खेती में नया आइडिया है तो देर न करें, पूसा कृषि दे रहा फंडिंग और मेंटरशिप का मौका… ऐसे करें आवेदन
इस पहल की खास बात यह है कि इसमें छात्रों को भी मौका दिया गया है. अगर कोई छात्र नया कुछ करना चाहता है, तो वह इस प्रोग्राम के जरिए अपने आइडिया पर काम कर सकता है. उन्हें 4 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद मिल सकती है, साथ ही उन्हें सीखने और अनुभव हासिल करने का मौका भी मिलेगा.
Agri startup India: आज के समय में खेती सिर्फ खेत और फसल तक सीमित नहीं रह गई है. अब इसमें नई तकनीक, स्टार्टअप्स और इनोवेशन का तेजी से इस्तेमाल हो रहा है. ऐसे में अगर आपके पास खेती से जुड़ा कोई नया आइडिया है, जो किसानों की आय बढ़ा सकता है या खेती को आसान बना सकता है, तो आपके लिए एक बड़ा मौका सामने आया है.
दिल्ली स्थित ICAR ने ऐसे युवाओं और उद्यमियों के लिए दो खास प्रोग्राम शुरू किए हैं-UPJA और ARISE. इन दोनों योजनाओं के जरिए खेती से जुड़े नए विचारों को आगे बढ़ाने और उन्हें एक सफल स्टार्टअप में बदलने में मदद दी जाएगी. यह पहल कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की RKVY-RAFTAAR योजना के तहत शुरू की गई है.
नए आइडिया को मिलेगा मजबूत आधार
कई बार लोगों के पास अच्छे आइडिया होते हैं, लेकिन उन्हें सही दिशा, पैसा और मार्गदर्शन नहीं मिल पाता. यही समस्या इन प्रोग्राम्स के जरिए दूर करने की कोशिश की गई है. यहां न सिर्फ फंडिंग मिलेगी, बल्कि अनुभवी मेंटर्स का मार्गदर्शन और उद्योग से जुड़ने का मौका भी मिलेगा.
UPJA प्रोग्राम: जो आगे बढ़ चुके हैं उनके लिए
अगर आपका आइडिया शुरुआती चरण से आगे निकल चुका है और आप उसे बाजार में उतारना चाहते हैं, तो UPJA प्रोग्राम आपके लिए है. इस योजना में आपके प्रोडक्ट या तकनीक की जांच की जाएगी, ताकि यह देखा जा सके कि वह बाजार के लिए तैयार है या नहीं.
इसके साथ ही आपको बाजार में प्रवेश करने की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी. आप अपने प्रोडक्ट को छोटे स्तर पर टेस्ट कर सकते हैं और इंडस्ट्री से जुड़कर अपने नेटवर्क को मजबूत बना सकते हैं. इस प्रोग्राम के तहत आपको अधिकतम 25 लाख रुपये तक की फंडिंग मिल सकती है, जो किसी भी स्टार्टअप के लिए बड़ी मदद होती है.
ARISE प्रोग्राम: नए सपनों को मिलेगी उड़ान
अगर आप अभी सिर्फ आइडिया के स्तर पर हैं, तो ARISE प्रोग्राम आपके लिए बेहतर विकल्प है. यहां आपको अपने आइडिया को समझने, उसे विकसित करने और उसे एक मजबूत बिजनेस मॉडल में बदलने में मदद मिलेगी. इसमें आपको विशेषज्ञों से सलाह मिलेगी, मेंटरशिप मिलेगी और इंडस्ट्री का अनुभव भी मिलेगा. इस योजना के तहत आपको 5 लाख रुपये तक की फंडिंग दी जाती है, जिससे आप अपने आइडिया को शुरूआती स्तर पर आगे बढ़ा सकते हैं.
छात्रों के लिए भी बड़ा मौका
इस पहल की खास बात यह है कि इसमें छात्रों को भी मौका दिया गया है. अगर कोई छात्र नया कुछ करना चाहता है, तो वह इस प्रोग्राम के जरिए अपने आइडिया पर काम कर सकता है. उन्हें 4 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद मिल सकती है, साथ ही उन्हें सीखने और अनुभव हासिल करने का मौका भी मिलेगा. इससे पढ़ाई के साथ-साथ स्टार्टअप शुरू करने का रास्ता भी खुलता है.
क्यों जरूरी है ऐसी पहल
भारत में लाखों किसान आज भी पारंपरिक तरीकों से खेती कर रहे हैं. अगर नई तकनीक और नए विचार इन तक पहुंचें, तो उनकी आय बढ़ सकती है और खेती ज्यादा लाभकारी बन सकती है. ऐसे में UPJA और ARISE जैसे प्रोग्राम बहुत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि ये सीधे उन लोगों को आगे लाते हैं, जो खेती में बदलाव लाना चाहते हैं.
कैसे करें आवेदन
इन योजनाओं के लिए आवेदन 17 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुके हैं और 17 मई 2026 तक किए जा सकते हैं. आवेदन करने वाले व्यक्ति का भारतीय नागरिक होना जरूरी है और उसके पास कोई नया और उपयोगी आइडिया होना चाहिए.अधिक जानकारी के लिए इन नंबरों पर भी संपर्क कर सकते हैं- 9873561100, 8700183709.