लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त जारी, हरियाणा में CM सैनी ने DBT से भेजे 1595 करोड़ रुपये

Lado Lakshmi Yojana: हरियाणा सरकार ने महिलाओं, किसानों और जरूरतमंद परिवारों के लिए कई योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये की सहायता सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की. लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त में करीब 10 लाख महिलाओं को 209 करोड़ रुपये से ज्यादा मिले.

नोएडा | Updated On: 10 Aug, 2026 | 04:37 PM

Lado Lakshmi Yojana Haryana: हरियाणा के लाखों लाभार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अलग-अलग सरकारी योजनाओं के तहत 50 लाख से ज्यादा लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,595 करोड़ रुपये की राशि सीधे DBT के जरिए ट्रांसफर की है. इसमें महिलाओं के लिए चलाई जा रही दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त भी शामिल है. सरकार का कहना है कि इस सीधे भुगतान से जरूरतमंद लोगों तक आर्थिक मदद बिना किसी परेशानी के पहुंच रही है.

लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त जारी

मुख्यमंत्री ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त के रूप में करीब 10 लाख महिलाओं के खातों में 209 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की. इसके साथ ही योजना के तहत अब तक 10 किस्तों में लाभार्थियों को करीब 2,042 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं. सरकार ने योजना के लिए पहले ही बजट में 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था. आने वाले समय में इस योजना का दायरा भी बढ़ाया जाएगा. इसके साथ ही सरकार ने वार्षिक आय की सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये करने का फैसला किया है. यानी 1.80 लाख रुपये तक की सालाना आय वाले परिवारों की पात्र महिलाएं योजना के लिए पंजीकरण करा सकेंगी.

34 लाख से ज्यादा लोगों को सामाजिक पेंशन

हरियाणा सरकार ने 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख से ज्यादा लाभार्थियों के खातों में 1,124 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी. इसमें बुजुर्गों के लिए वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग पेंशन और दूसरी सामाजिक सुरक्षा योजनाएं शामिल हैं. सरकार अब पेंशन और दूसरी सुविधाओं के लिए प्रो-एक्टिव मॉडल पर काम कर रही है. इसमें परिवार पहचान पत्र (PPP) के रिकॉर्ड के आधार पर पात्र लोगों की पहचान की जाती है. इससे पात्र लोगों को हर योजना के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होती है.

दयालु योजना में 6,224 परिवारों को मदद

दयालु योजना के तहत भी सरकार ने बड़ी आर्थिक सहायता जारी की है. इस चरण में 6,224 परिवारों को 234 करोड़ रुपये से ज्यादा की मदद दी गई. अब तक इस योजना के तहत 83,536 परिवारों को 3,152 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है. इसका मकसद जरूरत के समय प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहारा देना है.

हर घर-हर गृहिणी योजना में महिलाओं को राहत

हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत जून महीने की सब्सिडी के तौर पर करीब 5 लाख महिलाओं के खातों में 19.17 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए. सरकार के मुताबिक, पात्र महिलाओं को 500 रुपये प्रति माह की दर से LPG सिलेंडर उपलब्ध कराने का प्रावधान है. इससे महिलाओं और परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ने वाले खर्च को कम करने में मदद मिल सकती है.

हरित खाद अपनाने वाले किसानों को 7 करोड़ रुपये

किसानों को भी सरकार ने आर्थिक प्रोत्साहन दिया है. हरित खाद अपनाने वाले 13,237 किसानों के खातों में 7 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि भेजी गई. हरित खाद के इस्तेमाल से मिट्टी में जैविक पदार्थ और नाइट्रोजन बढ़ाने में मदद मिलती है. साथ ही मिट्टी की पानी रोकने की क्षमता भी बेहतर हो सकती है. सरकार का उद्देश्य किसानों को ऐसी खेती के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे रासायनिक खाद पर निर्भरता कम हो और मिट्टी की सेहत बनी रहे. पात्र किसानों को हरित खाद के लिए 1,000 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन दिया जा रहा है. इसके लिए पंजीकरण मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल के जरिए किया जाता है.

Published: 10 Aug, 2026 | 04:37 PM

Topics: