9600 एकड़ भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, 25 गांवों के लोगों ने पैदलमार्च निकाला 

Bengaluru Bidadi Project: बिदादी प्रोजेक्ट के खिलाफ किसानों और जनता दल सेक्यूलर ने पैदल मार्च कर विरोध प्रदर्शन किया है. प्रदर्शन में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा भी शामिल हुए.

नोएडा | Updated On: 10 Aug, 2026 | 03:35 PM

कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिणी जिले के बिदादी में जीबीआईटी परियोजना (Greater Bengaluru Integrated Township (GBIT)) के लिए भूमि अधिग्रहण के खिलाफ 25 गांवों के किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया है. किसानों के समर्थन में जनता दल सेक्युलर ने पैदल मार्च निकाला और उसमें पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा भी शामिल हुए. नाराज किसानों ने कहा कि वह अपनी उपजाऊ जमीन नहीं देना चाहते हैं, लेकिन सरकार जबरन जमीन छीन रही है.

कर्नाटक सरकार के बिदादी परियोजना के लिए के तहत 25 गावों की जमीन का अधिग्रहण कर रही है. लेकिन, किसान लगातार 3 महीने से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. किसानों और स्थानीय निवासियों के विरोध के बीच राज्य सरकार ने जीबीआईटी परियोजना के लिए सात गांवों में 5,400 एकड़ से अधिक भूमि अधिग्रहण को लेकर अंतिम अधिसूचना के दो चरण जारी किए हैं. इसके बाद से किसानों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ी है.

पैदल मार्च में पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा भी शामिल

कर्नाटक में विपक्षी दल जनता दल सेक्यूलर ने सोमवार को किसानों के समर्थन में पैदल मार्च निकाला है. मार्च में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा भी शामिल हुए हैं. इसके साथ ही बेंगलुरु शहर के फ्रीडम पार्क तक तीन दिवसीय पदयात्रा की घोषणा की गई है. इस दौरान किसानों और स्थानीय निवासियों ने ने ‘नम्मा भूमि, नम्मा हक्कू’ (हमारी जमीन, हमारा अधिकार) जैसे नारे लगाए और सरकार पर आरोप लगाया कि वह रियल एस्टेट के हितों को बढ़ावा दे रही है और किसानों के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करके उन्हें दबाने की कोशिश कर रही है.

सरकार ने 7 गावों की जमीन के लिए अंतिम अधिसूचना जारी की

किसानों और स्थानीय लोगों के विरोध के बीच सरकार ने ‘ग्रेटर बेंगलुरु इंटीग्रेटेड टाउनशिप प्रोजेक्ट’ (जीबीआईटी) के बारे में अलग-अलग राय और प्रतिक्रियाओं की समीक्षा करने के लिए उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश गुहानथन नरेंद्र की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति बनाई है. इसके साथ ही राज्य सरकार ने परियोजना के लिए 7 गांवों में 5,400 एकड़ से अधिक भूमि अधिग्रहण को लेकर अंतिम अधिसूचना के दो चरण जारी किए हैं.

उपजाऊ जमीन पर 10 लाख से ज्यादा पेड़ काटे जाएंगे – जेडीएस नेता

बिदादी प्रोजेक्ट के मुद्दे पर JDS नेता निखिल कुमारस्वामी ने कहा कि हम किसानों के लिए लड़ने को तैयार हैं. सरकार ने किसानों की बात पर ध्यान नहीं दिया है. यहां की उपजाऊ जमीन पर 10 लाख से ज्यादा पेड़ काटे जाएंगे. उन्होंने सोशल और एनवायरनमेंटल इम्पैक्ट असेसमेंट (सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभाव का आकलन) तक नहीं किया है. वहीं, किसानों की उपजाऊ जमीन को लेने से उनके सामने जीविका का संकट खड़ा हो जाएगा. इसलिए हम इसका विरोध कर रहे हैं.

जेडीएस ने खुद योजना बनाई थी अब विरोध करना गलत – कांग्रेस विधायक

कांग्रेस विधायक सी. पुट्टारंगाशेट्टी ने मीडिया से कहा कि एचडी. कुमारस्वामी ने पहले बिदादी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की योजना बनाई थी, लेकिन अब इसका विरोध करना उनके लिए सही नहीं है. उन्होंने कहा कि जिन्होंने पहले खुद योजना बनाई थी अब वही उसका विरोध कर रहे हैं. यह जनता के साथ दोहरा रवैया अपना रहे हैं और भड़का रहे हैं. उन्होंने कुमारस्वामी पर कांग्रेस के खिलाफ बयान देने का आरोप भी लगाया और कहा कि JDS कभी भी अपने दम पर सत्ता में नहीं आई है. साथ ही उन्होंने कहा कि अगले चुनावों में कुमारस्वामी न तो राजा बनेंगे और न ही किंगमेकर.

Published: 10 Aug, 2026 | 03:28 PM

Topics: