Gold Rate: सोना हुआ 1.60 लाख के पार! क्या अब 2 लाख छुएगा गोल्ड? जानिए शहरों में क्या चल रही कीमत

Gold Rate Today: वैश्विक तनाव और डॉलर में मजबूती के बीच सोने की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं. एमसीएक्स पर 24 कैरेट सोना 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गोल्ड में मजबूती बनी हुई है. रुपया कमजोर होने से आयात महंगा हो रहा है, जिससे घरेलू बाजार में कीमतें ऊपर जा रही हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

नोएडा | Updated On: 23 Feb, 2026 | 12:42 PM

Gold Price Today: देश और दुनिया में बढ़ते तनाव के बीच सोने की कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे राजनीतिक तनाव और अमेरिका की व्यापार नीति से जुड़े बयानों का असर सीधे सोने के दाम पर पड़ रहा है. निवेशक अनिश्चित माहौल में सोने को सुरक्षित निवेश मानते हैं, इसलिए मांग बढ़ने से कीमतें ऊपर जा रही हैं.

एमसीएक्स और कॉमेक्स पर बढ़े दाम

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का भाव 23 फरवरी को 1,60,049 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला. यह पिछले बंद भाव से करीब 2 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स (Comex) में सोना 5,182 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा, जो पिछले 24 घंटों में लगभग 2 प्रतिशत की बढ़त है.

पिछले कारोबारी दिन इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) ने 999 शुद्धता वाले सोने का मानक भाव 1,55,066 रुपये प्रति 10 ग्राम तय किया है. यह भाव भारतीय रिजर्व बैंक की सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) योजना के लिए भी आधार माना जाता है.

रुपये में कमजोरी का असर

मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 90.73 पर कमजोर हुआ. जब रुपया कमजोर होता है तो आयात महंगा हो जाता है. क्योंकि भारत सोना आयात करता है, इसलिए डॉलर मजबूत होने और रुपये के कमजोर होने से सोने की कीमतें बढ़ सकती हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव भी बाजार को प्रभावित कर रहा है. ऐसे माहौल में निवेशक शेयर बाजार की बजाय सोने में पैसा लगाना सुरक्षित समझते हैं.

आगे क्या रह सकती है स्थिति?

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने के दाम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. अगर देशों के बीच समझौता हो जाता है तो कीमतों में कुछ गिरावट आ सकती है. लेकिन तनाव बढ़ने की स्थिति में सोने की कीमतें और ऊपर जा सकती हैं.

अलग-अलग शुद्धता के हिसाब से सोने का भाव

शहरों में आज का सोने का रेट (प्रति ग्राम)

भारत के बड़े शहरों में सोने के दाम लगभग समान हैं. हल्का अंतर स्थानीय टैक्स और ज्वेलर्स के मार्जिन की वजह से होता है.

शहर 24K 22K 18K
चेन्नई 16,015 रुपये 14,680 रुपये 12,560 रुपये
मुंबई 15,928 रुपये 14,600 रुपये 11,946 रुपये
दिल्ली 15,943 रुपये 14,615 रुपये 11,961 रुपये
कोलकाता 15,928 रुपये 14,600 रुपये 11,946 रुपये
बेंगलुरु 15,928 रुपये 14,600 रुपये 11,946 रुपये
हैदराबाद 15,928 रुपये 14,600 रुपये 11,946 रुपये
पुणे 15,928 रुपये 14,600 रुपये 11,946 रुपये
अहमदाबाद 15,933 रुपये 14,605 रुपये 11,951 रुपये

इस समय सोने की कीमतें बढ़ती दिशा में हैं. वैश्विक तनाव, डॉलर की मजबूती और रुपये की कमजोरी इसका मुख्य कारण हैं. निवेशकों के लिए यह समय सावधानी से निर्णय लेने का है, क्योंकि बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है.

Published: 23 Feb, 2026 | 12:41 PM

Topics: