तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने विजय, साथ में 9 नेताओं ने ली शपथ.. 29 साल की कीर्तना भी बनी मंत्री

TVK प्रमुख थलापति विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. उनके साथ 9 अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है. तमिलनाडु में विजय का मुख्यमंत्री बनना राज्य की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है. इससे लंबे समय से चले आ रहे द्रविड़ दलों के दबदबे पर फिलहाल कुछ रोक लगती दिख रही है.

नोएडा | Updated On: 10 May, 2026 | 11:55 AM

TVK प्रमुख थलापति विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. गवर्नर राजेंद्र आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस दौरान मंच पर टीवीके के कई वरिष्ठ नेता और राहुल गांधी भी मौजूद रहे. वहीं, थलापति विजय के साथ टीवीके के 9 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली. मंत्री पद के लिए शपथ लेने वालों में एन. आनंद, आधव अर्जुन,  डॉ. के.जी. अरुणराज, के.ए. सेंगोट्टैयन, पी. वेंकटरमणन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टी.के. प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना का नाम शामिल है. वहीं, एस. ए. चंद्रशेखर ने बेटे विजय के मुख्यमंत्री बनने पर खुशी जताई. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह बेहद खुश हैं और जो भी कर रहे हैं, वह अपने बेटे के लिए ही कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि विजय की सफलता सिर्फ उनके परिवार की नहीं, बल्कि तमिल लोगों की भी जीत है.

शपथ लेने वाले मंत्रियों का इतिहास

टीवीके के महासचिव केजी अरुण राज ने भी मंत्री पद की शपथ ली है. तिरुतेंगोडे सीट से चुने गए अरुण राज पहले आईआरएस अधिकारी रह चुके हैं और अब वह टीवीके सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे. वहीं, टीवीके नेता और पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार आधव अर्जुन विल्लिवक्कम सीट से विधायक हैं और इससे पहले वीसीके में जनरल सेक्रेटरी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

थिरू एन. आनंद त्यागराज सीट से विधायक हैं. इसके अलावा आनंद टीवीके के महासचिव और पार्टी के प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं. वहीं, गोबीचेट्टिपालयम सीट से चुने गए विधायक के.ए. सेंगोट्टैयन ने भी मंत्री पद की शपथ ली. वह नौवीं बार विधायक बने हैं. सेंगोट्टैयन लंबे समय तक एआईएडीएमके से जुड़े रहे और अब टीवीके सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

अभिनेता और निर्देशक राजमोहन ने भी मंत्री बन गए

तमिल अभिनेता और निर्देशक राजमोहन ने भी मंत्री बन गए हैं. वह टीवीके के प्रचार सचिव हैं और एग्मोर सीट से पहली बार विधायक चुने गए हैं. वहीं, डॉ. टीके प्रभु भी टीवीके सरकार में मंत्री बने हैं. कराईकुडी सीट से विधायक प्रभु पेशे से डेंटिस्ट हैं और उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में एंट्री की है. खास बात यह है कि मंत्री पद की शपथ लेने वाली एस. कीर्तना चर्चा में हैं. 29 साल की कीर्तना टीवीके सरकार की सबसे युवा मंत्री बनी हैं. उन्होंने तमिलनाडु की शिवकाशी सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा में जगह बनाई है.

इन दलों से मिला विजय को सहयोग

विजय ने कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायकों के सहयोग से सरकार बनाई है. हालांकि, 13 मई से पहले उन्हें विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा. वहीं, थलापति के सीएम बनने से आम जनता में खुशी की लहर है.

सिर्फ दो साल पुरानी है विजय की पार्टी

तमिलनाडु में विजय का मुख्यमंत्री बनना राज्य की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है. इससे लंबे समय से चले आ रहे द्रविड़ दलों के दबदबे पर फिलहाल कुछ रोक लगती दिख रही है. तमिलनाडु की राजनीति में द्रविड़ विचारधारा का प्रभाव 1957 से माना जाता है, जब सी एन अन्नादुरई के नेतृत्व में DMK पहली बार सत्ता में आई. इसके बाद 1967 में AIADMK का गठन मशहूर अभिनेता एम जी रामचंद्रन ने किया, जिन्होंने DMK से अलग होकर अपनी पार्टी बनाई. वहीं, अभिनेता विजय की राजनीतिक यात्रा अलग है. वे बिना किसी पुरानी वैचारिक पृष्ठभूमि के राजनीति में आए हैं. उनकी पार्टी TVK अभी सिर्फ दो साल पुरानी है, लेकिन उन्होंने तेजी से अपनी राजनीतिक जगह बना ली है.

 

Published: 10 May, 2026 | 10:21 AM

Topics: