यूपी में क्या खाद की कमी है? किसानों की मांग पर सरकार ने जारी किए फर्टिलाइजर स्टॉक आंकड़े

Fertilizer Stock in Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि राज्य में यूरिया और डीएपी (DAP) समेत अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में अधिक खाद उपलब्ध कराई गई है और कोई कमी नहीं है.

नोएडा | Updated On: 14 Apr, 2026 | 05:57 PM

उत्तर प्रदेश में खरीफ सीजन के लिए खाद की कमी को लेकर किसानों की चिंताओं पर सरकार ने राज्य में खाद स्टॉक के आंकड़े जारी किए हैं. सरकार ने बताया है कि यूरिया, डीएपी से लेकर एसएसपी और एनपीके खाद की जरूरत और स्टॉक मौजूद है. किसानों को जरूरत के हिसाब से खाद का वितरण भी किया जा रहा है.

उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार अप्रैल 2026 तक रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता खूब है. उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बयान में कहा कि राज्य में यूरिया और डीएपी (DAP) समेत अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में अधिक खाद उपलब्ध कराई गई है और कोई कमी नहीं है.

खरीफ सीजन के लिए जरूरत से ज्यादा यूरिया मौजूद

यूरिया के लिए खरीफ 2026 का लक्ष्य 41.00 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है, जबकि अप्रैल 2026 तक का लक्ष्य 4.50 लाख मीट्रिक टन है. इसके मुकाबले उपलब्धता 11.79 लाख मीट्रिक टन दर्ज की गई है, जिसमें से 0.40 लाख मीट्रिक टन खाद किसानों को वितरित की गई है और 11.39 लाख मीट्रिक टन खाद का स्टॉक मौजूद है. पिछले वर्ष अप्रैल 2025 तक 2.44 लाख मीट्रिक टन खाद किसानों को दी गई थी.

डीएपी मौजूद आगे और स्टॉक बढ़ेगा

राज्य सरकार के अनुसार डीएपी (DAP) के लिए कुल लक्ष्य 10.00 लाख मीट्रिक टन है और अप्रैल तक का लक्ष्य 1.00 लाख मीट्रिक टन रखा गया है. वर्तमान में डीएपी उपलब्धता 5.05 लाख मीट्रिक टन है, जिसमें से 0.12 लाख मीट्रिक टन किसानों को वितरित की गई है और 4.93 लाख मीट्रिक टन खाद का स्टॉक अभी भी मौजूद है. पिछले वर्ष इसी अवधि में 0.54 लाख मीट्रिक टन खाद का वितरण किया गया था.

उत्तर प्रदेश में खाद उपलब्धता के आंकड़े जारी.

एनपीके और एसएसपी उर्वरक का खूब स्टॉक

एनपीके (NPK) उर्वरक के लिए खरीफ सीजन का कुल लक्ष्य 5.00 लाख मीट्रिक टन है. एनपीके खाद का स्टॉक 4.81 लाख मीट्रिक टन बना हुआ है, इसमें से 0.05 लाख मीट्रिक टन वितरित हुआ है और 4.76 लाख मीट्रिक टन बाकी है. वहीं, एसएसपी (SSP) के लिए खरीफ सीजन का कुल लक्ष्य 3.00 लाख मीट्रिक टन है. वर्तमान उपलब्धता 3.58 लाख मीट्रिक टन है, जिसमें से 0.05 लाख मीट्रिक टन वितरित की गई है और 3.53 लाख मीट्रिक टन शेष है.

सहकारिता समितियों में भी स्टॉक मौजूद

खरीफ सीजन की फसलों के लिए एमओपी (MOP) जरूरत का कुल लक्ष्य 2.50 लाख मीट्रिक टन है. इसमें से 0.02 लाख मीट्रिक टन खाद का वितरण किया गया है और 0.97 लाख मीट्रिक टन खाद अभी भी उपलब्ध है. शासन स्तर पर कहा गया है कि सहकारिता क्षेत्र की पैक्स और अन्य समितियों में स्टॉक मौजूद है, जो इन आंकड़ों में शामिल नहीं किया गया है.

Published: 14 Apr, 2026 | 05:51 PM

Topics: