उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, मूंग और गन्ना किसानों के लिए एडवाइजरी जारी, सिंचाई बढ़ाने की सलाह

IMD Weather Alert: IMD के अनुसार 18 मई से उत्तर भारत में गर्मी का असर तेज होने वाला है. राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 23 मई तक हीटवेव और कुछ इलाकों में सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना है.

नोएडा | Updated On: 21 Jun, 2026 | 08:14 PM

IMD Heat Wave Alert: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और लू लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाली है, तो दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 18 मई से उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ेगा और आने वाले दिनों में लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 21 मई तक अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसके बाद 22 और 23 मई को तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन गर्म हवाओं का असर जारी रह सकता है. पंजाब और हरियाणा के किसानों को सलाह दी गई है कि वे सब्जियों, मूंग, गन्ना और चारा फसलों में जरूरत के अनुसार हल्की और नियमित सिंचाई करते रहें.

राजस्थान से दिल्ली तक हीटवेव का खतरा

उत्तर भारत के कई राज्यों में लू का प्रकोप बढ़ने वाला है. मौसम विभाग ने राजस्थान के लिए 18 से 23 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर महसूस किया जा सकता है.

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी 18 से 23 मई तक लू चलने की संभावना जताई गई है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है. स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी लोगों को दोपहर में घर से कम बाहर निकलने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दे रहे हैं.

उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हालात ज्यादा गंभीर हो सकते हैं. राज्य में 19 से 23 मई के बीच अत्यधिक भीषण लू यानी सीवियर हीटवेव चलने की आशंका जताई गई है. तेज गर्मी का असर आम जनजीवन के साथ-साथ खेती और पशुपालन पर भी पड़ सकता है. खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

पहाड़ी राज्यों में बदलेगा मौसम

जहां मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ेगा, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम कुछ राहत देने वाला रह सकता है. जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में 19 और 20 मई को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

वहीं हिमाचल प्रदेश में 19 से 23 मई तक और उत्तराखंड में 20 से 23 मई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर आंधी, बिजली चमकने और हल्की बारिश का अनुमान लगाया गया है. हालांकि, पहाड़ी इलाकों में मौसम में बदलाव से तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है.

किसानों के लिए जरूरी सलाह

बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं. पंजाब और हरियाणा के किसानों को सलाह दी गई है कि वे सब्जियों, मूंग, गन्ना और चारा फसलों में जरूरत के अनुसार हल्की और नियमित सिंचाई करते रहें. वहीं राजस्थान और उत्तर प्रदेश के किसानों को मक्का, उड़द, मूंग और फलों के बागों में पर्याप्त पानी देने की सलाह दी गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि तेज गर्मी में मिट्टी की नमी तेजी से खत्म होती है, जिससे फसलें प्रभावित हो सकती हैं.

इसके अलावा किसानों को खेतों में नमी बनाए रखने के लिए फसलों की जड़ों के आसपास पुआल या पॉलीथीन बिछाने की सलाह दी गई है. इससे पानी जल्दी नहीं सूखेगा और फसलें गर्म हवाओं से सुरक्षित रहेंगी.

Published: 21 Jun, 2026 | 08:56 PM

Topics: