खेती में एआई और किसान की कमाई पर केंद्र की नई रणनीति, कृषि मंत्री बोले- अन्नदाताओं को 4.9 लाख करोड़ भेजे
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि और किसान के विकास के लिए केंद्र सरकार नई रणनीति और तकनीकी पर फोकस कर रहा है. इसके लिए कई कदम उठाए गए हैं. किसानों को योजनाओं के जरिए वित्तीय मदद दी जा रही है. उन्होंने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है.
कृषि और किसान के विकास के लिए केंद्र सरकार नई रणनीति के तहत तकनीक पर जोर दे रही है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेती में एआई का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए भारत विस्तार एआई मंच को लॉन्च किया गया है. इसकी मदद से किसान घर बैठे एक फोन कॉल के जरिए अपने इलाके का मौसम, खेत की मिट्टी का हाल और फसलों की बुवाई का चयन करने में आसानी हासिल कर सकेंगे. इसके साथ ही अन्य सरकारी योजना का लाभ भी किसानों को मिलेगा. वहीं, उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के जरिए किसानों को अब तक 4.9 लाख करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं, जिससे किसानों ने राशि को खेती में इस्तेमाल करके विकास की ओर कदम बढ़ाए हैं.
एक जमाना था जब निम्न क्वालिटी का लाल गेहूं पर निर्भर थे
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 सालों में कृषि के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है. हम जानते हैं एक जमाना था जब भारत अपनी गेहूं की आवश्यकता के लिए PL480 जैसा लाल गेहूं जनता को खिलाता था. आज मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि किसानों की मेहनत और सरकार की नीतियों ने देश के अन्न के भंडार भर दिए हैं.
चावल में दुनिया में नंबर वन बने, दालों की पैदावार 42 फीसदी बढ़ी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चावल के उत्पादन में 150 मिलियन टन के साथ भारत चीन को पीछे छोड़कर दुनिया में नंबर 1 पर आ गया है. संपूर्ण खाद्यान्न 2014 तक 252 मिलियन टन उत्पादन था वो बढ़ कर 357 मिलियन टन हो गया है. जबकि, सोयाबीन, मूंगफली के उत्पादन में तेज बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि दालों के उत्पादन में बीते एक दशक के दौरान 42 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है.
- Agriculture Budget: कृषि योजनाओं के लिए नहीं बढ़ा बजट, खेती पर खर्च होंगे 1.62 लाख करोड़ रुपये.. पढ़ें डिटेल्स
- Budget 2026: ‘विकसित भारत’ का दावा या जनता को धोखा? बजट पेश होते ही ममता से अखिलेश तक भड़के विपक्षी नेता!
- बजट में रिफॉर्म्स पर फोकस.. ग्रामीण विकास समेत इन सेक्टर्स को बूस्ट देने की घोषणाएं, पढ़ें- कृषि मंत्री ने क्या कहा
भारत विस्तार एआई से किसानों की मुश्किलें घर बैठे हल होंगी
केंद्रीय कृषि मंत्री ने खेती में एआई के इस्तेमाल और इससे होने वाले फायदों के बारे में बात की. उन्होंने कहा कि किसानों को संपूर्ण जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए AI आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म का पहला चरण लॉन्च किया गया है, जिससे किसान एक फोन कॉल पर अपनी भाषा में कृषि संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. साथ ही सरकार ने किसानों को सशक्त बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं. उन्होंने कहा कि किसान कल्याण के लिए हमने AI आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म “भारत विस्तार” को विकसित किया है. इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसानों को एक फोन कॉल पर ही उनकी अपनी भाषा में खेती से जुड़ी सारी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए 4.9 लाख करोड़ रुपये किसानों के दिए गए
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि लघु और सीमांत किसानों के लिए बड़ा संबल बनी है. उन्होंने कहा कि इस योजना में अब तक किसानों के खातों में 4 लाख 9 हजार करोड़ से अधिक की राशि 21 किश्तों में डाली जा चुकी है. कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली 22वीं किस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च को गुवाहाटी से जारी करेंगे. 22वीं किस्त के रूप में लगभग 9 करोड़ 32 लाख किसानों के खातों में DBT के माध्यम से 18,640 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे.