प्याज किसानों को राहत पैकेज की घोषणा 10 दिनों में होगी, केंद्र और राज्य के बीच मंथन 

onion farmers demands: एनसीपी लीडर दिलीप वलसे पाटिल ने आंदोलन कर रहे किसानों से आग्रह किया कि वे मौजूदा कीमतों के संकट को हल करने के बातचीत का रास्ता चुनें. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य सरकार को आश्वासन दिया है कि प्याज और गन्ने से जुड़े मामलों पर अगले 10 दिनों के भीतर फैसला लिया जाएगा.

नोएडा | Published: 2 Jun, 2026 | 06:43 PM

प्याज किसानों को लगातार गिरती कीमतों से हो रहे नुकसान से बचाने के लिए केंद्र सरकार 10 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि का राहत पैकेज को मंजूरी देने जा रही है. NCP के वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्याज किसानों की मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद अगले 10 दिनों में केंद्र प्याज कीमतों और किसानों को राहत पैकेज देने पर फैसला ले लेगा.

प्याज कीमतों को लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं. इस सप्ताह नाशिक में बड़े स्तर पर किसानों और विपक्ष ने एकजुट होकर सड़क जाम करते हुए तेज आंदोलन किया था, जिसके बाद राज्य सरकार की ओर से प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर समस्याओं को हल कराने का भरोसा दिया गया था. NCP के वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने मंगलवार को कहा कि केंद्र और महाराष्ट्र सरकार दोनों ही प्याज किसानों की समस्याओं पर सकारात्मक रूप से विचार कर रहे हैं.

प्याज और गन्ने पर 10 दिनों में फैसला लेगा केंद्र

दिलीप वलसे पाटिल ने आंदोलन कर रहे किसानों से आग्रह किया कि वे मौजूदा कीमतों के संकट को हल करने के लिए चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बजाय बातचीत का रास्ता चुनें. वलसे पाटिल ने बताया कि राज्य के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. शाह ने राज्य सरकार को आश्वासन दिया है कि प्याज और गन्ने के क्षेत्र से जुड़े मामलों पर अगले 10 दिनों के भीतर कोई फैसला ले लिया जाएगा.

बातचीत में शामिल हों आंदोलनकारी

उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी उनसे मिलने के लिए स्वतंत्र हैं और वे बिना किसी पूर्वाग्रह के उनकी शिकायतें सुनने के लिए खुद भी विरोध स्थल पर जाने को तैयार हैं. NCP नेता ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों को ही प्याज किसानों की चिंताओं को दूर करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने चाहिए. साथ ही उन्होंने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि वे रचनात्मक बातचीत में शामिल हों.

10 हजार करोड़ के राहत पैकेज की मांग कर रहे किसान

महाराष्ट्र के प्याज किसानों ने केंद्र सरकार से 10,000 करोड़ रुपये के एक विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने का आग्रह किया है. किसानों का दावा है कि बार-बार लगाए गए निर्यात प्रतिबंधों, प्राकृतिक आपदाओं और कीमतों में भारी गिरावट के कारण वे गंभीर आर्थिक संकट में फंस गए हैं.

केंद्र सकारात्मक फैसला लेगा

पूर्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में नई दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्याज संकट की गंभीरता को शाह के सामने रखा, जिसके बाद शाह ने महाराष्ट्र सरकार को आश्वासन दिया कि अगले 10 दिनों के भीतर इस मामले पर कोई सकारात्मक फैसला ले लिया जाएगा.

Topics: