भारत के इस शहर को कहतें हैं ‘ऑरेंज कैपिटल ऑफ इंडिया’, जानें क्यों दुनिया भर में मशहूर हैं यहां के संतरे

Orange City: महाराष्ट्र का एक शहर ‘ऑरेंज कैपिटल ऑफ इंडिया’ यानी संतरा नगरी के नाम से जाना जाता है. यहां के संतरे अपनी मिठास, रस और बेहतरीन क्वालिटी के लिए देश-विदेश में मशहूर हैं. खास मिट्टी और अनुकूल मौसम की वजह से यहां बड़े पैमाने पर संतरे की खेती होती है और इन्हें GI टैग भी मिला हुआ है, जो उनकी पहचान को खास बनाता है.

नोएडा | Updated On: 25 Feb, 2026 | 07:49 PM

Orange Capital Of India: भारत के ज्यादातर शहर अपनी ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति या खास व्यंजनों के लिए प्रसिद्ध हैं. लेकिन एक ऐसा शहर भी है जिसकी पहचान एक खास फल से जुड़ी हुई है. यह फल है संतरा और जिस शहर को इसके लिए जाना जाता है, वह है महाराष्ट्र का नागपुर. नागपुर को आधिकारिक तौर पर ‘ऑरेंज कैपिटल ऑफ इंडिया’ या ‘संतरा नगरी’ कहा जाता है.

क्यों खास है नागपुर?

नागपुर की जलवायु और मिट्टी संतरे की खेती के लिए बेहद अनुकूल मानी जाती है. यहां उगाए जाने वाले संतरे अपनी क्वालिटी, रस और नेचुरल मिठास के कारण देश से लेकर विदेश तक मशहूर हैं. यही वजह है कि नागपुर के संतरे न केवल भारत के अलग-अलग राज्यों में भेजे जाते हैं, बल्कि बड़े पैमाने पर विदेशों में भी निर्यात किए जाते हैं. नागपुर के संतरे चमकीले रंग, रसीले गूदे और लंबी शेल्फ लाइफ के लिए जाने जाते हैं.

इनकी खास क्वालियी को मान्यता देते हुए इन्हें जियोग्राफिकल इंडिकेशन (GI) टैग भी मिला है. इसका अर्थ है कि ‘नागपुर संतरा’ नाम से वही फल बेचा जा सकता है, जो इस क्षेत्र में उगाया गया हो.

संतरे के व्यापार का बड़ा केंद्र

नागपुर केवल उत्पादन ही नहीं, बल्कि संतरे के व्यापार और वितरण का भी प्रमुख केंद्र है. यहां के बड़े बाजार, आधुनिक कोल्ड स्टोरेज सुविधाएं और विकसित परिवहन नेटवर्क पूरे देश में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं. देश के लगभग हर बड़े शहर में नागपुर से संतरे भेजे जाते हैं.

APEDA (कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण) की रिपोर्ट के अनुसार साल 2024-25 में महाराष्ट्र (नागपुर क्षेत्र सहित) में मीठे संतरे का उत्पादन बढ़कर करीब 990.34 हजार टन होने का अनुमान है. यह पिछले साल के 973.33 हजार टन से ज्यादा है, यानी इस बार संतरे की पैदावार बढ़ी है. वहीं, एपीडा और आईसीएआर-सीसीआरआई मिलकर विदर्भ क्षेत्र के संतरे को विदेशों तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं. इसी कोशिश के तहत नागपुर से दुबई के लिए संतरे की पहली खेप भी भेजी गई, जिससे किसानों को बेहतर बाजार मिलने की उम्मीद है.

रोज एक संतरा खाने के फायदे

संतरा न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद लाभकारी है. यह विटामिन-C का बेहतरीन सोर्स माना जाता है. रोजाना एक संतरा खाने से शरीर की इम्युनिटी मजबूत होती है, जिससे सर्दी-खांसी और वायरल से बचाव में मदद मिलती है. इसके अलावा संतरे में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर में फ्री-रेडिकल्स से लड़ते हैं. ये फ्री-रेडिकल्स समय से पहले बुढ़ापा (एजिंग) आने का एक प्रमुख कारण होते हैं. संतरे का नियमित सेवन त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने में मदद करता है.

नागपुर की पहचान केवल एक शहर के रूप में नहीं, बल्कि संतरे की राजधानी के रूप में है. यहां के संतरे गुणवत्ता और स्वाद के मामले में खास स्थान रखते हैं. यही कारण है कि नागपुर और संतरा, दोनों ही भारत की कृषि और सेहत के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं.

Published: 25 Feb, 2026 | 09:33 PM

Topics: