Eid-ul-Fitr 2026: 20 या 21 मार्च? जानें कब मनाई जाएगी ईद, चांद दिखने पर तय होगी तारीख

Eid 2026: रमजान के पवित्र महीने के खत्म होने के बाद मनाई जाने वाली ईद-उल-फितर की तारीख चांद दिखने पर तय होती है. साल 2026 में भारत में मीठी ईद 20 या 21 मार्च को मनाई जा सकती है. अगर 19 मार्च की शाम शव्वाल का चांद दिखाई देता है तो 20 मार्च को ईद होगी, वरना 21 मार्च को यह त्योहार मनाया जाएगा.

नोएडा | Updated On: 11 Mar, 2026 | 03:23 PM

Eid al-Fitr: रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और मुस्लिम समुदाय में ईद-उल-फितर की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. ईद-उल-फितर को आमतौर पर मीठी ईद भी कहा जाता है और यह इस्लाम के सबसे बड़े और खुशियों भरे त्योहारों में से एक है. यह पर्व पूरे महीने के रोजों के बाद मनाया जाता है. ईद की तारीख हर साल चांद दिखने पर तय होती है, इसलिए कई बार इसकी सही तारीख को लेकर लोगों में उत्सुकता रहती है. साल 2026 में भी ईद-उल-फितर की तारीख को लेकर 20 या 21 मार्च की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में आइए जानते हैं ईद-उल-फितर 2026 की संभावित तारीख, इसका महत्व और इससे जुड़ी खास बातें.

ईद-उल-फितर 2026 कब मनाई जाएगी

ईद-उल-फितर का त्योहार इस्लामी कैलेंडर के अनुसार शव्वाल महीने के पहले दिन मनाया जाता है. शव्वाल का महीना रमजान के खत्म होने के बाद शुरू होता है. अगर 19 मार्च 2026 की शाम को शव्वाल का चांद दिखाई देता है, तो भारत में ईद-उल-फितर 20 मार्च 2026 को मनाई जाएगी. वहीं अगर उस दिन चांद नजर नहीं आता है, तो रमजान के 30 रोजे पूरे होंगे और ईद 21 मार्च 2026 को मनाई जाएगी. भारत में चांद दिखने की आधिकारिक घोषणा आमतौर पर जमीअत उलेमा-ए-हिंद या स्थानीय चांद कमेटी द्वारा की जाती है.

हालांकि कई देशों में सऊदी अरब में चांद दिखने के आधार पर भी ईद मनाई जाती है, लेकिन भारत में स्थानीय चांद देखने को ज्यादा महत्व दिया जाता है. इसलिए ईद की अंतिम तारीख का फैसला 19 मार्च की शाम को साफ हो जाएगा.

रमजान और ईद-उल-फितर का संबंध

रमजान इस्लामी कैलेंडर का नौवां महीना होता है और इसे माह-ए-सियाम भी कहा जाता है. इस पूरे महीने मुसलमान रोजा रखते हैं और सुबह से शाम तक भोजन और पानी से परहेज करते हैं. रमजान के दौरान लोग ज्यादा से ज्यादा इबादत करते हैं, कुरान पढ़ते हैं और अच्छे कामों पर ध्यान देते हैं. जब रमजान खत्म होता है और शव्वाल का महीना शुरू होता है, तब उसका पहला दिन ईद-उल-फितर के रूप में मनाया जाता है.

ईद-उल-फितर का धार्मिक महत्व

ईद-उल-फितर का त्योहार भाईचारे, खुशी और इंसानियत का संदेश देता है. इस दिन मुसलमान सुबह विशेष ईद की नमाज अदा करते हैं. नमाज के बाद लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ‘ईद मुबारक’ कहते हैं और खुशियां बांटते हैं. इस दिन घरों में कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं. खासतौर पर सेवइयां, शीरखुरमा, बिरयानी और अन्य मीठे पकवान ईद की रौनक बढ़ाते हैं.

ईद-उल-फितर केवल खुशियां मनाने का त्योहार ही नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंदों की मदद करने का भी संदेश देता है. इस दिन मुसलमान गरीबों को खाना खिलाते हैं, दान देते हैं और अपनी खुशियों में उन्हें भी शामिल करते हैं.

Published: 11 Mar, 2026 | 03:23 PM

Topics: