राकेश टिकैत को पुलिस ने हिरासत में लिया, ‘किसान इंडिया’ से बोले दमनकारी नीति बर्दाश्त नहीं करेंगे
Rakesh Tikait News: किसान नेता राकेश टिकैत को ओडिशा पुलिस ने हिरासत में लिया है. किसान इंडिया से बात करते हुए किसान नेता राकेश टिकैत ने बताया कि उनकी प्रस्तावित रैली से उन्हें हिरासत में लिया गया और अन्य किसानों को भी पुलिस ने बिना कोई जानकारी दिए उठा लिया.
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता किसान नेता राकेश टिकैत ने किसान इंडिया से फोन पर बातचीत में कहा कि उन्हें ओडिशा पुलिस ने हिरासत में लिया है. लेकिन, बाद में किसानों के साथ बातचीत के बाद उन्हें गेस्ट हाउस में छोड़ दिया गया है. उन्होंने बताया कि उनकी भुवनेश्वर में पहले से प्रस्तावित रैली थी, जिसको लेकर वह पहुंचे थे, लेकिन रैली के बीच से स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. इसके अलावा कई अन्य किसान नेताओं को भी हिरासत में लिया. राकेश टिकैत ने पुलिस की कार्रवाई को दमनकारी बताते हुए निंदा की और किसानों का अपमान बताया है. राकेश टिकैत ने बताया कि देर रात पुलिस ने सभी किसान नेताओं को रिहा कर दिया है.
पहले से प्रस्तावित रैली से पुलिस ने टिकैत समेत कई किसानों को उठाया
किसान नेता राकेश टिकैत ने बताया कि उड़ीसा राज्य के किसान 22 मार्च 2026 से अपनी सभी मांगों को लेकर पैदल मार्च कर राजधानी भुवनेश्वर पहुंच रहे थे, जहां पर एक सभा होनी तय हुई थी. हम भी उसमें शामिल होने के लिए भुवनेश्वर पहुंचे थे. लेकिन, वहां की राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस ने दमनकारी नीति अपनाते हुए हम सभी को गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरफ्तारी देश के किसान की आवाज को नहीं दबा सकती है.
कई थानों में शिकायती पत्र दिए गए, देर रात पुलिस ने गेस्ट हाउस में छोड़ा
राकेश टिकैत ने बताया कि ओडिशा पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई स्थानीय पुलिस थानों में शिकायत दर्ज कराई गई है. उन्होंने कहा कि किसानों की नाराजगी और गुस्से को देखने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत से रिहा करके गेस्ट हाउस में छोड़ दिया है. उन्होंने बताया कि देर रात तक पुलिस के साथ बातचीत जारी रही, जिसके बाद अन्य 15 बड़े किसान नेताओं को भी पुलिस ने छोड़ दिया.
- Agriculture Budget: कृषि योजनाओं के लिए नहीं बढ़ा बजट, खेती पर खर्च होंगे 1.62 लाख करोड़ रुपये.. पढ़ें डिटेल्स
- Budget 2026: ‘विकसित भारत’ का दावा या जनता को धोखा? बजट पेश होते ही ममता से अखिलेश तक भड़के विपक्षी नेता!
- बजट में रिफॉर्म्स पर फोकस.. ग्रामीण विकास समेत इन सेक्टर्स को बूस्ट देने की घोषणाएं, पढ़ें- कृषि मंत्री ने क्या कहा
भाकियू नेतृत्व के निर्देश पर आगे का फैसला लेंगे किसान
राकेश टिकैत ने बताया कि फिलहाल वह भुवनेश्वर में गेस्ट हाउस में ही रुके हैं और कल यानी 31 मार्च को वापिस उत्तर प्रदेश लौटेंगे. लेकिन, इसके पहले किसानों के साथ पुलिस की कार्रवाई को लेकर बैठक होगी, जिसमें जो फैसला होगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई भारतीय किसान यूनियन के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर की जाएगी.
पुलिस की दमनकारी कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेंगे किसान
किसान नेता ने कहा कि इस तरह से बिना बताए पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसकी वह निंदा करते हैं और उन्हें तीखे लहजे में कहा कि पुलिस की इस दमनकारी कार्रवाई और शासन की किसान विरोधी नीति को किसान बर्दाश्त नहीं करेंगे.