E20 पेट्रोल पर केजरीवाल का पैदल मार्च, पुलिस से धक्कामुक्की पर हंगामा.. PM आवास के नजदीक धरने पर बैठे नेता

AAP Protest over E20 petrol : पुलिस ने ई-20 पेट्रोल के मुद्दे पर प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे केजरीवाल और अन्य को रोक दिया है, जिसके बाद पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई है. आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि ट्रंप की गुलामी के कारण पीएम मोदी 22,000 करोड़ का इथेनॉल अमेरिका से खरीद रहे हैं.

Kisan India
नई दिल्ली | Updated On: 4 Aug, 2026 | 01:40 PM

देश में इथेनॉल मिक्स पेट्रोल (E20 Petrol ) की बिक्री के खिलाफ 2.30 लाख से अधिक ज्ञापनों को सौंपने के लिए प्रधानमंत्री आवास की ओर मंगलवार को करीब 100 लोगों के साथ मार्च कर रहे आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी के अन्य नेताओं को दिल्ली पुलिस ने फिरोजशाह मार्ग पर रोक लिया. इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प और धक्कामुक्की हुई है. रोके जाने के बाद केजरीवाल, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, जैस्मीन शाह और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ फिरोजशाह मार्ग पर ही धरने पर बैठ गए.

आप ने देश भर के लोगों से एकत्र ज्ञापनों को सौंपने के लिए लगभग 100 लोगों के साथ मार्च शुरू किया था. ये ज्ञापन सरकार की ई-20 पेट्रोल को बढ़ावा देने वाली नीति के खिलाफ थीं, जिसमें आरोप लगाया गया था कि एथनॉल-मिश्रित ईंधन का वाहन मालिकों पर बुरा असर पड़ रहा है. केजरीवाल ने मार्च से पहले समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी देश भर के लोगों द्वारा हस्ताक्षरित 2.30 लाख से अधिक ज्ञापन लेकर जा रही है और उन्होंने सरकार से करोड़ों वाहन मालिकों की चिंताओं पर संज्ञान लेने की अपील की.

उन्होंने कहा कि हम देश भर के लोगों द्वारा हस्ताक्षरित 2.30 लाख से अधिक ज्ञापन के साथ प्रधानमंत्री आवास जा रहे हैं. हम चाहते हैं कि सरकार उन करोड़ों वाहन मालिकों की चिंताओं को सुने जो ई20 पेट्रोल के कारण समस्याओं का सामना कर रहे हैं.

प्रदर्शनकारियों को बढ़ने की अनुमति नहीं मिलेगी- दिल्ली पुलिस

पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को पांच फिरोज शाह मार्ग से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने बताया कि किसी को भी 5 फिरोज शाह मार्ग से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमने दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों समेत बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए हैं. वहीं, प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और बेरीकेडिंग लगाकर उन्हों आगे नहीं बढ़ने दिया.

मोदी सरकार जनता की नहीं, ट्रंप की सुन रही- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने जनता की आवाज दबाने के लिए हजारों पुलिसकर्मी तैनात कर दिए. लेकिन E20 के खिलाफ करोड़ों लोगों की आवाज बनकर आम आदमी पार्टी सड़क पर डटी रहेगी. उन्होंने कहा कि US President Trump चाहते हैं कि America का Ethanol India में बिके. मोदी सरकार देश की जनता की नहीं, Trump की सुन रही है. E20 से जनता पहले ही परेशान है, फिर भी अगले 5 साल में $20 Billion का Ethanol खरीदने की तैयारी है. आखिर यह सौदा किसके हित में है?

ट्रंप की गुलामी के कारण पीएम 22,000 करोड़ का इथेनॉल खरीद रहे- संजय सिंह

AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने एक महीने पहले समय मांगा था और 2,33,000 लोगों ने एक पिटीशन पर साइन किया है. वे प्रधानमंत्री मोदी को लेटर देना चाहते हैं. लेकिन ट्रंप की गुलामी के कारण पीएम मोदी 22,000 करोड़ का इथेनॉल खरीद रहे हैं. 30 करोड़ गाड़ियां E20 के लिए नहीं बनी है, वे गाड़ियां खराब होगी। लोगों का नुकसान होगा…हम कहना चाहते हैं की मोदी जी इथेनॉल खरीदना बंद कर दीजिए.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 4 Aug, 2026 | 01:30 PM

लेटेस्ट न्यूज़