Fasal Bima: खेत में फसल बदली तो 16 अगस्त से पहले रिकॉर्ड सही कराएं, वरना अटक सकता है क्लेम
PMFBY Crop Change: खरीफ 2026 में फसल बदलने वाले किसानों को 16 अगस्त 2026 तक बैंक और बीमा रिकॉर्ड में नई फसल की जानकारी अपडेट करानी होगी. रिकॉर्ड में पुरानी फसल दर्ज रहने पर प्राकृतिक आपदा के समय बीमा क्लेम में परेशानी आ सकती है.
PM Fasal Bima Yojana: खरीफ सीजन 2026 में खेती करने वाले किसानों के लिए फसल बीमा से जुड़ी एक जरूरी खबर सामने आई है. अगर किसान ने इस बार अपने खेत में पहले से अलग फसल बोई है, लेकिन बैंक या बीमा रिकॉर्ड में अभी भी पुरानी फसल दर्ज है, तो प्राकृतिक आपदा की स्थिति में बीमा क्लेम लेने में परेशानी हो सकती है. ऐसे किसानों को 16 अगस्त 2026 तक अपने फसल रिकॉर्ड को अपडेट कराने की सलाह दी गई है. मसलन, अगर पिछले साल किसी खेत में बाजरा बोया गया था और इस बार किसान ने उसी खेत में ग्वार, मूंग या तिल की खेती की है, तो नई फसल की जानकारी सरकारी रिकॉर्ड और बैंक में दर्ज कराना जरूरी है.
फसल बदलने पर रिकॉर्ड अपडेट कराना क्यों जरूरी?
कई किसानों को लगता है कि एक बार फसल बीमा हो जाने के बाद हर साल फसल की जानकारी अपने आप बदल जाती है. लेकिन ऐसा नहीं है. बीमा से जुड़े रिकॉर्ड में खेत में बोई गई फसल की सही जानकारी होना जरूरी है. अगर किसी इलाके में बाढ़, भारी बारिश, सूखा या दूसरी प्राकृतिक आपदा के कारण फसल खराब हो जाती है, तो नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वे किया जाता है. ऐसे में अगर खेत में ग्वार की फसल मिली, लेकिन कागजों में बाजरा दर्ज है, तो रिकॉर्ड और जमीन पर मौजूद फसल में अंतर दिखाई देगा. ऐसी स्थिति में किसान के बीमा दावे पर सवाल उठ सकता है और क्लेम अटकने या खारिज होने की नौबत आ सकती है.
गिरदावरी की जानकारी भी रखें सही
फसल बदलने वाले किसानों के लिए नई गिरदावरी कराना भी अहम है. गिरदावरी में खेत में बोई गई फसल का सरकारी रिकॉर्ड दर्ज होता है. इसलिए किसान को बुवाई के बाद यह जरूर जांच लेना चाहिए कि, गिरदावरी में इस सीजन की सही फसल दर्ज है या नहीं. इसके बाद संबंधित बैंक शाखा में फसल बदलने की जानकारी देकर रिकॉर्ड अपडेट कराया जा सकता है.
सिर्फ फसल नहीं, दस्तावेज भी जांचें
बीमा क्लेम में परेशानी केवल फसल रिकॉर्ड की वजह से नहीं होती. किसान के दूसरे दस्तावेजों में छोटी सी गलती भी भुगतान की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है. किसान को आधार, जनाधार और बैंक खाते में दर्ज नाम की स्पेलिंग जरूर मिलानी चाहिए. पिता या पति के नाम, जन्मतिथि और पते जैसी जानकारियों में भी अंतर नहीं होना चाहिए. अगर इन रिकॉर्ड में जानकारी अलग-अलग है, तो फसल बीमा की रकम सीधे बैंक खाते में भेजने वाली DBT प्रक्रिया अटक सकती है.
16 अगस्त से पहले ये 5 काम जरूर करें
- नई गिरदावरी कराएं: खेत में बोई गई नई फसल का रिकॉर्ड सही तरीके से दर्ज करवाएं.
- बैंक में लिखित सूचना दें: फसल बदलने पर बैंक शाखा में आवेदन देकर रिकॉर्ड अपडेट कराएं.
- दस्तावेजों का मिलान करें: आधार, जनाधार और बैंक खाते में नाम, पता और दूसरी जानकारी जांचें.
- बीमा आवेदन जांचें: बीमा रिकॉर्ड में दर्ज फसल का नाम गिरदावरी के रिकॉर्ड से मिलाएं.
- रसीद संभालकर रखें: बैंक से मिली रसीद और प्रीमियम कटने से जुड़ा SMS सुरक्षित रखें.
समय पर रिकॉर्ड ठीक कराना जरूरी
फसल बीमा का मकसद प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान में किसानों को आर्थिक सुरक्षा देना है. लेकिन इसका फायदा तभी आसानी से मिल सकता है, जब किसान के खेत, फसल और बैंक रिकॉर्ड में सही जानकारी दर्ज हो. इसलिए जिन किसानों ने खरीफ 2026 में फसल बदली है, उन्हें आखिरी समय का इंतजार नहीं करना चाहिए. 16 अगस्त से पहले रिकॉर्ड की जांच कराकर जरूरी सुधार करा लेना बेहतर रहेगा. इससे भविष्य में फसल खराब होने की स्थिति में बीमा क्लेम से जुड़ी अनावश्यक परेशानी से बचने में मदद मिल सकती है.