रबी की टेंशन खत्म! MP में 4.21 लाख मीट्रिक टन यूरिया स्टॉक, 20 अगस्त से मिलेगी खाद

मध्य प्रदेश में रबी सीजन से पहले 20 अगस्त से ‘हर किसान–हर घर, हर खेत खाद’ अभियान शुरू होगा. प्रदेश में यूरिया, डीएपी, एनपीके और एसएसपी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, ताकि किसानों को समय पर उर्वरक मिल सके और बुवाई प्रभावित न हो.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 17 Aug, 2026 | 06:00 AM

Madhya Pradesh Agriculture News: रबी सीजन की बुवाई से पहले मध्य प्रदेश सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए ‘हर किसान–हर घर, हर खेत खाद’ अभियान शुरू करने जा रही है. 20 अगस्त से शुरू होने वाले इस अभियान का उद्देश्य किसानों को यूरिया, डीएपी, एनपीके और एसएसपी जैसे जरूरी उर्वरक पहले से उपलब्ध कराना है, ताकि बुवाई के समय किसी तरह की परेशानी न हो.

रबी सीजन में गेहूं, चना, मसूर, सरसों और अन्य प्रमुख फसलों की अच्छी पैदावार काफी हद तक समय पर उर्वरक मिलने पर निर्भर करती है. पिछले वर्षों में कई जगह खाद की कमी और लंबी कतारों की शिकायतें सामने आई थीं. इसी अनुभव को देखते हुए इस बार सरकार ने वितरण व्यवस्था पहले से मजबूत करने का फैसला किया है. अभियान के तहत स्टॉक की निगरानी, पारदर्शी वितरण और किसानों की जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा.

हर घर, हर खेत खाद अभियान

कृषि विभाग के अनुसार, 20 अगस्त से प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर किसानों को रबी फसलों  के लिए आवश्यक उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा. इसका मकसद बुवाई शुरू होने से पहले ही किसानों के पास पर्याप्त खाद पहुंचाना है. विभाग का मानना है कि समय पर उपलब्ध उर्वरक से खेती की लागत और उत्पादन दोनों पर सकारात्मक असर पड़ेगा.

17 अगस्त से फिर शुरू होगा खाद वितरण

उर्वरक वितरण को व्यवस्थित बनाने के लिए भारत सरकार के आईएफएमएस पोर्टल और प्रदेश के उर्वरक विक्रेताओं के स्टॉक का मिलान किया गया. इस प्रक्रिया के चलते कुछ दिनों के लिए खाद बिक्री अस्थायी रूप से रोकी गई थी. स्टॉक सत्यापन पूरा होने के बाद 17 अगस्त से पूरे प्रदेश में खाद वितरण  दोबारा शुरू किया जाएगा, जिससे किसानों को बिना बाधा उर्वरक मिल सके.

प्रदेश में यूरिया, डीएपी और एनपीके का भरपूर स्टॉक

कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 से अब तक प्रदेश में 17.04 लाख मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध कराया  गया, जिसमें से 12.83 लाख मीट्रिक टन किसानों द्वारा उठाया जा चुका है. वर्तमान में 4.21 लाख मीट्रिक टन यूरिया स्टॉक में मौजूद है, जो पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है. इसी तरह डीएपी और एनपीके का कुल 11.20 लाख मीट्रिक टन स्टॉक उपलब्ध हुआ, जिसमें से 7.09 लाख मीट्रिक टन का वितरण हो चुका है. फिलहाल 4.10 लाख मीट्रिक टन डीएपी और एनपीके किसानों के लिए उपलब्ध है.

SSP भी पर्याप्त, रबी की तैयारी पूरी

रबी सीजन में सल्फर युक्त उर्वरक  की जरूरत को देखते हुए एसएसपी का भी पर्याप्त भंडारण किया गया है. विभाग के अनुसार, 6.78 लाख मीट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध हुआ, जिसमें से 3.61 लाख मीट्रिक टन किसानों को वितरित किया जा चुका है. वर्तमान में 3.17 लाख मीट्रिक टन एसएसपी स्टॉक में मौजूद है. सरकार का कहना है कि इस विशेष अभियान के जरिए किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि रबी सीजन की बुवाई बिना किसी बाधा के पूरी हो सके और उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 17 Aug, 2026 | 06:00 AM

लेटेस्ट न्यूज़