

    कोलकाता, पश्चिम बंगाल में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) ने दावा किया कि राज्य में इस बार बदलाव तय है और 4 मई को नई सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि रासबिहारी सीट से भाजपा उम्मीदवार स्वपन दासगुप्ता (Swapan Dasgupta) चुनाव मैदान में हैं और उन्हें जिताने के लिए वह घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं. प्रधान ने कहा कि इस बार बंगाल का वोटर परिवर्तन के पक्ष में मतदान करेगा. उन्होंने चुनाव आयोग के कदमों को भी सही बताया और कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पूरी तरह मजबूत है. उनके बयान से चुनावी माहौल और गर्म हो गया है, जबकि सभी दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है. (ANI)

  • Posted By: Saurabh Sharma

    07 Apr 2026 11:00 AM (IST)

    पश्चिम एशिया तनाव के बीच न्यूज चैनलों की TRP पर 4 हफ्ते की रोक, सरकार का बड़ा फैसला

    सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) को निर्देश दिया है कि न्यूज टीवी चैनलों की TRP रिपोर्टिंग अगले चार हफ्तों तक या अगले आदेश तक रोक दी जाए. यह फैसला पश्चिम एशिया संघर्ष की कवरेज के दौरान कुछ चैनलों द्वारा दिखाई जा रही बेवजह सनसनी और अंदाजा लगाने वाली खबरों पर चिंता के बाद लिया गया है. मंत्रालय का मानना है कि संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय हालात में अटकलों पर आधारित कंटेंट से जनता में भ्रम और डर फैल सकता है. सरकार ने इसे जनहित में उठाया गया कदम बताया है, ताकि जिम्मेदार और संतुलित पत्रकारिता को बढ़ावा मिल सके.(ANI)

  • Posted By: Saurabh Sharma

    07 Apr 2026 10:50 AM (IST)

    क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन में बोले शिवराज, खाद्य सुरक्षा, किसान आय और तिलहन मिशन पर रहेगा फोकस

    जयपुर (राजस्थान) में क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन से पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि खेती देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ है और 140 करोड़ लोगों तक अनाज, फल, सब्जियां व दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने सम्मेलन के तीन मुख्य लक्ष्य बताए-देश की खाद्य सुरक्षा मजबूत करना, किसानों की आय बढ़ाकर जीवन बेहतर बनाना और भारत को पोषण के साथ दुनिया के लिए खाद्यान्न आपूर्तिकर्ता बनाना. मंत्री ने कहा कि तिलहन मिशन, प्राकृतिक खेती, एकीकृत खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों पर विस्तार से चर्चा होगी, ताकि उत्पादन बढ़े और किसानों को बेहतर मुनाफा मिल सके.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 10:36 AM (IST)

    हिमाचल के चंबा में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन सिंयुर पुल भूस्खलन में ढहा

    हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बड़ा हादसा सामने आया है, जहां निर्माणाधीन सिंयुर पुल भूस्खलन की वजह से ध्वस्त हो गया. यह पुल भरमौर-होली मार्ग को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था, लेकिन इसके टूटने से यह रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है.

    बताया जा रहा है कि भारी भूस्खलन के चलते पुल का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और निर्माण सामग्री रावी नदी में बह गई. इस घटना से लोक निर्माण विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, वहीं आसपास की दो पंचायतों के लोगों को भी आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा. प्रशासन स्थिति का आकलन कर रहा है और वैकल्पिक व्यवस्था पर काम शुरू कर दिया गया है.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 10:21 AM (IST)

    गेहूं-चावल का भरपूर भंडार, दाल-तेल की सप्लाई भी संतुलित-सरकार ने दिया भरोसा

    देश में जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों को लेकर सरकार ने राहत भरी जानकारी दी है. अधिकारियों के अनुसार गेहूं और चावल का पर्याप्त बफर स्टॉक मौजूद है और बाजार में कीमतों में कोई असामान्य बढ़ोतरी नहीं हुई है. सरकार 528 केंद्रों से रोजाना जरूरी सामान के दामों की निगरानी कर रही है, ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे. साथ ही राज्यों को जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके और बाजार में सप्लाई सुचारू बनी रहे.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 10:05 AM (IST)

    सलूम्बर में रहस्यमयी बीमारी से 5 बच्चों की मौत, जांच के लिए एक्सपर्ट टीम तैनात

    राजस्थान के सलूम्बर जिले से चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां दो गांवों में रहस्यमयी बीमारी के कारण पांच बच्चों की मौत हो गई है. इस घटना के बाद राज्य सरकार तुरंत अलर्ट हो गई है और मामले की जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम भेजी गई है.

