भूमि खरीद में मोहन यादव के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस, घोटाले का मास्टरमांइड बताया.. अभियान चलेगा

Madhya Pradesh Land Scam: कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार का संदेह नहीं है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री अपने निजी लाभ के लिए किए गए इस बड़े भूमि घोटाले के मास्टरमाइंड हैं. उन्हें जवाबदेह ठहराने के लिए उनके इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस संघर्ष लगातार जारी रखेगी.

नोएडा | Updated On: 29 Jun, 2026 | 01:37 PM

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर उज्जैन में नियमों को ताक पर रखकर जमीन खरीद का आरोप लगाया गया है. इसको लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को जमीन खरीद घोटाले का मास्टरमाइंड बताते हुए इस्तीफे की मांग की है. मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री को आरोपों पर जवाब मांगा जा रहा है, लेकिन वह चुप्पी साधे हैं जो आरोप सही होने का इशारा है. कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री को 3 दिन का समय दिया गया है और आज दूसरा दिन है कल भी जवाब नहीं दिया गया तो प्रदेश स्तरीय अभियान शुरू किया जाएगा.

हालिया इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिवार से जुड़े सदस्यों और कंपनियों ने दिसंबर 2023 के बाद उज्जैन में लगभग 137 भूखंड खरीदे जिनका क्षेत्रफल करीब 168 एकड़ है. खास बात यह है कि जमीनें मुख्यमंत्री की पत्नी, बेटे और बहू के नाम पर भी हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि ये जमीनें मुख्य रूप से उन इलाकों में खरीदी गई हैं, जहां विकास परियोजनाओं का सबसे अधिक लाभ मिलने की संभावना है.

30 जून से सीएम के खिलाफ अभियान शुरू करेगी कांग्रेस

कांग्रेस ने आज सोमवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर कथित उज्जैन भूमि घोटाले को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि वह इस मामले में उन्हें जवाबदेह ठहराने और उनके इस्तीफे की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी. मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि यदि मुख्यमंत्री ने जनता के सवालों का जवाब नहीं दिया तो 30 जून से ‘जवाब दो अभियान’ शुरू किया जाएगा.

मुख्यमंत्री को भूमि घोटाले का मास्टरमाइंड बताया

कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर शेयर पोस्ट में कहा कि इसमें किसी भी प्रकार का संदेह नहीं है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री अपने निजी लाभ के लिए किए गए इस बड़े भूमि घोटाले के मास्टरमाइंड हैं. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उन्हें जवाबदेह ठहराने के लिए उनके इस्तीफे की मांग को लेकर अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी, क्योंकि उन्हें जवाबदेह ठहराने का यही एकमात्र रास्ता है.

जवाब के लिए जनता के दिए 2 दिन खत्म, तीसरे दिन शुरू होगा अभियान

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी, समय तेजी से आगे बढ़ रहा है. लेकिन, आपकी “चुप्पी” वहीं की वहीं है. मध्य प्रदेश कांग्रेस ने आपको जनता के सवालों का जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया था. आज दूसरा दिन भी समाप्त हो गया है! पूरे प्रदेश की निगाहें अब भी आपकी ओर हैं! जनता की अदालत में उठे सवालों का जवाब मुख्यमंत्री की ओर से नहीं आया है. सरकारी सफाइयां आ चुकी हैं, लेकिन जनता जानना चाहती है कि मुख्यमंत्री स्वयं कब बोलेंगे? यदि सब-कुछ तथ्यों पर आधारित है, तो जनता के सामने आइए.

अगर आरोप गलत हैं तो कोर्ट क्यों नहीं जाते सीएम

जीतू पटवारी ने कहा कि अगर इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट गलत है, तो न्यायालय जाइए! यदि आरोप निराधार हैं, तो जनता के समक्ष प्रमाण रखिए. साथ ही, यह भी याद रखिए कि लोकतंत्र में मौन कभी उत्तर नहीं होता. अब केवल एक दिन शेष है. मध्य प्रदेश की जनता बड़ी आतुरता से आपके उत्तर की प्रतीक्षा कर रही है. यदि फिर भी चुप्पी नहीं टूटी तो 30 जून को कांग्रेस जवाब दो अभियान शुरू करेगी.

Published: 29 Jun, 2026 | 01:35 PM

Topics: