यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में तेज बारिश-तूफान की चेतावनी, पंजाब और राजस्थान में चलेगी भीषण लू

दक्षिण भारत तक कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. दूसरी तरफ कुछ राज्यों में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ाने वाली है. मौसम विभाग के मुताबिक 18 मई को देश के 13 राज्यों में तेज बारिश और तूफानी हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.

Kisan India
नई दिल्ली | Updated On: 18 May, 2026 | 07:08 AM

Today Weather: देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है. मौसम विभाग ने उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. दूसरी तरफ कुछ राज्यों में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ाने वाली है. मौसम विभाग के मुताबिक 18 मई को देश के 13 राज्यों में तेज बारिश और तूफानी हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. खासतौर पर खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और उत्तरपूर्वी बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण की वजह से मौसम तेजी से बदल रहा है.

दिल्ली में गर्मी के बीच बारिश और आंधी का अलर्ट

राजधानी दिल्ली में 18 मई को मौसम अचानक बदल सकता है. दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम के समय बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. तेज हवाओं और बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, बांदा, हमीरपुर, झांसी और बिजनौर समेत कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है. इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. लखनऊ में 18 मई को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बिहार में मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने का खतरा

बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, कटिहार, अररिया, मुंगेर, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी में मौसम खराब रह सकता है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में बिजली गिरने और वज्रपात का खतरा भी बताया है. पटना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है.

झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना

झारखंड के रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर, सरायकेला, गिरिडीह, दुमका, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. रांची में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

पश्चिम बंगाल में भी बदलेगा मौसम

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है. नादिया, दार्जिलिंग, हुगली, मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर 24 परगना, जलपाईगुड़ी, दुर्गापुर और उत्तर दिनाजपुर में मौसम खराब रह सकता है. कोलकाता में 18 मई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

उत्तराखंड और हिमाचल में पहाड़ों पर मौसम बिगड़ने की आशंका

उत्तराखंड में नैनीताल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, ऋषिकेश, अल्मोड़ा और उधमसिंह नगर में तेज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. यहां हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. देहरादून में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

हिमाचल प्रदेश में शिमला, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर, ऊना, किन्नौर और चंबा में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. मनाली में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

पंजाब और राजस्थान में लू से हाल बेहाल

पंजाब में अमृतसर, रूपनगर, गुरदासपुर, पटियाला, मोहाली, कपूरथला, संगरूर, बठिंडा और मुक्तसर में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 25 मई के बाद यहां लोगों को राहत मिल सकती है.

राजस्थान में जैसलमेर, कोटा, सवाई माधोपुर, बीकानेर, बांसवाड़ा, अजमेर, अलवर, भरतपुर, करौली, सीकर और जोधपुर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. जयपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर

मध्य प्रदेश में ग्वालियर, भोपाल, दमोह, रतलाम, सतना, गुना, उज्जैन, छतरपुर, खंडवा, बालाघाट, विदिशा, रीवा और हरदा में तेज गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया गया है. भोपाल में 18 मई को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 18 May, 2026 | 07:04 AM

लेटेस्ट न्यूज़