    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने और मौत के कारणों की जल्द जांच करने के निर्देश दिए हैं. उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की टीम प्रभावित इलाकों में पहुंचकर बीमारी के कारणों और उसके फैलाव की जांच कर रही है. वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों में बुखार और अन्य लक्षण वाले बच्चों की जांच कर रही हैं, ताकि समय रहते बीमारी को रोका जा सके और हालात को नियंत्रण में लाया जा सके.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 09:50 AM (IST)

    यूपी कैबिनेट की अहम बैठक आज, उद्योग और समाज कल्याण से जुड़े कई बड़े फैसले संभव

    उत्तर प्रदेश में आज मुख्यमंत्री योगी की अध्यक्षता में अहम कैबिनेट बैठक होने जा रही है. इस बैठक में उद्योग, समाज कल्याण और अन्य विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है. सभी विभागों के अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं. माना जा रहा है कि इस बैठक में प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं, जिनका सीधा असर आम जनता और उद्योग क्षेत्र पर पड़ेगा.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 09:35 AM (IST)

    राजस्थान में 7 अप्रैल को आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

    मौसम विभाग के अनुसार 7 अप्रैल को कई संभागों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलेंगी और कई जगह मध्यम से तेज बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना है. बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र में 20 से 50 मिमी तक बारिश हो सकती है. 8 अप्रैल को कुछ उत्तरी इलाकों में हल्की बारिश रहेगी, जबकि 9 अप्रैल से मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में 2-3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 09:20 AM (IST)

    बिहार में मौसम बदलेगा, 7 अप्रैल को पूरे राज्य में आंधी-बारिश का अलर्ट

    बिहार में जल्द ही उमस भरी गर्मी से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग ने 7 अप्रैल को पूरे राज्य में आंधी, बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. इसके तहत उत्तर बिहार के कई जिलों में येलो अलर्ट और दक्षिण बिहार के जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है.

    येलो अलर्ट वाले जिलों में पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया समेत कई जिले शामिल हैं, जहां हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों जैसे पटना, गया, भागलपुर, बेगूसराय, नालंदा और रोहतास में मौसम ज्यादा गंभीर रह सकता है, जहां तेज आंधी, भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 09:05 AM (IST)

    यूपी में बदलेगा मौसम, 7-8 अप्रैल को आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

    उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है. यह बदलाव नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से हो रहा है.

    बताया गया है कि 7 अप्रैल को सबसे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं और बारिश शुरू होगी, जो 8 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में फैल सकती है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है. मौसम विभाग ने खास तौर पर किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 08:49 AM (IST)

    ग्रीष्मकालीन बुआई में हल्की बढ़त, धान की कमी को दलहन और मोटे अनाज ने संभाला

    देश में ग्रीष्मकालीन (जायद) फसलों की बुआई में इस साल मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है. 3 अप्रैल तक कुल रकबा बढ़कर करीब 58.2 लाख हेक्टेयर हो गया है, जो पिछले साल से थोड़ा ज्यादा है. हालांकि धान की बुआई में कमी आई है, लेकिन मूंग-उड़द जैसे दलहन, बाजरा-मक्का जैसे मोटे अनाज और तिलहन फसलों की बढ़त ने इस गिरावट को संतुलित कर दिया है. विशेषज्ञों के मुताबिक, किसान अब कम पानी वाली फसलों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं, जिससे खेती के पैटर्न में बदलाव साफ नजर आ रहा है. आने वाले दिनों में बुआई की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 08:33 AM (IST)

    पंजाब में आढ़तियों की हड़ताल जारी, 2.5 फीसदी फिक्स कमीशन की मांग पर अड़े

    पंजाब की मंडियों में आढ़तियों की हड़ताल जारी रहने से गेहूं खरीद प्रक्रिया पर बड़ा असर पड़ रहा है. आढ़ती अपनी पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे हैं, जिसमें उन्हें 2.5 फीसदी तय कमीशन मिलता था. उनका कहना है कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी.

    इस हड़ताल के कारण 1 अप्रैल से ही राज्य में गेहूं की सरकारी खरीद लगभग ठप पड़ी है. ऊपर से बारिश के चलते कटाई में भी देरी हो रही है, जिससे स्थिति और मुश्किल हो गई है. इस साल पंजाब में करीब 1.22 करोड़ टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन फिलहाल मंडियों में रोजाना केवल 500 से 1000 टन ही आवक हो पा रही है, जिससे सरकार और किसानों दोनों की चिंता बढ़ गई है.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 08:17 AM (IST)

    भारत की कॉफी 2.13 अरब डॉलर पार, कीमत और मांग बनी वजह

    भारत की कॉफी इंडस्ट्री ने इस साल बड़ा रिकॉर्ड बनाया है. वित्त वर्ष 2025-26 में देश का कॉफी निर्यात बढ़कर 2.13 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है. यह पिछले साल के मुकाबले करीब 17 फीसदी ज्यादा है. इस दौरान निर्यात की मात्रा भी बढ़कर 4.07 लाख टन हो गई, जबकि बेहतर कीमतों के चलते कुल मूल्य 18,887 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. प्रति टन कॉफी की कीमत में भी करीब 17 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. हालांकि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव से कुछ शिपमेंट प्रभावित हुए हैं, लेकिन यूरोप में मजबूत मांग के कारण निर्यात को सहारा मिला है. विशेषज्ञों के अनुसार, अच्छी कीमत, स्थिर उत्पादन और बढ़ती वैश्विक मांग ने इस रिकॉर्ड प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई है.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 08:02 AM (IST)

    पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत करेगा 25 लाख टन यूरिया आयात, खरीफ से पहले बड़ी तैयारी

    पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते उर्वरक आपूर्ति प्रभावित होने के बीच भारत ने बड़ा कदम उठाया है. देश ने घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए 25 लाख टन यूरिया आयात की तैयारी शुरू कर दी है. सरकारी कंपनी Indian Potash Limited ने 15 लाख टन यूरिया के लिए टेंडर जारी किया है, जबकि बाकी 10 लाख टन पूर्वी तट के जरिए मंगाया जाएगा.

    खरीफ सीजन से पहले बढ़ती मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, क्योंकि गैस आपूर्ति प्रभावित होने से देश में यूरिया उत्पादन में कमी आई है. बताया जा रहा है कि पिछले महीने उत्पादन में 6 से 7 लाख टन तक की गिरावट दर्ज की गई. ऐसे में सरकार समय रहते आयात बढ़ाकर किसानों को खाद की कमी से बचाने की कोशिश कर रही है.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 07:47 AM (IST)

    जयपुर में आज क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन, किसानों के लिए नई रणनीति पर होगा मंथन

    राजस्थान की राजधानी जयपुर में 7 अप्रैल को पश्चिमी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. इस सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे. केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की पहल पर हो रहे इस कार्यक्रम में खेती के विकास, किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी.

    इस दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की जाएगी, राज्यों के अनुभव साझा होंगे और किसानों की आय बढ़ाने के लिए नई रणनीतियां तैयार की जाएंगी, ताकि खेती को ज्यादा लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सके.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 07:32 AM (IST)

    यूपी में शुक्रवार को जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट, चुनाव आयोग ने दी बड़ी जानकारी

    उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है. मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिन्वा ने जानकारी दी कि अंतिम वोटर लिस्ट शुक्रवार को जारी की जाएगी. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पूरी तरह से सटीक और त्रुटि-रहित सूची तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आगामी चुनावों में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 07:16 AM (IST)

    दक्षिण भारत में 7 से 10 अप्रैल तक बारिश, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट

    दक्षिण भारत में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक 7 से 9 अप्रैल के बीच तमिलनाडु, पुदुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं आंतरिक कर्नाटक में 9 और 10 अप्रैल को बारिश का असर दिखेगा, जबकि केरल और माहे में भी गरज और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 7-8 अप्रैल और तटीय कर्नाटक में 9-10 अप्रैल के दौरान बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. कुछ इलाकों, खासकर घाटीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

  • Posted By: Kisan India

    07 Apr 2026 07:00 AM (IST)

    मौसम विभाग का अलर्ट, 7-8 अप्रैल को बारिश और तूफान चरम पर

    मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे, जिनका सबसे ज्यादा असर 7 और 8 अप्रैल को देखने को मिलेगा. इस दौरान कश्मीर घाटी में 7 अप्रैल और हिमाचल प्रदेश में 8 अप्रैल को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. वहीं मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में 9 अप्रैल तक गरज-चमक और बिजली के साथ बारिश जारी रहने का अनुमान है. छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 6 अप्रैल को ओले गिर सकते हैं, जबकि बिहार और झारखंड में 6 और 8 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. अगले कुछ दिनों तक अधिकतर इलाकों में तापमान सामान्य या उससे थोड़ा कम रहेगा, जिसके बाद धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने की उम्मीद है.

Agriculture News in Hindi Live Updates: मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ जिलों में शीतलहर (Cold Wave) चल रही है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) में बारिश और सुबह कोहरे की स्थिति बनी हुई है. दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण (Delhi Air Pollution Latest Updates) कम हुआ है, लेकिन अभी भी साफ हवा का स्तर कमजोर है. वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में ठंडी हवाओं से सुबह-शाम तापमान नीचे लुढ़क रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 23वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 23rd Installment) एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और रबी सीजन (Rabi Season) की फसलों की बुवाई और के बाद अब एमएसपी पर फसलों की खरीद प्रक्रिया शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today

Published: 7 Apr, 2026 | 06:56 AM