शिवराज सिंह चौहान करेंगे राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन का उद्घाटन, ग्रामीण उत्पादों को मिलेगा बड़ा मंच
नई दिल्ली में ग्रामीण विकास पर बड़ा राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा जिसमें देशभर के प्रतिनिधि शामिल होंगे. सम्मेलन का उद्देश्य ग्रामीण योजनाओं को मजबूत करना और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाना है. SARAS गैलरी और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
ग्रामीण विकास को नई दिशा देने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर चर्चा के लिए 28 और 29 जून को नई दिल्ली स्थित आईसीएआर-एनएएससी कॉम्प्लेक्स, पूसा में राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन-2026 का आयोजन किया जाएगा. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे. सम्मेलन में देशभर के ग्रामीण विकास मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और नीति विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम का मुख्य फोकस ग्रामीण विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाना और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना रहेगा.
SARAS आजीविका गैलरी बनेगी मुख्य आकर्षण
सम्मेलन में SARAS आजीविका गैलरी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी, जहां देश के विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे. ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है. SARAS, SARAS आजीविका और आजीविका जैसे ब्रांडों के माध्यम से महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को देशभर के बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है. इससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार के नए अवसर और अपनी कला को व्यापक मंच मिलने में मदद मिल रही है.
हस्तशिल्प और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से बढ़ रहा बाजार
सम्मेलन में देश के अलग-अलग राज्यों की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प की झलक देखने को मिलेगी. इसमें मध्य प्रदेश की चंदेरी साड़ियां, पंजाब की फुलकारी, जम्मू-कश्मीर की पश्मीना, गुजरात की पटोला और अजरख, आंध्र प्रदेश की कलमकारी, तेलंगाना की इकट और तेलिया वस्त्र, मिजोरम की पाउंचेई, केरल के हथकरघा उत्पाद और राजस्थान के संगमरमर हस्तशिल्प जैसे कई प्रसिद्ध उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे. इसके साथ ही दिल्ली के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर बनी स्थायी SARAS आजीविका गैलरी और eSARAS ई-कॉमर्स पोर्टल ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों की देशभर में ऑनलाइन बिक्री का बड़ा अवसर प्रदान कर रहे हैं, जिससे उनकी आमदनी और पहचान दोनों बढ़ रही हैं.
लखपति दीदी और SARAS शक्ति कलेक्शन पर फोकस
गैलरी में ‘लखपति दीदी’ अपनी सफलता की प्रेरणादायक कहानियां साझा करेंगी, जिन्होंने स्वयं सहायता समूहों (SHG) के माध्यम से अपना छोटा व्यवसाय शुरू कर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की है. ये महिलाएं बताएंगी कि कैसे उन्होंने मेहनत और प्रशिक्षण के बल पर अपनी पहचान बनाई. साथ ही सम्मेलन में SARAS शक्ति कलेक्शन भी लॉन्च किया जाएगा, जिसमें प्रीमियम हस्तशिल्प और आकर्षक गिफ्ट आइटम शामिल होंगे.
इसका उद्देश्य सरकारी संस्थानों और कॉरपोरेट सेक्टर तक ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को व्यापक रूप से पहुंचाना है. सरकार का लक्ष्य 2029 तक 6 करोड़ ‘लखपति दीदी’ तैयार करना है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर समाज में नई भूमिका निभाएंगी.