बैंगन बोने से पहले जान लें भाव! तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय ने जारी किया 37-38 रुपये किलो का प्राइस अनुमान

तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय (TNAU) ने अनुमान जताया है कि आगामी फसल सीजन में अच्छी गुणवत्ता वाले बैंगन का खेत स्तर पर भाव 37-38 रुपये प्रति किलो मिल सकता है. यह आकलन 15 वर्षों के बाजार आंकड़ों और सर्वे पर आधारित है. विश्वविद्यालय ने किसानों को इसी अनुमान के अनुसार बैंगन की बुवाई की योजना बनाने की सलाह दी है.

नोएडा | Published: 7 Aug, 2026 | 07:45 AM

Brinjal Farming: तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय (TNAU) ने बैंगन की खेती करने वाले किसानों के लिए कीमतों का अनुमान जारी किया है. विश्वविद्यालय के अनुसार, आगामी फसल सीजन में अच्छी गुणवत्ता वाले बैंगन का खेत स्तर (फार्म गेट) पर भाव 37 से 38 रुपये प्रति किलो रह सकता है. ऐसे में किसानों को इसी अनुमान को ध्यान में रखकर बुवाई की योजना बनाने की सलाह दी गई है.

बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मूल्य अनुमान विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर एग्रीकल्चरल एंड रूरल डेवलपमेंट स्टडीज (CARDS) के तहत काम करने वाली डोमेस्टिक एंड एक्सपोर्ट मार्केट इंटेलिजेंस सेल (DEMIC) ने जारी किया है. इसके लिए डिंडीगुल और कोयंबटूर मंडियों में पिछले 15 वर्षों के बैंगन के दामों का विश्लेषण किया गया. साथ ही बाजार सर्वे के आधार पर भी इस अनुमान को तैयार किया गया है.

भारत दुनिया के प्रमुख बैंगन उत्पादक देशों में शामिल रहा

तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय (TNAU) के अनुसार, वर्ष 2024-25 में भारत दुनिया के प्रमुख बैंगन उत्पादक  देशों में शामिल रहा. कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतिम अनुमान के मुताबिक, देश में 6.89 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बैंगन की खेती की गई. इससे करीब 131.31 लाख टन बैंगन का उत्पादन हुआ. औसत उत्पादकता 19.06 टन प्रति हेक्टेयर रही.

0.20 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बैंगन की खेती हुई

वहीं, तमिलनाडु में 2024-25 के दौरान करीब 0.20 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बैंगन की खेती हुई, जिससे 2.68 लाख टन उत्पादन का अनुमान है. राज्य में धर्मपुरी, सलेम, तिरुवन्नामलाई और कृष्णागिरि बैंगन उत्पादन के प्रमुख जिले हैं. तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय (TNAU) के मुताबिक, राज्य में होसुर, डिंडीगुल, सलेम और कोयंबटूर बैंगन की प्रमुख थोक मंडियां हैं, जहां सबसे अधिक आवक होती है. राज्य में स्थानीय उत्पादन के अलावा कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से भी बैंगन की आपूर्ति होती है, ताकि घरेलू मांग पूरी की जा सके. वहीं, तमिलनाडु में पैदा होने वाला बैंगन केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बाजारों में भी भेजा जाता है.

खेत स्तर पर भाव 37 से 38 रुपये प्रति किलो रह सकता है

विश्वविद्यालय की डोमेस्टिक एंड एक्सपोर्ट मार्केट इंटेलिजेंस सेल (DEMIC) ने पिछले कई वर्षों के दामों और मौजूदा बाजार स्थिति का विश्लेषण करने के बाद अनुमान लगाया है कि आगामी फसल सीजन में अच्छी गुणवत्ता वाले बैंगन का खेत स्तर पर भाव 37 से 38 रुपये प्रति किलो रह सकता है. इसी को देखते हुए विश्वविद्यालय ने किसानों को सलाह दी है कि वे नई फसल की बुवाई की योजना बनाते समय इस संभावित कीमत को ध्यान में रखें.

कोलकाता में बैंगन 100 से 120 रुपये प्रति किलो

बैंगन ऐसी सब्जी है जिसकी बाजार में पूरे साल मांग बनी रहती है. यही वजह है कि इसकी खेती और बिक्री लगभग हर मौसम में होती है. हालांकि, बारिश के मौसम में सप्लाई प्रभावित होने से इसकी कीमतें अक्सर बढ़ जाती हैं. फिलहाल, कोलकाता में बैंगन  100 से 120 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि दिल्ली में इसकी खुदरा कीमत करीब 40 रुपये प्रति किलो है. अलग-अलग शहरों में कीमतों का अंतर स्थानीय आवक और मांग पर निर्भर करता है.

Topics: