ऐसा क्या हुआ कि पल भर में मर गईं 6000 मुर्गियां और 4 मवेशी, बेतूल में दिखा खौफनाक मंजर!

पोल्ट्री किसान शाहिद शाह ने कहा कि वह खेती करने के साथ पोल्ट्री फार्म चलाते हैं. उनके खेत के पास वाले खेत में आग लग गई. हवा तेज से आग पोल्ट्री फार्म तक पहुंच गई और देखते ही देखते पाली गईं मुर्गियां जलकर मर गईं. एक अन्य घटना में 4 मवेशियों की आग में जलकर मौत हो गई है.

नोएडा | Updated On: 15 Apr, 2026 | 07:09 PM

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में आग का विकराल रूप देखने को मिला है, जहां खेत में लगी आग ने पोल्ट्री फॉर्म को चपेट में ले लिया है. पोल्ट्री फार्म में पाली जा रहीं 6 हजार मुर्गियों की जलकर मौत हो गई. जबतक आग पर काबू पाया जाता तब तक पूरा पोल्ट्री फार्म आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया. पीड़ित पोल्ट्री फार्मर ने करीब 15 लाख रुपये के नुकसान की बात स्थानीय पुलिस को बताई है. जिले में एक दूसरी आगजनी की घटना में खेत पर बने घर में आग लगने से 4 पशुओं की जलकर मौत हो गई, जबकि भूसा आदि अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया. दोनों घटनाओं की सूचना पर बुधवार को राजस्व विभाग के अधिकारी और पुलिसकर्मियों ने घटनास्थलों का दौरा किया है.

बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम इटावा के पास पांच पांडव नामक जगह पर आग लगने से 6 हजार मुर्गियों की मौत हो गई है. प्रसार भारती की रिपोर्ट के अनुसार खेत में लगी आग पोल्ट्री फार्म तक पहुंच गई. आग की चपेट में आने से 6 हजार मुर्गा-मुर्गी जिंदा जल गए. पोल्ट्रीफार्म संचालक को इस आगजनी की घटना से 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है. आग की भेंट चढ़कर पाल पर्दे , ट्रिप, पाइपलाइन पानी की टंकी, मुर्गी का दाना भी खाक हो गया.

पोल्ट्री किसान ने कहा 6000 मुर्गियां मर गईं

पोल्ट्री फार्म के संचालक शाहिद शाह ने कहा कि वह खेती के साथ पोल्ट्री फार्म भी संचालित करता है. मंगलवार को दोपहर घर जाने के बाद सूचना मिली कि उसके खेत के बाजू के खेत में आग लग गई है. हवा की तेज गति से आग पोल्ट्री फार्म तक पहुंचने लगी तो बड़े भाई शकील के साथ उसने आग बुझाने का प्रयास किया. लेकिन, आग इतनी तेजी से फैली कि फॉर्म के अंदर तक पहुंच गई जिससे लगभग 6000 मुर्गे मुर्गियां जिंदा जल गए.

पोल्ट्री फॉर्म में आग से 15 लाख का नुकसान

शाहिद ने कहा कि आग लगने से पोल्ट्री फार्म में लगे पाल पर्दे, ट्रिप, पाइपलाइन पानी की टंकी, मुर्गी का दाना सहित सब कुछ जल कर नष्ट हो गया. फार्म संचालक ने कहा कि लगभग 15 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है. घटना की शिकायत पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को जांच की है.

खेत के घर में लगी आग से 4 पशु जिंदा जले

एक दूसरी घटना में बैतूल जिले में चिचोली इलाके के बलाईमोल गांव में एक किसान के खेत पर बने घर में अचानक आग लग गई. इस घटना में किसान के चार मवेशी जिंदा जल गए. इसके अलावा खेती के औजार और मवेशियों के लिए रखा चारा भी पूरी तरह से जल गया. इस आग के कारण किसान को लाखों रुपयों का आर्थिक नुकसान हुआ है. प्रभावित किसान ने प्रशासन से मुआवजे की अपील की है.

Published: 15 Apr, 2026 | 03:46 PM

Topics: